BHU: बीएचयू और आईसीपीएस का एआई-साइबर सुरक्षा कोर्स, फीस 5000 रुपये, मिलेंगे दो क्रेडिट अंक
Varanasi News: बीएचयू में अब एआई और साइबर सुरक्षा कोर्स करने का मौका मिलेगा। यहां रिटायर्ड जज, एकेडमिशियन और सरकार के वरिष्ठ अधिकारी 30 घंटे की कक्षा लेंगे। इस दौरान कानूनी, नैतिक और संवैधानिक प्रक्रियाओं में आ रहे बदलावों की व्यावहारिक पढ़ाई होगी।
विस्तार
छात्रों को साइबर सुरक्षा और एआई की प्रैक्टिकल पढ़ाई का मौका मिलेगा। बीएचयू अब इंस्टीट्यूट ऑफ कॉन्स्टिट्यूशनल एंड पार्लियामेंट्री स्टडीज (आईसीपीएस) के साथ मिलकर साइबर सिक्योरिटी और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस पर शॉर्ट टर्म सर्टिफिकेट कोर्स चलाएगा। इसकी पढ़ाई करने के बाद छात्रों को दो क्रेडिट अंक भी मिलेंगे। इसका पूरा नाम है- क्रेडिट बेस्ड सर्टिफिकेट कोर्स।
ऑफलाइन कक्षाएं नई दिल्ली स्थित संसद भवन की लाइब्रेरी में चलेंगी। पांच दिन, 23 फरवरी से 27 फरवरी तक का कार्यक्रम है। पूर्व न्यायाधीश, वरिष्ठ अधिवक्ता, एकेडमिशियन और सरकार के वरिष्ठ अधिकारी मिलकर कुल 30 घंटे की कक्षाएं चलाएंगे। छात्रों और रिसर्च स्कॉलर्स को 5000 रुपये फीस देनी होगी। वहीं ऑनलाइन कक्षाओं के लिए 4000 रुपये देने होंगे। प्रोफेशनल को ऑफलाइन कक्षाओं के लिए 7000 और ऑनलाइन में 8000 रुपये की फीस देनी होगी। इस कोर्स में आवेदन की अंतिम तिथि 16 फरवरी रखी गई है।
इसे भी पढ़ें; Electric Bus Service: गोरखपुर, बलिया सहित चार जिलों के लिए शुरू होगी इलेक्ट्रिक बस सेवा, आसान होगा सफर
कानून व्यवस्था में एआई और तकनीक
इस कोर्स के तहत पंजीकरण कराने वाले छात्र और छात्राओं को वर्तमान मुद्दों और कानून व्यवस्था में एआई के इस्तेमाल पर कक्षाएं चलेंगी। तकनीकी सुधारों के चलते कानूनी, नैतिक और संवैधानिक प्रक्रियाओं में हो रहे बदलावों को रोज़ की केस स्टडीज के आधार पर समझाया जाएगा। डिजिटल प्लेटफॉर्म पर नीतिगत, नियामक और गवर्नेंस से जुड़ी चुनौतियों से निपटने के लिए छात्र और छात्राओं की क्षमता बढ़ाई जाएगी।