असोहा। ब्लॉक नवाबगंज के ढखिया क्रिकेट मैदान में चल रही मिर्जापुर प्रीमियर लीग प्रतियोगिता में शनिवार को कपूरखेड़ा और नदौहा बी टीमों के बीच मैच खेला गया। रोमांचक मुकाबले में कपूरखेड़ा की टीम ने एक विकेट से मैच जीत लिया।
टॉस जीतकर कपूरखेड़ा ने नदौहा बी टीम को पहले बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया। नदौहा बी की शुरुआत बेहद खराब रही। नियमित अंतराल पर विकेट गिरने से टीम संभल नहीं सकी। पूरी टीम 8.3 ओवर में मात्र 61 रनों पर सिमट गई। टीम की ओर से अमरपाल ने सर्वाधिक 24 रनों का योगदान दिया। कपूरखेड़ा के गेंदबाज ऋतिक रावत ने शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने दो ओवर में पांच विकेट झटके।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी कपूरखेड़ा की टीम की शुरुआत भी अच्छी नहीं रही। 38 रन के स्कोर पर ही टीम ने आठ विकेट गंवा दिए। हालांकि, निचले क्रम के बल्लेबाजों ने संयमित बल्लेबाजी की। उन्होंने टीम को बेहद रोमांचक मुकाबले में एक विकेट शेष रहते जीत दिला दी। नदौहा बी के गेंदबाज अंश ने हैट्रिक सहित सात विकेट अपने नाम किए। कपूरखेड़ा के ऋतिक रावत को उनके बेहतरीन प्रदर्शन के लिए मैच का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुना गया। उन्होंने अपनी टीम के लिए पांच महत्वपूर्ण विकेट लिए थे। इस दौरान हरेश्याम कुशवाहा, राजजी, रूपचंद्र मौर्य, आशीष कुशवाहा और कुलदीप गौतम जैसे लोग मौजूद रहे।