सोनभद्र। रॉबर्ट्सगंज पशु चिकित्सा अधिकारी कार्यालय के सामने बृहस्पतिवार को नियमित मासिक मानदेय, बकाया भुगतान की मांग को लेकर एलएमआई संघ से जुड़े पैरावेट/पशुमित्रों ने विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान उन्होंने मुख्य पशु चिकित्साधिकारी को ज्ञापन सौंपकर मांगों के शीघ्र समाधान की मांग की और चेतावनी दी कि मांगें पूरी होने तक एफएमडी-सीपी टीकाकरण समेत विभाग के अन्य कार्यों का बहिष्कार किया जाएगा। जिलाध्यक्ष सुरेंद्र कुमार के नेतृत्व में दिए गए ज्ञापन में कहा गया कि पैरावेट/पशुमित्र कई वर्षों से पशु चिकित्सा अधिकारियों के निर्देशन में पशुओं के प्राथमिक उपचार, टीकाकरण, कृत्रिम गर्भाधान, पशु गणना तथा गौ आश्रय स्थलों में सेवाएं दे रहे हैं। इसके बावजूद उन्हें नियमित मानदेय, बकाया भुगतान, सामाजिक सुरक्षा और स्थायी रोजगार जैसी मूलभूत सुविधाएं नहीं मिल रही हैं। ज्ञापन में छह प्रमुख मांगें रखी गई हैं। इनमें नियमित मासिक मानदेय लागू करना, 21वीं पशुगणना, सातवें राउंड एफएमडी-सीपी टीकाकरण व कृत्रिम गर्भाधान की प्रोत्साहन राशि का भुगतान, दुर्घटना बीमा योजना से जोड़ना, मल्टी टास्किंग वर्कर भर्ती में पैरावेटों को प्राथमिकता देना, खराब क्रायोटेन बदलना तथा पैरावेट/पशुमित्रों को सम्मानजनक कार्य वातावरण उपलब्ध कराना शामिल है। पैरावेटों ने कहा कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र ठोस निर्णय न लिया गया तो वे शांतिपूर्ण एवं लोकतांत्रिक तरीके से विभागीय कार्यों का बहिष्कार जारी रखेंगे। प्रदर्शन में रत्नेश कुमार, दीपक कुमार, मंजीत कुमार, राजेश प्रताप सिंह, अमर प्रताप सिंह, अमित कुमार, लवकुश कुमार, ओमप्रकाश आदि मौजूद रहे।