दीपावली की खुशियां मातम में बदलीं: पटाखा छोड़ रहे युवक को ऑटो ने रौंदा, घर पहुंची बेटे की लाश; चालक पकड़ाया
सैदूपुर बाजार में दीपावली की रात पटाखा छोड़ रहे 19 वर्षीय अनुराग केशरी को तेज रफ्तार ऑटो ने टक्कर मार दी। गंभीर हालत में वाराणसी ट्रामा सेंटर रेफर किए गए अनुराग की उपचार के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने ऑटो और चालक को कब्जे में लेकर कार्रवाई शुरू कर दी है।
विस्तार
दीपावली की रात घरों और बाजारों में खुशियों के दीप जल रहे थे, इसी बीच सैदूपुर बाजार में एक दर्दनाक हादसे ने परिवार की खुशियां छीन लीं। सड़क किनारे पटाखा छोड़ रहे 19 वर्षीय अनुराग केशरी को तेज रफ्तार ऑटो रिक्शा ने टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल अनुराग की वाराणसी स्थित ट्रामा सेंटर में उपचार के दौरान मौत हो गई। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। वहीं, दीपावली की रात हुई इस घटना से पूरे बाजार में शोक छा गया।
चकिया तहसील क्षेत्र के सैदूपुर बाजार में दीपावली की रात करीब 10:30 बजे यह हादसा हुआ। महेंद्र केशरी का पुत्र अनुराग केशरी दीपावली के अवसर पर सड़क किनारे पटाखे छोड़ रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार से आ रहे ऑटो रिक्शा ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगने से अनुराग गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़ा। आसपास मौजूद लोगों ने घटना की जानकारी परिजनों को दी।
परिजन आनन-फानन में उसे जिला संयुक्त चिकित्सालय चकिया लेकर पहुंचे। वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार किया, लेकिन हालत गंभीर होने के कारण उसे बेहतर इलाज के लिए ट्रामा सेंटर वाराणसी रेफर कर दिया। परिजन उसे लेकर वाराणसी पहुंचे, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
पुलिस ने ऑटो और चालक को कब्जे में लिया
युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। जिस घर में दीपावली की तैयारियां और खुशियां थीं, वहां मातम पसर गया। अनुराग की मौत से बाजार के व्यापारी और स्थानीय लोग भी स्तब्ध हैं।
घटना की सूचना मिलते ही कोतवाल संजय सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दुर्घटना में शामिल ऑटो रिक्शा और उसके चालक को कब्जे में ले लिया। मामले में विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है। हादसे के बाद बाजार में देर रात तक शोक का माहौल बना रहा।