मऊ: तीन किमी के दायरे में 181 लक्ष्मी प्रतिमाएं, पूजा के दौरान देवी दर्शन के लिए उमड़ी भीड़; आज होगा विसर्जन
मुहम्मदाबाद गोहना में लक्ष्मी पूजन की भव्य परंपरा देखने को मिली। करीब तीन किलोमीटर के दायरे में 181 लक्ष्मी प्रतिमाएं स्थापित की गई हैं। देवी दर्शन और पूजन के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। लक्ष्मी पूजा के लिए प्रसिद्ध इस कस्बे में आज देर रात भारी सुरक्षा व्यवस्था के बीच प्रतिमाओं का विसर्जन किया जाएगा।
विस्तार
आजमगढ़ जिले के सीमा स्थित मुहम्मदाबाद गोहना तहसील अपने लक्ष्मी पूजन के लिए पूरे जिले में प्रसिद्धि पा चुका है।हर साल की तरह इस बार भी तीन किमी के दायरे में यहां 181 लक्ष्मी प्रतिमाएं स्थापित हुई है। दीपावली के पावन दिन मां लक्ष्मी की प्रतिमाओं की वैदिक मंत्रोच्चार, शंखनाद और जयकारों के बीच स्थापना हुई थी। तब से लेकर आज तक कस्बा और आसपास के गांवों में आस्था का महासागर उमड़ा हुआ है।
दीपावली के दिन से लगातार तीन दिनों तक चलने वाले इस ऐतिहासिक लक्ष्मी पूजा पर्व में श्रद्धालु मां के चरणों में शीश नवाकर अपने परिवार की सुख-शांति, धन-समृद्धि और मंगल कामना कर रहे हैं। दो दिनों तक दिन-रात पांडालों में दर्शन-पूजन का क्रम चलता रहा। रात में तो नजारा और भी अलौकिक हो जाता है।
जगमगाती लाइटिंग, फूलों की सजावट, धूप-दीप की सुगंध और मां के जयकारों से पूरा कस्बा गूंज उठता है। देर रात तक, आधी रात तक हजारों श्रद्धालुओं का रेला मां के दर्शन के लिए उमड़ रहा है। दूर-दराज के गांवों से पैदल, बाइक और वाहनों से आकर श्रद्धालु मां के विभिन्न रूपों के दर्शन कर अपने आप को धन्य मान रहे हैं।
181 स्थानों पर विराजी हैं मां लक्ष्मी
केवल मुहम्मदाबाद गोहना कोतवाली क्षेत्र में ही कुल 181 स्थानों पर मां लक्ष्मी की प्रतिमाएं स्थापित की गई हैं। पूजा समितियों ने अपने-अपने पांडालों को भव्य और आकर्षक रूप दिया है। कस्बा के शहीद चौराहा पर वेद गायत्री क्लब द्वारा मां लक्ष्मी की मूर्ति को अत्यंत मनोहारी ढंग से सजाया गया है। पंडाल और रोड लाइट की सजावट देखते ही बन रही है।
गांधी नगर स्थित लक्ष्मी पति विष्णु क्लब द्वारा पंडाल व मुख्य प्रवेश द्वार को भव्य रूप से सजाया गया है। इसके अलावा नव युवक मंगल शहीद चौराहा, मां दुर्गा क्लब विजय स्तंभ चौक, बाल क्लब चौक मोहम्मदाबाद, कावेरी क्लब आदि द्वारा स्थापित मूर्तियां भी श्रद्धा और भक्ति का केंद्र बनी हुई हैं। हर पंडाल में भजन-कीर्तन, आरती और प्रसाद वितरण का सिलसिला चल रहा है।
चाक-चौबंद सुरक्षा व्यवस्था
दीपोत्सव में बड़ी संख्या में आने वाले श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। क्षेत्राधिकारी जितेंद्र सिंह, प्रभारी निरीक्षक केके वर्मा के नेतृत्व में आधा दर्जन थानों की पुलिस फोर्स, सब इंस्पेक्टरों के साथ ट्रैफिक पुलिस भी लगाई गई है। पुलिस पूरी रात कस्बे में चक्रमण कर रही है। उपजिलाधिकारी अर्चना अग्निहोत्री भी मेले में मौजूद रहकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेती रहीं।
नगर पंचायत की तरफ से विजय स्तंभ चौराहा पर कंट्रोल रूम बनाया गया है, जहां से ध्वनि विस्तारक यंत्रों से आने वाले श्रद्धालुओं का मार्गदर्शन किया जा रहा है। सुरक्षा व्यवस्था एवं अराजक तत्वों पर कड़ी नजर रखने के लिए जगह-जगह सीसी कैमरे और ड्रोन से नजर रखी जा रही है। विसर्जन जुलूस को लेकर भी पुलिस बल की चाक-चौबंद व्यवस्था की गई है, ताकि विसर्जन शांतिपूर्ण और श्रद्धापूर्ण वातावरण में संपन्न हो।
आज होगा मा का विदाई विसर्जन
आज बुधवार को पंडालो में विधि विधान से हवन पूजन और महा आरती के बाद प्रतिमाओं का विसर्जन देर रात तमसा नदी के विभिन्न घाटों पर किया जाएगा। क्षेत्राधिकारी जितेंद्र सिंह ने बताया कि विसर्जन में सर्किल के अलावा जनपद के विभिन्न थानों की फोर्स और आधा दर्जन से अधिक थानाध्यक्षों की तैनाती रहेगी।