फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Sultanpur News ›   Youth to get employment opportunities: Chief Minister

युवाओं को मिलेंगे रोजगार के अवसर : मुख्यमंत्री

Wed, 08 Jul 2026 12:31 AM IST
लखनऊ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, सुल्तानपुर
संवाद न्यूज एजेंसी, सुल्तानपुर Updated Wed, 08 Jul 2026 12:31 AM IST
विज्ञापन
Youth to get employment opportunities: Chief Minister
सुल्तानपुर के विवेकनगर ​स्थित सर्कस मैदान में जनसभा को संबो​धित करते मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ
सुल्तानपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को एक दिवसीय दौरे पर जिले को 819 करोड़ रुपये की 99 विकास परियोजनाओं की सौगात दी। उन्होंने बटन दबाकर 557 करोड़ रुपये की 65 परियोजनाओं का लोकार्पण व 267 करोड़ रुपये की 34 परियोजनाओं का शिलान्यास किया। इनमें सबसे प्रमुख 270 करोड़ रुपये की लागत से बने मेडिकल कॉलेज का लोकार्पण रहा।
विज्ञापन

मुख्यमंत्री ने कहा कि मेडिकल कॉलेज के साथ जिले में नर्सिंग कॉलेज भी स्थापित किया जाएगा, जहां बीएससी नर्सिंग, जीएनएम और एएनएम की पढ़ाई से युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर मिलेंगे। लोकार्पित परियोजनाओं में कटका-मायंग मार्ग का चौड़ीकरण, कुड़वार-हलियापुर-फत्तेपुर मार्ग समेत कई सड़क परियोजनाएं शामिल रहीं।
विज्ञापन

शिलान्यास की परियोजनाओं में नर्सिंग कॉलेज, संग्रहालय भवन, पकड़ी-भाईं-बनकेपुर मार्ग, मेडिकल कॉलेज हॉस्टल और टीपीनगर निरीक्षण भवन जैसी योजनाएं प्रमुख रहीं। कहा कि सुरक्षा का बेहतर माहौल बनने से प्रदेश में निवेश बढ़ा है। उद्योग स्थापित हो रहे हैं और इसका सीधा लाभ युवाओं को मिलेगा।
विज्ञापन
विज्ञापन


विवेकनगर में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में विरासत और विकास का समन्वय स्थापित हुआ है। कहा कि बेहतर सड़क नेटवर्क, एक्सप्रेसवे और हाईवे के कारण सुल्तानपुर की कनेक्टिविटी मजबूत हुई है। यहां से 45 मिनट में एयरपोर्ट और करीब डेढ़ घंटे में लखनऊ तथा प्रयागराज पहुंचा जा सकता है। उन्होंने कहा कि पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के आसपास उद्योग स्थापित होने से स्थानीय युवाओं को रोजगार मिलेगा।
सभा के दौरान मुख्यमंत्री ने विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र और चेक वितरित किए तथा प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभार्थियों को प्रतीकात्मक रूप से आवास की चाबी भी सौंपी। जनसभा से पहले उन्होंने पुलिस लाइन सभागार में मंडलीय अधिकारियों के साथ विकास योजनाओं और विभागीय कार्यों की समीक्षा बैठक भी की।

अयोध्या मुद्दे पर सपा व कांग्रेस पर सीएम रहे हमलावर
राजनीतिक मुद्दों पर भी मुख्यमंत्री ने विपक्ष को निशाने पर लिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि वक्फ कानून बनने के बाद उन लोगों का धंधा बंद हो गया है जो इसका विरोध कर रहे थे। आरोप लगाया कि पहले कब्रिस्तानों पर खर्च होने वाला धन अब विकास कार्यों में लगाया जा रहा है, जिससे विपक्ष परेशान है। उन्होंने कांग्रेस और सपा पर प्रदेश को बीमारू बनाने का आरोप लगाया। कहा कि जिले का संबंध रामायणकालीन स्मृतियों से है और विकास परियोजनाओं के पूरा होने से जिले को नई पहचान मिलेगी। अपने संबोधन के अंत में उन्होंने भारत माता की जय और जय श्रीराम के उद्घोष के साथ सभा समाप्त की।
अन्नप्राशन कराया
मुख्यमंत्री का हेलीकॉप्टर दोपहर करीब 1:15 बजे हल्की बारिश के बीच पुलिस लाइन स्थित हेलीपैड पर उतरा। भाजपा पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों ने उनका स्वागत किया। इसके बाद उन्होंने जनसभा स्थल पर दो गर्भवती महिलाओं की गोदभराई और दो बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार भी कराया। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद मुख्यमंत्री हेलीकॉप्टर से रवाना हुए, जिसे देखने के लिए पुलिस लाइन के बाहर बड़ी संख्या में लोग एकत्र रहे।

बारिश पर बोले सीएम - मेरे आते ही इंद्रदेव भी प्रसन्न हो गए
जनसभा में पहुंचते ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हल्की बारिश का जिक्र करते हुए कहा कि उनके आने से इंद्रदेव भी प्रसन्न हो गए हैं। उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा कि पहले कार्यक्रम 15 जून के आसपास प्रस्तावित था, यदि तब आ जाते तो शायद बारिश पहले ही हो जाती। उन्होंने इसे डबल इंजन सरकार के प्रति जनता और प्रकृति दोनों की प्रसन्नता से जोड़ते हुए कहा कि सरकार की योजनाओं से सभी वर्ग लाभान्वित हो रहे हैं।

यात्रियों की बढ़ीं मुश्किलें, दोपहर बाद चली ई-रिक्शा सेवा

मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के चलते शहर में सुरक्षा कारणों से ई-रिक्शा संचालन पर रोक लगा दी गई। रेलवे स्टेशन और बस स्टेशन पर उतरने वाले यात्रियों को काफी दूरी तक पैदल चलना पड़ा। कई लोगों ने निजी वाहन या टैक्सी का सहारा लिया। दोपहर करीब साढ़े तीन बजे कार्यक्रम समाप्त होने के बाद ई-रिक्शा संचालन सामान्य हुआ और लोगों को राहत मिली।

विपक्ष के कई नेताओं को घरों में रोका, सपा कार्यकर्ता कोतवाली में बैठाए गए
मुख्यमंत्री के दौरे के दौरान पुलिस ने आम आदमी पार्टी, कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के कई नेताओं एवं कार्यकर्ताओं को एहतियातन नजरबंद किया। आप नेताओं का आरोप रहा कि आधी रात से उनके घरों पर पुलिस तैनात कर दी गई थी। कांग्रेस के कुछ नेताओं को भी घरों में रोका गया, जबकि समाजवादी पार्टी के कई कार्यकर्ताओं को कार्यक्रम समाप्त होने तक कोतवाली में बैठाए रखा गया और बाद में छोड़ दिया गया।


महिलाओं के पर्स से नकदी गायब, पुलिस ने शुरू की जांच
जनसभा स्थल के प्रवेश द्वार पर सुरक्षा जांच के दौरान कई महिलाओं से उनके पर्स बाहर ही रखवा लिए गए। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद कुछ महिलाओं ने शिकायत की कि उनके पर्स से नकदी और अन्य सामान गायब है, जबकि कुछ के पर्स ही नहीं मिले। सूचना मिलने पर डायल-112 पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed