सोनभद्र। शहीद-ए-कर्बला हजरत इमाम हुसैन और उनके 72 साथियों की शहादत की याद में सोमवार को हर्ष नगर से कदीमी ताजिया व अलम का जुलूस गम और अकीदत के साथ निकाला गया। जुलूस में बड़ी संख्या में अकीदतमंद शामिल हुए। मातम कर इमाम हुसैन को खिराज-ए-अकीदत पेश की।जुलूस से पहले शौकत हुसैन जाफरी के आवास पर मजलिस का आयोजन हुआ। इसमें कौशांबी से आए मौलाना शहंशाह हुसैन ने कर्बला की घटना का जिक्र करते हुए हजरत इमाम हुसैन की कुर्बानी, सब्र और इंसानियत के पैगाम को याद किया। मजलिस के बाद कदीमी ताजिया और अलम का जुलूस पारंपरिक मार्गों से निकला। या हुसैन की सदाओं और नौहाख्वानी के बीच अकीदतमंदों ने सीनाजनी कर अपनी अकीदत व्यक्त की। जुलूस में सोनभद्र के अलावा वाराणसी, मिर्जापुर और ओबरा से आई अंजुमनों ने भी शिरकत की। वहीं रिजवी कटरा स्थित फतेह मोहम्मद के आवास से दुलदुल का जुलूस भी निकाला गया। हिदायत भाई के आवास के पास विभिन्न ताजिया व अलम के जुलूस एकत्र हुए। इसके बाद सभी अकीदतमंद मातम करते हुए स्थानीय कर्बला पहुंचे, जहां धार्मिक परंपरा के अनुसार ताजिया को सुपुर्द-ए-खाक किया गया। जुलूस के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम रहे। इस मौके पर तौकीर जाफरी, दानिश जाफरी, साबिर जैदी, हिदायतुल्ला खान, मुश्ताक खान, फरीद खान, असलम, रोशन खान, अब्बास रिजवी, असरफी खान, फतेह मोहम्मद, टोनी खान, वारिस अली, साजिद खान, अरशद सिद्दीकी, इमरान बक्शी, तनवीर खान, मिंटू, दानिश खान, रशीद अंसारी आदि मौजूद रहे।