उन्नाव। दोबारा नीट 21 जून को शहर के चार परीक्षा केंद्रों में होगा। इस परीक्षा में 1241 अभ्यर्थी पंजीकृत हैं। निगरानी के लिए चार सेक्टर मजिस्ट्रेटों को तैनात किया गया है। डीएम ने अधिकारियों को पूरी सतर्कता और सुरक्षा पूर्व परीक्षा संपन्न कराने के निर्देश दिए हैं। केंद्रीय विद्यालय के प्रधानाचार्य को परीक्षा का नोडल अधिकारी बनाया गया है।
पेपर लीक होने से पहले हुई परीक्षा निरस्त होने के बाद दोबारा कराई जा रही है। परीक्षा में किसी प्रकार की चूक न हो इसके लिए प्रशासन पूरी तरह से मुस्तैद है। एडीएम सुशील कुमार गोंड ने बताया कि परीक्षा दोपहर दो से शाम पांच बजे तक शहर के डीएसएन डिग्री कॉलेज, अटल बिहारी इंटर कॉलेज, जीआईसी और दही चौकी स्थित केंद्रीय विद्यालय में होगी। परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे के साथ कुर्सी, पीने का पानी, वाशरूम, रैंप, बिजली सहित अन्य तैयारियां लगभग पूरी हो चुकी है।
परीक्षा केंद्र पर बिना कार्ड के कोई भी अतिरिक्त कर्मचारी प्रवेश नहीं करेगा। सीसीटीवी कैमरा प्रवेश द्वार के साथ गैलरी, कमरों के अतिरिक्त स्टाफरूम में लगवाए गए हैं। परीक्षार्थियों की चेकिंग पूरी गंभीरता से होगी। परीक्षा में लगे कर्मचारियों की कोई भी गलती क्षम्य नहीं होगी। जिन चार केंद्रों पर परीक्षा होगी, उसके पांच सौ मीटर के दायरे में दुकानें बंद रहेंगी।