Cough Syrup Case: शैली ट्रेडर्स से 65 लाख की कफ सिरप की खरीद-बिक्री का आरोपी गिरफ्तार, ऐसे करता था सप्लाई
Varanasi News: शैली ट्रेडर्स से 65 लाख की कफ सिरप की खरीद फरोख्त में आरोपी गिरफ्तार किया गया। आरोपी प्रयागराज का रहने वाला है। वह पीडी फार्मा से जुड़कर कफ सिरप की सप्लाई करता था।
विस्तार
कोडीनयुक्त कफ सिरप मामले में वांछित राजा मेडिकल एंड सर्जिकल एजेंसी के संचालक सत्येंद्र साहू को सारनाथ पुलिस ने रविवार को सारनाथ से गिरफ्तार किया। प्रयागराज के मुट्ठीगंज थाना क्षेत्र के मालवीय नगर निवासी सत्येंद्र साहू ने शैली ट्रेडर्स से 40 हजार बोतल कफ सिरप खरीदी और 40 हजार बोतल कफ सिरप पीडी फार्मा को बेची। कुल 65 लाख रुपये मूल्य की कफ सिरप की खरीद फरोख्त की गई है। सत्येंद्र साहू के साथ जुड़कर काम करने वाले करीबियों को भी सारनाथ पुलिस ने रडार पर ले लिया है।
सारनाथ थाना प्रभारी पंकज त्रिपाठी ने बताया कि कोडीनयुक्त कफ सिरप के सरगना शुभम जायसवाल और शैली ट्रेडर्स के प्रोपराइटर भोला प्रसाद के साथ जुड़कर राजा मेडिकल एंड सर्जिकल एजेंसी के संचालक सत्येंद्र कुमार साहू कफ सिरप का काम करता था। पीडी फार्मा के जरिए सत्येंद्र कुमार साहू ने कोडीनयुक्त कफ सिरप की खरीद-बिक्री की है।
गिरफ्तार आरोपी सत्येंद्र कुमार साहू ने पूछताछ में पुलिस को बताया कि वह शैली ट्रेडर्स से कफ सिरप खरीदकर सारनाथ थाना क्षेत्र के पीडी फार्मा के संचालक विष्णु पांडेय को बेचता था। शुभम जायसवाल पर प्राथमिकी दर्ज होने के बाद से ही वह भूमिगत हो गया था। सारनाथ थाना प्रभारी पंकज त्रिपाठी ने बताया कि कांस्टेबल सौरभ तिवारी ने आरोपी सत्येंद्र को गिरफ्तार किया है।
थानाध्यक्ष ने बताया कि 18 दिसंबर 2025 को ड्रग इंस्पेक्टर जुनाब अली ने प्रोपराइटर फर्म मेसर्स पीडी फार्मा द्वारा कोडीनयुक्त कफ सिरप की बिक्री और कूटरचित फर्म संचालित किए जाने के मामले में प्राथमिकी दर्ज कराई। पीडी फार्मा के प्रोपराइटर विष्णु कुमार पांडेय (निवासी तिसरिया परशुराम, सारनाथ), महमूरगंज निवासी लोकेश अग्रवाल, शिल्पी फार्मा के प्रोपराइटर प्रतीक गुजराती, गुप्ता मेडिकल एंड सर्जिकल एजेंसी के संचालक और प्रीतम नगर धूमनगंज, प्रयागराज निवासी सुरेशचंद्र गुप्ता, प्रयागराज करेली के आशियाना नगर निवासी फैजुर रहमान, एमके हेल्थकेयर के संचालक मोहम्मद सैफ को गिरफ्तार किया गया है। वहीं, शैली ट्रेडर्स के प्रोपराइटर भोला प्रसाद, अग्रवाल ब्रदर्स बिहरना, कानपुर निवासी विनोद अग्रवाल, गोलघर मैदागिन निवासी आकाश पाठक को रिमांड पर भी लिया जा चुका है।
