जौनपुर: एसआईटी करेगी जलालपुर व सुरेरी थाने में दर्ज मामले की जांच, दोषी पुलिसकर्मियों पर होगी कार्रवाई
जौनपुर जिले में जलालपुर व सुरेरी थाने में दर्ज मामले की जांच एसआईटी करेगी। डीआईजी वाराणसी रेंज ने टीम का गठन किया है। इसमें एएसपी ग्रामीण आतिश कुमार सिंह के पर्यवेक्षण में कार्य करेंगे। सीओ सिटी गोल्डी गुप्ता टीम लीड करेंगे।
विस्तार
जौनपुर में पहले जलालपुर, फिर सुरेरी में दर्ज प्राथमिकी से पुलिस महकमे में हड़कंप मचा है। मामले को डीआईजी वाराणसी रेंज वैभव कृष्ण ने विशेष अन्वेषण टीम (एसआईटी) का गठन किया है। एएसपी ग्रामीण आतिश कुमार सिंह के पर्यवेक्षण में कार्य करेंगे। सीओ सिटी गोल्डी गुप्ता टीम लीड करेंगे।
टीम में जिले में तैनात एक निरीक्षक और एक उपनिरीक्षक सह विवेचक के रूप में शामिल किए गए हैं। तकनीकी साध्य संकलन के लिए प्रभारी सर्विलांस सेल को भी टीम में शामिल किया गया है। टीम दोनों मामलों की गहनता से विवेचना कर साक्ष्य संकलित करेगी। एसपी कुंवर अनुपम सिंह टीम का निरंतर पर्यवेक्षण करेंगे।
भ्रष्टाचार पर जीरो टॉलरेंस, दोषी पुलिसकर्मियों पर होगी कठोर कार्रवाई: एसपी
एसपी ने कहा कि पुलिस विभाग में भ्रष्टाचार या पद के दुरुपयोग को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। दोषी पाए जाने वाले किसी भी पुलिसकर्मी के खिलाफ नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी। प्रकरण में की गई त्वरित कार्रवाई पुलिस की जीरो टॉलरेंस नीति और आमजन के प्रति जवाबदेही को दर्शाती है। उन्होंने आमजन से अपील की कि किसी पुलिसकर्मी द्वारा अवैध वसूली या दुर्व्यवहार किए जाने पर इसकी सूचना तत्काल उच्चाधिकारियों को दें। हर शिकायत की निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
अधिकारी बोले
जलालपुर और सुरेरी थाने में पंजीकृत मुकदमे की निष्पक्ष, गुणवत्तापूर्ण एवं त्वरित विवेचना सुनिश्चित करने के लिए विशेष अन्वेषण टीम (एसआईटी) का गठन किया गया है। संबंधित नामित अधिकारियों को जिम्मेदारी दे गई है। एसपी की ओर से टीम का निरंतर पर्यवेक्षण किया जाएगा। विवेचना की प्रगति की समीक्षा परिक्षेत्रीय स्तर पर सूक्ष्मता से की जाएगी। -वैभव कृष्ण, डीआईजी वाराणसी रेंज