PUBG वाला प्यार: 750 KM दूर UP पहुंची नाबालिग किशोरी, राजस्थान पुलिस ने किया बरामद; चार दिन में लव स्टोरी खत्म
राजस्थान के अजमेर जिले के पुष्कर थाना क्षेत्र की रहने वाली किशोरी की दोस्ती करीब एक महीने पहले शुक्लागंज के गंगाघाट कोतवाली अंतर्गत एक गांव के किशोर से हुई थी। दोनों के बीच मोबाइल पर बातचीत होने लगी और दोस्ती प्यार में बदल गई।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
ऑनलाइन गेमिंग के जरिए परवान चढ़े प्यार का एक और हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। पबजी गेम खेलते-खेलते राजस्थान के अजमेर की रहने वाली एक 14 वर्षीय किशोरी को उत्तर प्रदेश के शुक्लागंज (गंगाघाट) के 16 वर्षीय किशोर से प्यार हो गया। मोहब्बत का खुमार ऐसा चढ़ा कि यह नाबालिग किशोरी अपने घर से भागकर करीब 750 किलोमीटर का लंबा सफर तय कर अपने प्रेमी के पास पहुंच गई।
राजस्थान पुलिस ने ढूंढ निकाला
हालांकि, इस प्रेम कहानी का अंत सोमवार को तब हुआ जब राजस्थान पुलिस ने सर्विलांस की मदद से उसे ढूंढ निकाला। पुलिस किशोरी को बरामद कर वापस अपने साथ राजस्थान ले गई है।
4 दिन से थी लापता
जानकारी के मुताबिक, अजमेर जिले के पुष्कर थाना क्षेत्र की रहने वाली किशोरी की दोस्ती करीब एक महीने पहले शुक्लागंज के गंगाघाट कोतवाली अंतर्गत एक गांव के किशोर से हुई थी। दोनों के बीच मोबाइल पर बातचीत होने लगी और दोस्ती प्यार में बदल गई। चार दिन पहले किशोरी अचानक अपने घर से लापता हो गई, जिसके बाद परिजनों ने स्थानीय पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
सर्विलांस से मिली लोकेशन, यूपी में छापा
किशोरी अपने साथ मोबाइल ले गई थी, जिसकी मदद से राजस्थान पुलिस ने उसकी लोकेशन ट्रेस की। लोकेशन उत्तर प्रदेश के उन्नाव (गंगाघाट) में मिलने पर पुष्कर थाने के सब-इंस्पेक्टर सीताराम मीणा पुलिस टीम के साथ सोमवार को गंगाघाट कोतवाली पहुंचे। स्थानीय पुलिस के सहयोग से टीम ने संबंधित गांव में दबिश दी और किशोरी को सकुशल बरामद कर लिया।
पुलिस का बयान
पुष्कर थाने के एसआई सीताराम मीणा ने बताया कि दोनों ही बच्चे नाबालिग हैं और ट्रेन के जरिए किशोरी यहां पहुंची थी। वहीं, गंगाघाट कोतवाली के एसएसआई दिलीप प्रजापति ने पुष्टि की कि राजस्थान पुलिस आई थी और कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद किशोरी को अपने साथ ले गई है।