सफीपुर। मियागंज में रविवार की रात सोफा बनाने वाले कारखाने में आग लग गई। आग की लपटें देख आसपास के लोगों ने मालिक को सूचना दी और आग बुझाने में जुट गए। जब तक आग बुझाई गई ज्यादातर सामान जल चुका था। करीब पांच लाख का नुकसान बताया जा रहा है।
आसीवन थानाक्षेत्र के मोहल्ला खिड़की निवासी नदीम तनवीर के घर के पिछले हिस्से में सोफा बनाने का कारखाना है। रविवार की रात उसमें आग लग गई। नदीम तनवीर ने बताया कि करीब 15 दिनों से कारखाना बंद था। कारखाने में सोमवार से काम शुरू होना था। इसके लिए सोफा बनाने के लिए फोम, कपड़ा, लकड़ी के ढांचे, जूट, स्प्रिंग, स्टैंड, बटन सहित दो लाख रुपये का माल कानपुर से रविवार को मंगाया था। पहले से भी करीब एक लाख का सामान रखा था। आग से पेंट करने वाली कंप्रेशर मशीन, जीप का बंपर, अलमारी, टिनशेड सहित अन्य सामान भी जल गया। पीड़ित के मुताबिक आग से करीब पांच लाख का नुकसान हुआ है। लेखपाल सुधीर त्रिपाठी ने बताया कि सूचना मिली है। क्षति का आंकलन कर तहसील प्रशासन को रिपोर्ट भेजी जाएगी।