बीजपुर। नागपंचमी के उपलक्ष्य में युवक मंगल दल के तत्वावधान में खेल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसमें ऊंची कूद, लंबी कूद, कबड्डी और कुश्ती प्रतियोगिताओं में खिलाड़ियों ने भाग लेकर प्रतिभा का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम का शुभारंभ सपा नेता निरेंद्र सिंह गोंड ने फीता काटकर किया। उन्होंने पूजा के बाद खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया। प्रतियोगिता में पिंडारी सहित क्षेत्र के विभिन्न गांवों की टीमों ने हिस्सा लिया। कबड्डी के फाइनल मुकाबले में पिपरहर की टीम ने बाजनडीह और जरहां की टीमों को हराकर विजेता का खिताब अपने नाम किया। लंबी कूद में पिंडारी निवासी राजेश गोंड ने 16.5 फीट की छलांग लगाकर प्रथम और जरहां निवासी राहुल कुमार ने 16.4 फीट की छलांग लगाकर द्वितीय स्थान प्राप्त किया। ऊंची कूद में प्रणव प्रताप सिंह प्रथम और अवध बिहारी द्वितीय रहे। कुश्ती में पिंडारी निवासी रामदेव यादव ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जीत हासिल की। विजेता खिलाड़ियों को नकद पुरस्कार, शील्ड और मेडल देकर सम्मानित किया गया। कबड्डी विजेता पिपरहर टीम को 2100 रुपये और उपविजेता जरहां और बाजनडीह टीम को 1100-1100 रुपये का पुरस्कार दिया गया। आयोजन में युवक मंगल दल के अध्यक्ष प्रमोद यादव, उपाध्यक्ष भानुप्रताप सिंह, कोषाध्यक्ष देवेंद्र प्रकाश जायसवाल, महामंत्री प्रदीप कुमार, मंत्री श्याम मनोहर यादव और क्रीड़ा मंत्री ज्ञानचंद यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही। रेफरी के रूप में बाबूराम गुरुजी और कैलाश गुरुजी रहे। संचालन राजेश जायसवाल ने किया। इस दौरान ग्राम प्रधान रामसजीवन भारतीय, जगजीवन भारतीय, सोहनलाल जायसवाल, बासदेव यादव, बिरेंद्र गुप्ता, पिंटू लाल भारतीय, श्यामसुंदर जायसवाल, रवि यादव, भरत विश्वकर्मा आदि मौजूद रहे।