तीसरी बार टावर चढ़ने पर मिली मौत: हाईटेंशन लाइन के पोल पर चढ़ा युवक, 90 फीट से अचानक गिरा, सिर फटने से मौत
पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है। टावर पर चढ़ने के सटीक कारण का पता लगाने के लिए हर पहलू की पड़ताल की जा रही है। इस घटना ने क्षेत्र में सुरक्षा को लेकर चिंताएं बढ़ा दी हैं।
विस्तार
यूपी के सोनभद्र जिले के ओबरा थाना क्षेत्र के खैरटिया टोला में गुरुवार को शंभू यादव (35) की हाईटेंशन लाइन के टावर से गिरकर मौत हो गई। दोपहर में वह अचानक टावर पर चढ़ने लगा। करीब 90 फीट तक ऊपर जाने के बाद पकड़ कमजोर हुई तो सीधे नीचे आ गिरा। सिर फटने से उसकी मौत हो गई। टावर पर चढ़ने की वजह स्पष्ट नहीं हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, उसकी हरकत देख नशे में होने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
गुरुवार की दोपहर बाद करीब तीन बजे खैरटिया टोला में लगे हाईटेंशन लाइन के टॉवर पर एक युवक को लोगों ने चढ़ता देखा। लोग शोर मचाकर उसे रोकने का प्रयास करते रहे, मगर इससे बेखबर होकर वह सीधे टॉवर पर चढ़ता गया। तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।
इस बीच युवक करीब 90 फीट तक ऊपर पहुंच गया था। उसके टावर पर चढ़ने का कारण जानने के लिए लोग आवाज लगाते रहे, लेकिन ऊंचाई अधिक होने से कुछ स्पष्ट सुनाई नहीं दिया। युवक लगातार ऊपर की तरफ चढ़ता गया। इस बीच अचानक संतुलन बिगड़ने से वह टावर से सिर के बल नीचे गिरा।
गिरते ही गिट्टी में करीब छह इंच तक उसका सिर धंस गया। गंभीर चोट से उसकी मौत हो गई। युवक की पहचान पनारी ग्राम पंचायत के गुडुर टोला निवासी शंभू यादव (35) के रूप में हुई। घटना के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी।
ग्रामीणों के अनुसार, शंभू यादव लकड़ी बेचने का कार्य करता था और इससे पहले भी वह दो बार हाईटेंशन टावर पर चढ़ चुका था। एसओ विजय सिंह चौरसिया ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। आशंका है कि नशे में होने के कारण युवक ने यह कदम उठाया। घरवालों से पूछताछ की जा रही है।
