यूपी में तड़तड़ाईं गोलियां: पंजाब के दो तस्कर घायल, डीसीएम में लादकर बिहार ले जा रहे थे 10 गोवंश; तमंचा बरामद
गाजीपुर में पुलिस मुठभेड़ के दौरान पंजाब का गोतस्कर गोली लगने से घायल हो गया, जबकि उसका साथी गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस के अनुसार, दोनों डीसीएम में 10 गोवंश लादकर पंजाब से बिहार ले जा रहे थे। मुठभेड़ के बाद पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से तमंचा और कारतूस बरामद किए। घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।
विस्तार
गाजीपुर के नोनहरा थाना पुलिस ने सोमवार रात अटवा मोड़ पक्का पुल मंदिर के पास मुठभेड़ के दौरान दो शातिर गोतस्करों को गिरफ्तार किया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी के बाएं पैर में गोली लगी। उसे उपचार के लिए सदर अस्पताल भेजा गया। आरोपियों के कब्जे से पंजाब नंबर की डीसीएम, 10 गोवंश, तमंचा, खोखा कारतूस और जिंदा कारतूस बरामद किया गया।
सीओ कासिमाबाद अनुभव राजर्षि ने बताया कि अपराध और अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सोमवार रात नोनहरा थानाध्यक्ष विवेक कुमार तिवारी पुलिस टीम के साथ गश्त पर थे। इसी दौरान चौकी प्रभारी अटवा मोड़ से सूचना मिली कि संदिग्ध डीसीएम गाजीपुर घाट की ओर से मुहम्मदाबाद होते हुए बिहार की तरफ जा रही है। सूचना पर पुलिस टीम ने अटवा मोड़ पक्का पुल मंदिर के पास घेराबंदी कर डीसीएम को रोकने का प्रयास किया।
पुलिस के अनुसार, डीसीएम सवार बदमाशों ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से निशाना साधकर फायरिंग शुरू कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस ने संतुलित फायरिंग की। इसमें परमजीत सिंह के बाएं पैर में गोली लगी। उसे तत्काल सदर अस्पताल भेजा गया। वहीं उसके साथी गुरपंत सिंह को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे पंजाब से डीसीएम में गोवंश लादकर बिहार ले जा रहे थे। पुलिस ने उनके कब्जे से .315 बोर का एक तमंचा, एक खोखा कारतूस, एक जिंदा कारतूस, पंजाब नंबर की एक डीसीएम और 10 गोवंश बरामद किए हैं। पुलिस ने मुठभेड़ और बरामदगी के संबंध में अभियोग पंजीकृत कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।