मौरावां। हिलौली के कंपोजिट उच्च प्राथमिक विद्यालय भवानीगंज में शैक्षणिक उन्नयन संगोष्ठी व वार्षिकोत्सव समारोह आयोजित किया गया। इसमें मेधावी छात्र-छात्राओं को पुरस्कृत किया गया।
वार्षिकोत्सव व संगोष्ठी में छात्र-छात्राओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। मुख्य अतिथि एसडीएम पुरवा प्रमेश श्रीवास्तव और विशिष्ट अतिथि नायब तहसीलदार नीरज चतुर्वेदी ने मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। छात्राओं ने सरस्वती व गणेश वंदना प्रस्तुत की। इसके अतिरिक्त, मां नव दुर्गा की झांकी और बालिका शिक्षा पर भी प्रस्तुतियां दी गईं, जिन्होंने सभी का मन मोह लिया।
आय एवं योग्यता आधारित परीक्षा में विद्यालय के उत्तीर्ण छात्रों में अनुराग, प्रतिमा, जयप्रकाश, महक और हर्षित को पुरस्कृत किया गया। इंस्पायर अवार्ड के छात्र अविरल और श्रुतलेख में जनपद में प्रथम स्थान पाने वाले छात्र रुद्र को भी प्रतीक चिह्न देकर सम्मानित किया गया। कक्षा के सर्वश्रेष्ठ तीन छात्रों को भी पुरस्कार प्रदान किए गए। एआरपी विनोद कुमार, प्रधान शिक्षक कमलेश कुमार और सहायक शिक्षक शिवम चौरसिया मौजूद रहे।