Varanasi News Today: वाराणसी में हादसे...पांच लोगों की मौत, दंपती समेत तीन पर प्राथमिकी; पढ़ें खबरें
Varanasi News: वाराणसी के सिगरा, पिंडरा, शिवपुर, जंसा और बड़ागांव थाना क्षेत्र में हुए हादसों में पांच लोगों ने अपनी जान गंवा दी। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, आभूषण धोखाधड़ी के मामले में सराफ समेत छह के खिलाफ कैंट थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है। आइए जानते हैं अन्य खबरें...
विस्तार
Varanasi News in Hindi: सिगरा थाना के जयप्रकाश नगर क्षेत्र में शनिवार शाम निर्माणाधीन मकान से गिरकर राजगीर मिस्त्री कैलाश (55) की मौत हो गई। मृतक के दामाद की तहरीर पर पुलिस ने मकान मालिक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। राजमिस्त्री कैलाश कई दिनों से क्षेत्र के ही किराना कारोबारी दीपक बरनवाल का मकान बना रहे थे। घटना से पहले वह दोपहर दो बजे घर से भोजन कर साइट पर पहुंचे। शाम तीन बजे निर्माणाधीन मकान के तीसरे तल पर दीवार उठाने का काम चल रहा था।
आरोप है कि सुरक्षा के इंतजाम न होने से कैलाश बगल से गुजर रहे हाईटेंशन तार की चपेट में आ गए। नीचे गिरते ही अचेत हो गए। घटनास्थल पर ही मौत हो गई। कर्मचारी उन्हें लेकर मंडलीय अस्पताल पहुंचे। जहां डॉक्टरों ने कैलाश को मृत घोषित कर दिया। सिगरा इंस्पेक्टर संजय कुमार मिश्रा ने बताया कि राजगीर मिस्त्री कैलाश के दामाद सजीवन गौतम की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।
वृद्धा का कमरे के अंदर मिला शव
पिंडरा थाना क्षेत्र के मंगारी बाजार में शनिवार को कमरे में शांति देवी (81) का शव मिला। फूलपुर पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा। घरेलू कलह के चलते महिला के दम तोड़ने की बात सामने आई है। शांति देवी के तीन बेटे और एक बेटी है। बड़ा बेटा अशोक चौरसिया, मझला बेटा घनश्याम चौरसिया, छोटा बेटा मनोज चौरसिया और सबसे छोटी संतान मुन्ना देवी हैं। पुलिस ने बताया कि शांति देवी पिछले कुछ समय से मनोज के घर रह रही थी। परिवार का कहना है कि दो वर्षों से घर में पारिवारिक तनाव और मनमुटाव से शांति देवी परेशान थीं। फूलपुर थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर अतुल कुमार सिंह ने बताया कि फिलहाल प्रथम दृष्टया मामला मानसिक तनाव से जुड़ा लग रहा है।
हलवाई ने फंदा लगा दी जान, 5000 लिए थे एडवांस
शिवपुर थाना क्षेत्र के सुद्धिपुर में शिवकुमार सेठ (40) ने शनिवार देर शाम एंगल के सहारे गमछे से फंदा लगाकर जान दे दी। पिता गोपाल सेठ ने सूचना शिवपुर पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस व फॉरेंसिक टीम ने जांच पड़ताल कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। शिव कुमार सेठ कैटरिंग का काम करता था। पत्नी ममता ने बताया कि हलवाई के काम में किसी से 5000 रुपये एडवांस लिए थे। सुबह अज्ञात युवक आया और 5 हजार रुपये के बदले 25 हजार रुपये की मांग करने लगा। थाना प्रभारी अजीत कुमार वर्मा ने बताया कि जांच की जा रही है।
रेलवे ट्रैक पर युवक की ट्रेन से कटकर मौत
जंसा थाना क्षेत्र के सरौनी गांव में रेलवे ट्रैक पर शनिवार तड़के ट्रेन की चपेट में आने से युवक की मौत हो गई। पुलिस ने क्षत विक्षत शव को संरक्षण में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। जंसा थानाध्यक्ष अनिल कुमार शर्मा ने बताया कि शव की शिनाख्त का प्रयास किया जा रहा है।
निमोनिया और फेफड़े में मवाद भरने से बुजुर्ग की मौत की पुष्टि
बड़ागांव थाना क्षेत्र के गड़वा गांव में किशोरी उर्फ झगडू राम (60) की हत्या नहीं बल्कि बीमारी से मौत हुई थी। पुलिस का दावा है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला दबाकर हत्या की पुष्टि नहीं हुई है। रिपोर्ट में फेफड़े में मवाद भरने और निमोनिया के चलते मौत की पुष्टि हुई है।
उधर, किशोरी की बेटी नीतू ने कहा कि पति संजय की पिटाई से पिता की मौत हुई है, जिसकी तहरीर भी थाने पर दी गई है। पूछताछ के बाद संजय को रिहा कर दिया। बड़ागांव थाना प्रभारी प्रवीण कुमार सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला दबाकर हत्या की पुष्टि नहीं हुई है। रिपोर्ट में सामने आया कि बुजुर्ग किशोरी को निमोनिया की बीमारी थी। फेफड़े में मवाद भरे थे और ब्लैक स्पॉट के चलते मौत हुई है। झगडू की बेटी नीतू नहीं चाहती है कि वह पति संजय के साथ रहे। नीतू का आरोप है कि संजय शराब पीकर प्रताड़ित करता है।
आभूषण ठगी मामले में छह के खिलाफ प्राथमिकी
आभूषण धोखाधड़ी के मामले में सराफ प्रशांत सिंह उर्फ सागर समेत छह के खिलाफ कैंट थाने में शनिवार को प्राथमिकी दर्ज की गई है। जैतपुरा के हुकुलगंज बघवानाला निवासी तलाश कुमार श्रीवास्तव ने पुलिस को बताया कि उन्होंने अर्दली बाजार के चंद्र आभूषण भंडार में अपने पुराने सोने के आभूषण मरम्मत और नए डिजाइन में बनवाने के लिए दिए थे। 92.64 लाख रुपये के आभूषण को नए डिजाइन में तैयार कराने के नाम पर 6 अगस्त 2020 को चेक से 7 लाख रुपये भी दिए थे।
कुछ समय बाद जब आभूषण वापस मिले तो उनका रंग पीले से काला पड़ने लगा और पॉलिश उखड़ने लगी। शक होने पर जब उन्होंने जांच कराई तो पता चला कि असली सोने के आभूषणों के बदले नकली गहने दे दिए गए थे। कैंट इंस्पेक्टर शिवाकांत मिश्रा ने बताया कि प्रशांत सिंह उर्फ सागर, कृष्ण सिंह, आकाश सिंह, शशांक प्रसून, अनूप सराफा, राजेश सेठ पर प्राथमिकी दर्ज की गई है।
धोखाधड़ी के मामले में दंपती समेत तीन पर प्राथमिकी
चेक और जमीन का लालच देकर दंपती समेत तीन पर पैसा हड़पने, धाेखाधड़ी के मामले में रामनगर थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई। लंका के स्वास्तिक टावर निवासी पीड़ित अखिलेश कुमार ने पुलिस को बताया कि आरोपी रामकृष्ण और उसकी पत्नी स्मिता झा निवासी बसंत नगर पटनवां चंदौली ने अपनी जमीन बताकर 20 लाख रुपये लिए।
सत्य प्रकाश श्रीवास्तव नाम के व्यक्ति को लाकर पैसा लिया गया। जमीन अपनी बताकर पैसे लेने के बाद दूसरे को बेच दी। मेरा पैसा वापस करने के लिए रामकृष्ण झा व उसकी पत्नी स्मिता झा ने चेक दिया। सत्यप्रकाश श्रीवास्तव से भी चेक दिलवाया गया, लेकिन अभी तक पैसे नहीं दिए गए। साथ ही जान से मारने की धमकी देते हैं। थाना प्रभारी दुर्गा सिंह ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज की गई है।
युवक पर चाकू से हमला, प्राथमिकी दर्ज
बड़ागांव थाना क्षेत्र के बछिया बारी गांव में अमन पटेल पर चाकू से हमला कर दिया गया। 11 मार्च की रात घटना के बाबत पीड़ित के पिता ने आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई। पिता जयप्रकाश पटेल ने पुलिस को बताया कि गांव में ही रहने वाले आरोपी प्रवेश पटेल ने बेटे पर हमला किया। थाना प्रभारी प्रवीण कुमार सिंह ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज की गई है।
विवाहिता ने दर्ज कराया दहेज उत्पीड़न में प्राथमिकी
विवाहिता ने ससुराल के नौ सदस्यों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न समेत अन्य आरोपों में प्राथमिकी दर्ज कराई है। थाना क्षेत्र के काजीसरांय गांव निवासी सुनीता ने पुलिस को बताया कि सास, जेठ और परिवार के अन्य सदस्य प्रताड़ित करते हैं। थाना प्रभारी प्रवीण कुमार सिंह ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज की गई है।
सोना तस्करी में दोनों आरोपियों को भेजा जेल
मजिस्ट्रेट सौम्या पांडेय की अदालत ने 3.54 करोड़ की सोना तस्करी में दोनों आरोपियों को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया। राजस्व आसूचना निदेशालय (डीआरआई) की टीम ने कैंट रेलवे स्टेशन पर कार्रवाई कर 3.54 करोड़ का विदेशी सोना बरामद किया था। महाराष्ट्र के दो आरोपियों बालासो जाधव और तेजस बाला साहेब पवार को कोर्ट में रिमांड पर लेने की प्रक्रिया की गई। कोर्ट ने दोनों को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेजा। डीआरआई अब सोने की तस्करी के नेटवर्क और स्रोत की जांच कर रही है।
शादी का झांसा देकर शोषण का आरोपी गिरफ्तार
शादी का झांसा देकर युवती के यौन शोषण के मामले में आरोपी सागर को सारनाथ पुलिस ने शनिवार को पंचक्रोशी क्रॉसिंग के पास से गिरफ्तार किया। आरोपी मिर्जापुर के कछवा बाजार का रहने वाला है। थाना प्रभारी पंकज त्रिपाठी ने बताया कि पीड़िता ने प्राथमिकी दर्ज कराई थी कि सागर आठ साल से शोषण कर रहा था।
चोरी के दो मोबाइल, बाइक के साथ आरोपी गिरफ्तार
चोरी के दो मोबाइल और एक बाइक के साथ आरोपी आदित्य सोनकर को सारनाथ पुलिस ने शनिवार को हिरामनपुर क्रॉसिंग के पास से गिरफ्तार किया। आदित्य उर्फ चरना उर्फ काली सुधाकर रोड, खजुरी लालपुर-पांडेयपुर और हाल पता पंचकोशी का रहने वाला है। थाना प्रभारी पंकज त्रिपाठी ने बताया कि आरोपी पूछताछ में बताया कि दोनों मोबाइल चोरी के हैं। 2 साथियों के साथ योजना बनाकर भीड़-भाड़ वाले स्थानों से चोरी की थी। बाइक भोजूबीर से 10 मार्च को चोरी की थी। बाइक और मोबाइल बेचने के लिए चंदौली की तरफ जा रहा था। आरोपी पर तीन प्राथमिकी पहले से दर्ज हैं।
चेन चोरी करने की आरोपी महिला गिरफ्तार
लालपुर-पांडेयपुर पुलिस ने चेन चोरी के मामले में आरोपी आजमगढ़ निवासी गीता को शुक्रवार शाम बघवानाला के पास से गिरफ्तार किया। महिला के पास से चोरी का आभूषण बरामद हुआ। इंस्पेक्टर राजीव कुमार सिंह ने बताया कि 13 मार्च को एक महिला ने पांडेयपुर चौराहे के पास ऑटो सवार अज्ञात महिला के खिलाफ चेन चोरी की प्राथमिकी दर्ज कराई। जिसकी पहचान गीता के रूप में हुई। गीता पर अंबेडकरनगर, आजमगढ़ और प्रयागराज में भी मामले दर्ज हैं। पूछताछ में उसने बताया कि वह बाजारों में भीड़ का फायदा उठाकर महिलाओं के गले से चेन चोरी करती है।
सगी बहनों से छेड़खानी, 6 आरोपियों पर प्राथमिकी
सिगरा थाना क्षेत्र के चंदुआ छित्तूपुर में नाबालिक समेत दो सगी बहनों से छेड़खानी के मामले में पुलिस आयुक्त के आदेश पर शनिवार को सिगरा पुलिस ने छह आरोपियों पर प्राथमिकी दर्ज की है। क्षेत्र की रहने वाली किशोरी ने पुलिस आयुक्त को प्रार्थना पत्र में बताया कि छह मार्च की शाम वह अपनी बड़ी बहन के साथ बड़ी मां के घर अबीर लगाने जा रही थी। रास्ते में मोहल्ले के कुछ लड़के अभद्र व्यवहार करने लगे। आरोप है कि इस बीच छेड़खानी और गालीगलौज भी की। सिगरा इंस्पेक्टर संजय कुमार मिश्रा ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज करते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।
नगर आयुक्त ने ईश्वर गंगी तालाब के पास डस्टबिन रखने, नियमित सफाई के दिए निर्देश
नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने शनिवार को सुबह ईश्वरगंगी मोहल्ले का औचक निरीक्षण कर क्षेत्रीय विकास कार्यों और जन सुविधाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने ईश्वरगंगी तालाब की स्थिति देखी और वहां तत्काल साफ-सफाई सुनिश्चित करने के साथ ही दो बड़े डस्टबिन रखने के निर्देश दिया ताकि क्षेत्रीय नागरिक गंदगी न फैलाएं। नगर आयुक्त ने क्षेत्र में निर्माणाधीन नई सड़क की गुणवत्ता की भी बारीकी से जांच की।
उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। इस दौरान उन्हें शिकायत मिली कि वार्ड में डोर-टू-डोर कूड़ा उठान का कार्य सुचारू रूप से नहीं हो रहा है। इस पर नाराजगी जताते हुए अधिकारियों और कूड़ा उठाने वाली संस्था को निर्देशित किया कि वार्ड के हर घर से नियमित कूड़ा उठान सुनिश्चित किया जाए। निरीक्षण के दौरान जोनल अधिकारी मृत्युंजय नारायण मिश्रा मौजूद रहे।
कैंट स्टेशन परिसर से पकड़े गए 15 आवारा पशु
कैंट रेलवे स्टेशन पर उत्तर रेलवे और नगर निगम की टीम ने आवारा पशुओं को पकड़ने का अभियान शनिवार को चलाया। स्टेशन के तीनों प्रवेश द्वार से 15 पशुओं को पकड़ा गया। सभी को नगर निगम की टीम को सुपुर्द कर दिया गया। स्टेशन परिसर में कभी मुख्य द्वार तो कभी कैंटोंमेंट वाले साइड पर दूसरे प्रवेश द्वार पर आवारा पशु घूमते रहते हैं। कई बार प्लेटफॉर्म पर भी पहुंच जाते हैं। रेलवे कालोनियों में भी आए दिन घूमते रहते हैं। बच्चों, महिलाओं को चोट लगने का खतरा रहता है।
बिना परमिट वाले चार स्कूली वाहन सीज
अनफिट और बिना वैध परमिट संचालित स्कूल वाहनों के खिलाफ शनिवार को विशेष प्रवर्तन अभियान चलाया गया। कुल 4 वाहनों को सीज और सात का चालान किया गया। एआरटीओ प्रवर्तन सुधांशु रंजन ने बताया कि सड़क पर सघन जांच के अतिरिक्त, प्रवर्तन दल की ओर से विद्यालयों का भ्रमण कर स्कूली वाहनों का भौतिक सत्यापन किया जाएगा। ताकि फिटनेस, परमिट और अन्य अभिलेखों की जांच की जा सके। विद्यालय प्रबंधन से अनुरोध है कि वह सुनिश्चित करें कि उनके विद्यालयों के कोई भी वाहन बिना वैध फिटनेस और परमिट के न चले।
प्रशिक्षु आईपीएस मानसी को चोलापुर थाने का प्रभार
प्रशिक्षु आईपीएस अधिकारी मानसी दहिया को जनपदीय व्यावहारिक प्रशिक्षण के तहत शनिवार को चोलापुर थाने का स्वतंत्र प्रभार सौंपा गया। पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल के आदेश पर उन्हें 12 सप्ताह के लिए सौंपा गया है। 77वें आरआर (2023 बैच) आईपीएस मानसी दहिया मूलरूप से हरियाणा की सोनीपत की निवासी हैं। बीएससी, बीएड कर चुकी हैं।
वाहन की टक्कर से ट्रेनिंग सूबेदार घायल
कैंट थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह तेज रफ्तार वाहन की टक्कर से सेना के एक ट्रेनिंग सूबेदार घायल हो गए। कैंट पुलिस ने वाहन चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। 39 जीटीसी में कार्यरत ट्रेनिंग सूबेदार बिजेन प्रधान सुबह 10.30 बजे सेंटर से ट्रेनिंग एरिया की ओर जा रहे थे। इसी दौरान सामने से तेज गति से आ रही कार ने टक्कर मार दी। हादसे में दाहिना हाथ फ्रैक्चर हो गया। चेहरे पर भी गंभीर चोट आई हैं। कैंट थाने में कार चालक पवन कुमार के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।
अंडरपास के नीचे से हटवाया अतिक्रमण
डीसीपी गोमती आकाश पटेल ने शनिवार को स्थानीय बाजार का निरीक्षण किया। अंडरपास के आसपास अतिक्रमण हटवाया। मिर्जामुराद पुलिस ने 12 ठेला पटरी दुकानदारों को नोटिस दिया। थाना प्रभारी प्रमोद कुमार पांडेय ने बताया कि दुकानदारों को निर्देशित किया कि किसी भी दशा में अतिक्रमण नहीं हो। इस कार्रवाई से ठेला पटरी दुकानदारों में नाराजगी है। अरुण जायसवाल ने कहा कि इस मामले में जल्द ही ठेला पटरी व्यापारियों का प्रतिनिधिमंडल प्रधानमंत्री के संसदीय कार्यालय पर ज्ञापन देकर पीएम को पत्र भी भेजेगा। साथ ही उनसे रोजगार को बचाने के लिए गुहार लगाई जाएगी। ताकि परिवार का भरण पोषण किया सके।
अराजकतत्वों ने तोड़ी लाइट और बेंच
पिंडरा के नेहिया ग्राम सभा के खेलकूद मैदान पर लगे बेंच व बाउंड्री वॉल पर लाइट को अराजकतत्वों ने शनिवार शाम तोड़ दिया। ग्राम प्रधान प्रतिनिधि संदीप सिंह ने पुलिस को बताया कि गांव के ही कुछ अराजकतत्वों ने इसे क्षतिग्रस्त किया है। इसकी वजह से 15 हजार रुपये की क्षति हुई है। फूलपुर थाना प्रभारी अतुल कुमार ने बताया कि जांच कराई जा रही है। जल्द ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा।
जिला अस्पताल की पैथालॉजी में शराब पीने का वीडियो वायरल
दीनदयाल उपाध्याय जिला अस्पताल की पैथालॉजी में ड्यूटी के दौरान कर्मचारियों द्वारा पार्टी मनाने का मामला सामने आया है। लैब के अंदर का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें लैब टेक्नीशियन और कुछ कर्मचारी शराब पीते दिख रहे हैं। मामले की जानकारी होने के बाद अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. आरएस राम ने जांच करवाकर कार्रवाई की बात कही है।
अस्पताल की ओपीडी, इमरजेंसी में आने वाले मरीजों के खून की जांच पैथालॉजी में कराई जाती है। इसके अलावा एमसीएच विंग में आने वाली गर्भवती महिलाओं की भी खून की कई जरूरी जांच के सैंपल इसी लैब में आते हैं। शनिवार की दोपहर सोशल मीडिया पर चार वीडियो वायरल हुए हैं। इनमें एक वीडियो में तीन लोग पैथालॉजी के अंदर बैठे हैं। उसी कमरे में जांच की मशीनें भी हैं। बैठने वालों में एक लैब टेक्नीशियन है, जबकि अन्य लोग वहां संविदा कर्मचारी हैं। सामने मेज पर तीन गिलास में शराब दिख रही है। अस्पताल में ड्यूटी के दौरान इस तरह की हरकत को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।
सीएमएस डॉ. आरएस ने बताया कि राम इस तरह कृत्य शर्मनाक है। मामले की गंभीरता से जांच करवाई जाएगी। इसमें कौन-कौन लोग पैथालॉजी के अंदर शराब पीते वीडियो में दिख रहे हैं, सभी को चिह्नित कर कार्रवाई की जाएगी।
वाराणसी की 15 साल की किशोरी को बरेली में बेचकर करा रहे थे देह व्यापार
वाराणसी की 15 वर्षीय किशोरी को बरेली की सरगना को बेचकर देह व्यापार के दलदल में उतार दिया गया। यहां सेटेलाइट चौराहे के पास लिटिल क्राउन होटल में उससे जबरन देह व्यापार कराया जा रहा था। पुलिस ने दबिश देकर तीन महिलाओं समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। इनमें एक नेपाली युवती भी शामिल है। बारादरी थाने में सात आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट कराई गई है।
वाराणसी के चौबेपुर इलाके की निवासी किशोरी ने एसपी सिटी मानुष पारीक व सीओ तृतीय पंकज श्रीवास्तव को बताया कि वह सातवीं कक्षा तक पढ़ी है। जनवरी के पहले सप्ताह में परिवार वालों ने डांट दिया तो वह गुस्से में घर से निकल आई। वाराणसी स्टेशन पर घूमते हुए उसे रिया नाम की युवती मिली। वह उसे फुसलाकर अपने घर ले गई और तीन दिन रखा। फिर रिया उसे बरेली लाई और यहां कैंट इलाके के गांव चनहेटी की रहने वाली बबली खान के हाथ बेच दिया।
बबली, उसका पति खलील खान व बबली के दोस्त फरीदपुर के कुआंखेड़ा निवासी विनोद यादव ने उसे कैंट के चनेहटी गांव में मस्जिद के पास कमरे में रखा। ये लोग अक्सर उसे होटलों में ले जाकर जबरन देह व्यापार कराने लगे। बरेली के एसपी सिटी मानुष पारीक ने बताया कि सात आरोपियों पर रिपोर्ट दर्ज की गई है। बबली, जसलीन, दुर्गावती व विनोद को गिरफ्तार कर उनका चालान कर दिया गया है।
सरकारी जमीन से अतिक्रमण हटाने पहुंची राजस्व टीम से अभद्रता, प्रधान समेत छह पर प्राथमिकी
चौबेपुर थाना क्षेत्र के खेतलपुर गांव में सरकारी बंजर भूमि से अतिक्रमण हटाने पहुंची राजस्व टीम के विरोध में महिलाओं समेत कई लोगों ने जेसीबी के आगे लेट कर हंगामा किया। इस मामले में ग्राम प्रधान समेत छह लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।
नायब तहसीलदार जाल्हूपुर शैलेश कुमार सिंह ने पुलिस को बताया कि खेतलपुर में जमीन राजस्व अभिलेखों में बंजर के रूप में दर्ज है। भूमि पर कुछ लोगों ने अतिक्रमण किया था। संबंधित लोगों को 27 जनवरी 2026 को नोटिस देकर कब्जा हटाने को कहा गया था। बावजूद अतिक्रमण नहीं हटाया गया। शनिवार शाम चार बजे राजस्व टीम जेसीबी मशीन के साथ मौके पर पहुंची और अतिक्रमण हटाने का काम शुरू किया। कुछ लोगों ने विरोध करना शुरू कर दिया।
आरोप है कि आशा कार्यकर्ता हौसिला देवी जेसीबी के आगे लेटकर विरोध करने लगी। उनके साथ विजयशंकर, रमाशंकर, सुरेश राम, साहिल और विनोद ने भी अभद्रता कर सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाई। तहरीर में यह भी आरोप लगाया गया है कि ग्राम प्रधान सुनील कुमार यादव ने भी उनका सहयोग किया। प्रभारी निरीक्षक वीरेंद्र कुमार सोनकर ने बताया कि नायब तहसीलदार की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज की गई है।
रेल वेल्डिंग अनुसंधान संस्थान पहुंचे बरेका के महाप्रबंधक
बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) के महाप्रबंधक आशुतोष पंत ने भारतीय रेल वेल्डिंग अनुसंधान संस्थान का निरीक्षण कर यहां व्यवस्थाओं का जायजा लिया। यहां उन्होंने विद्युत रेल इंजन को बनते देखा और इंजन में चालकों के लिए मिलने वाली सुविधाओं की जानकारी ली। अधिकारियों, कर्मचारियों से संवाद कर समयबद्धता और गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने का आह्वान किया।
बरेका महाप्रबंधक ने अपने निरीक्षण में उत्पादन गतिविधियों, तकनीकी प्रक्रियाओं एवं गुणवत्ता मानकों की जानकारी ली। लोको टेस्ट शॉप, लोको असेंबली शॉप का भ्रमण कर बनने वाले विद्युत रेल इंजन की प्रगति का भी जायजा लिया। उन्होंने वर्कशॉप की गैन्ट्री प्रणाली का भी अवलोकन किया।
डब्लूएजी-9 विद्युत लोकोमोटिव के कैब में सुरक्षा, तकनीकी दक्षता, चालक सुविधा से संबंधित महत्वपूर्ण बिंदुओं को भी महाप्रबंधक ने परखा। महाप्रबंधक भारतीय रेल वेल्डिंग अनुसंधान संस्थान पहुंचे, जहां उन्होंने वेल्ड टेस्ट लैब में स्थापित अत्याधुनिक यूनिवर्सल टेस्टिंग मशीन, वेल्डिंग सिम्युलेटर सहित परीक्षण के अन्य उपकरणों को भी देखकर उसके कामकाज की जानकारी ली। उन्होंने टेस्ट लैब स्थित वेल्डिंग सिम्युलेटर मशीन को चलाकर उसका तकनीकी अनुभव लिया।
स्वामी जीतेन्द्रानन्द को मिली डी. लिट की उपाधि
एपेक्स यूनिवर्सिटी, जयपुर में शनिवार को काशी के संत स्वामी जीतेन्द्रानन्द सरस्वती महाराज को डी. लिट की मानद उपाधि दी गई। विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में स्वामी मुख्य अतिथि थे। उनको यह उपाधि मिलने पर संत समाज, अखिल भारतीय संत समिति तथा गंगा महासभा में हर्ष है।
पूर्वानुमान से 24 घंटे पहले ही मंडराए बादल 20 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से बही हवा
जिले में बारिश के पूर्वानुमान से 24 घंटे पहले ही बादल मंडराने लगे। शनिवार को 20 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से पछुआ हवा बही। बाकी दिनों के मुकाबले तापमान एक से दो डिग्री तक कम ही रहा। मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार जिले में बारिश का अलर्ट तो नहीं है, मगर बादल छा सकते हैं। हालांकि पूर्वांचल के कई जिलों में 50 किमी प्रति घंटे की गति से हवा बहने के साथ बारिश हो सकती है। वहीं ओले गिरने के भी संकेत मिले हैं। बनारस को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं हो सकी है। शनिवार को वाराणसी शहर का अधिकतम तापमान सामान्य से पांच डिग्री ज्यादा, 36.4 डिग्री सेल्सियस तक चला गया। वहीं न्यूनतम तापमान सामान्य से 4.1 डिग्री ज्यादा, 20.6 डिग्री सेल्सियस तक आ गया।
यूपी आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ विज्ञानी डॉ. अतुल कुमार सिंह ने बताया कि पूर्वी यूपी के कई जिलों में गरज और चमक के साथ बारिश हो सकती है। झोंकेदार हवा और बादलों की जोरदार गर्जना भी हो सकती है। वहीं वाराणसी में 20 मार्च को बारिश के आसार दिख रहे हैं। उत्तर-पूर्वी उत्तर प्रदेश और छत्तीसगढ़ से होते हुए एक द्रोणी ओडिशा तक जा रही है। अगले तीन दिनों में अधिकतम तापमान 2-4 डिग्री और न्यूनतम तापमान 3-5 डिग्री तक गिर सकता है।
काशी विद्यापीठ 2026-27 के शैक्षणिक सत्र में खर्च करेगा 180.10 करोड़ रुपये
काशी विद्यापीठ में वित्तीय वर्ष 2026-27 में आय 98 करोड़ 10 लाख रुपये होगी जबकि विवि प्रशासन की ओर से संबंधित सत्र में 180 करोड़ 10 लाख रुपये खर्च किया जाना है। इस तरह वर्ष 2026-27 में 81 करोड़ 92 लाख का घाटा होने की संभावना है। कुलपति प्रो.आनंद कुमार त्यागी की अध्यक्षता में शनिवार को हुई वित्त समिति की बैठक में आय-व्यय पर मुहर लगाने सहित कई अहम फैसला लिया गया।
विश्वविद्यालय के प्रशासनिक भवन स्थित राधाकृष्णनन सभागार में हुई वित्त समिति की बैठक में विश्वविद्यालय के के पुनरीक्षित आय-व्ययक वर्ष 2025-26 और अनुमानित आय-व्ययक वर्ष 2026-27 को अनुमोदित किया गया। इसमें वर्ष 2024-25 में वास्तविक आय 107 करोड़ 92 लाख के सापेक्ष 117 करोड़ 23 लाख का खर्च हुआ।
इस वर्ष में 9 करोड़ 31 लाख का वास्तविक घाटा हुआ है। साथ ही विश्वविद्यालय की वर्ष 2025-26 के लिए पुनरीक्षित आय 104 करोड़ 70 लाख के सापेक्ष 143 करोड़ 35 लाख का व्यय का प्रावधान किया गया है। 2025-26 में विश्वविद्यालय को कुल 38 करोड़ का घाटा होने की संभावना है। निर्माण, पूंजीगत मदों में 2025-26 में 15 करोड़, 2026-27 में 25 करोड़ खर्च होंगे।
अस्पताल में लगेगी मुफ्त एचपीवी वैक्सीन
जिले में 14 साल की किशोरियों को सर्वाइकल कैंसर से बचाने के लिए मंडलीय अस्पताल कबीरचौरा में एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) वैक्सीन निशुल्क लगाई जाएगी। इसका शुभारंभ शनिवार को पूर्व मंत्री और विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी ने किया। इसके साथ ही उन्होंने मॉडल टीकाकरण केंद्र का भी उद्घाटन भी किया।
साथी पोर्टल से होगी बीज की बिक्री
खरीफ सीजन में किसानों को गुणवत्तापूर्ण और शुद्ध बीज उपलब्ध कराने के लिए साथी पोर्टल के वितरण की प्रक्रिया को लेकर विक्रेताओं को प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण के दौरान वरिष्ठ प्राविधिक सहायक धीरज कुमार और अमित कुमार सिंह ने मास्टर ट्रेनर के रूप में विक्रेताओं को पोर्टल के संचालन, पंजीकरण और बीज बिक्री की पूरी प्रक्रिया बताई।
ग्लोबल साउथ के प्रतिनिधियों ने किया बीएचयू का भ्रमण
बीएचयू के भारत कला भवन में ग्लोबल साउथ से आए प्रतिनिधिमंडल ने शैक्षणिक भ्रमण किया। अंतर विश्वविद्यालीय शिक्षक शिक्षा केंद्र और विदेश मंत्रालय की ओर से इसका आयोजन किया गया। प्रतिनिधियों ने भारत कला भवन के अलग-अलग संग्रहों और मूर्ति कला को देखा और उसकी जानकारी ली। पुरातात्त्विक दीर्घा में सुरक्षित प्राचीन मूर्तियों और सिंधु-सरस्वती सभ्यता से संबंधित मृण्मूर्तियों का अवलोकन किया। इसके अलावा उन्होंने कुषाणकालीन प्रसाधिका प्रतिमा और मुगल सम्राट अकबर के काल का राम-सीता अंकित सिक्कों को भी देखा।
बीएचयू में कॅरिअर ग्रोथ पर कार्यशाला हुई
बीएचयू में खानपान और पोषण से कॅरिअर ग्रोथ और कैंपस की सफलता पर कार्यशाला हुई। शनिवार को स्टूडेंट वेलफेयर सेंटर सेमिनार हॉल में वेल बीइंग सर्विसेज सेल की ओर से छात्रों के समग्र कल्याण, मानसिक दृढ़ता और स्वास्थ्य जागरूकता के लिए छात्रों को ट्रेनिंग दी गई। छात्र अधिष्ठाता प्रो. रंजन कुमार सिंह ने कहा कि शैक्षणिक सफलता के पीछे भावनात्मक मजबूती और दीर्घकालिक विकास का बड़ा हाथ है।
विषय आधारित कॅरिअर के अवसरों की ली जानकारी
बीएचयू में विज्ञान संस्थान के नर्चरिंग लाइफ स्किल्स की ओर से आयोजित व्याख्यान में विषय आधारित कॅरिअर के अलग-अलग अवसरों को बताया गया। जापान के भारतीय दूतावास के पूर्व विज्ञान परामर्शदाता डॉ. चदराम शिवाजी ने बताया भारत में विज्ञान और प्रौद्योगिकी शिक्षा के कई अवसर मिले हैं। अनुसंधान और शैक्षणिक इकोसिस्टम को मजबूत बनाने की बात कही। इस दाैरान प्रो. राजेश के. श्रीवास्तव, समन्वयक प्रो. अमित कुमार मौजूद रहे।
सोमवार से पीएम श्री क्वींस इंटर कॉलेज में होगी ग्यारहवीं की पढ़ाई, ऐसा करने वाला प्रदेश का पहला काॅलेज
यूपी बोर्ड की परीक्षाएं समाप्त हो गई हैं। अब सभी माध्यमिक विद्यालयों में एक अप्रैल से नए सत्र की पढ़ाई शुरू होगी लेकिन पीएम श्री राजकीय क्वींस इंटर कॉलेज में आगामी सोमवार से ही कक्ष 11 की पढ़ाई शुरू होगी। ऐसा करने वाला पीएम श्री राजकीय क्वींस इंटर कॉलेज प्रदेश का पहला विद्यालय होगा।
पीएम श्री राजकीय क्वींस इंटर काॅलेज के प्रधानाचार्य सुमीत श्रीवास्तव ने बताया कि 16 मार्च से कक्षा 11वीं की कक्षाएं शुरू होने जा रही हैं। कक्षा 10वीं के सभी छात्रों का एक स्क्रीनिंग टेस्ट लेने के बाद जिन छात्रों की रुचि आईआईटी और मेडिकल क्षेत्र में जाने की है, उनके लिए अगले सत्र की कक्षाएं 16 मार्च से शुरू कर दी जाएगी।
वैश्विक संकट में भारत का संतुलित विकास माॅडल है प्रेरणादायी
स्कूल ऑफ मैनेजमेंट साइंसेस(एसएमएस) में आयोजित दो दिवसीय इंटरनेशनल कांफ्रेंस का उद्घाटन शनिवार को हुआ। बतौर मुख्य अतिथि बीएचयू के कुलपति प्रो. अजित कुमार चतुर्वेदी ने कहा कि आध्यात्मिकता केवल किसी एक परंपरा या धर्म तक सीमित विषय नहीं है। यह मानव जीवन से जुड़ा मूलभूत आयाम है। वर्तमान समय में वैश्विक संकट के दौर में भारत का संतुलित विकास मॉडल प्रेरणादायी है।
विशिष्ट अतिथि नोएडा इंटरनेशनल यूनिवर्सिटी नोएडा के कुलाधिपति प्रो. विक्रम सिंह ने युवाओं से जीवन में अनुशासन बनाए रखने के लिए प्रेरित किया। वर्धा विवि के पूर्व कुलपति प्रो. गिरीश्वर मिश्रा, संस्कृत विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति प्रो. राजारामशुक्ल ने भी वैश्विक कल्याण, अध्यात्मिकता पर बात रखी। स्वागत कर एसएमएस के निदेशक प्रो.पीएन झा ने कहा कि ऐसे सम्मेलन से शोध के नए आयामों को समझने का अवसर मिलता है।
न्यायमूर्ति जेजे मुनीर ने किया मूट कोर्ट प्रतियोगिता का शुभारंभ
बीएचयू में शनिवार को 13वीं महामना मालवीय राष्ट्रीय मूट कोर्ट प्रतियोगिता शुरू हुई। विधि संकाय के महामना सभागार में इलाहाबाद हाईकोर्ट के न्यायमूर्ति जेजे मुनीर ने इसका आधिकारिक शुभांरभ किया। रिवर्स प्राइमरी राउंड में प्रतिभागियों ने पक्ष और विपक्ष के साथ तर्क प्रस्तुत कर अपनी विश्लेषणात्मक क्षमता, अनुसंधान कौशल और न्यायालयीन शिष्टाचार का बेहतर परिचय दिया। शाम को इसके परिणाम घोषित किए गए। लॉटरी से अगले चरण की जोड़ियां तय की गईं और स्मारिका का आदान-प्रदान हुआ। वहीं, क्वार्टर फाइनल दौर चयनित टीमों ने अधिवक्ता-कौशल, संवैधानिक ज्ञान और सूक्ष्म विधिक व्याख्या की। इस दौरान अधिवक्ता अभिनव मिश्रा, अभिनव मिश्रा, एन. राजा सिंह सहित उच्च और सुप्रीम कोर्ट के कई अधिवक्ता मौजूद रहे।
धरोहर को बढ़ावा देने के लिए बनेगा संग्रहालय
आईआईटी बीएचयू और बीएचयू बनारस सहित देश भर की सांस्कृतिक धरोहर को बढ़ावा देने के लिए एक साथ काम करेंगे। मानविकी अध्ययन विभाग स्थित ऐतिहासिक भवन को भविष्य में एक संग्रहालय के रूप में विकसित किया जाएगा। ये बात आईआईटी के निदेशक प्रो. अमित पात्रा ने शनिवार को भारत में अमूर्त सांस्कृतिक धरोहर और सतत विकास विषय पर दो दिन की अंतरराष्ट्रीय संगोष्ठी में कही। देव एवं वर्धना लेक्चर हॉल कॉम्प्लेक्स में बीएचयू के कुलपति प्रो. अजित कुमार चतुर्वेदी और आईआईटी के निदेशक प्रो. अमित पात्रा ने इस संबंध को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया। कुलपति ने बताया कि इस आयोजन ने विरासत और सततता के महत्वपूर्ण विमर्श को सामने लाया है। प्रो. पीके पांडा, प्रो. विनिता चंद्रा ने विचार रखे। प्रो. विकास, डॉ. रजनी कांत रहे।
बीएचयू में कल से शांति पर वैश्विक सम्मेलन
वर्तमान वैश्विक परिदृश्य में अमेरिका-ईरान युद्ध, इजराइल-फिलिस्तीन संघर्ष, रूस–यूक्रेन युद्ध और यमन जैसे क्षेत्रों में चल रहे संघर्षों के मद्देनजर बीएचयू में 16 से 18 मार्च तक शांति पर अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन होगा। बीएचयू के मालवीय शांति अनुसंधान केंद्र और यूनेस्को शांति व अंतर सांस्कृतिक सहमति पीठ की ओर से 16 मार्च को मालवीय मूल्य अनुशीलन केंद्र में सुबह 9.30 बजे से शुरू होगा।
एडमिन वाॅर्डेन होंगे डॉ. अमरनाथ
बीएचयू में तीन हॉस्टल के अधिकारियों में बदलाव किए गए हैं। एफएसएस हॉस्टल के समन्वयक डॉ. तुषार सिंह और पंडित ब्रज नाथ हॉस्टल के एडमिन वार्डेन डॉ. पंकज सिंह का कार्यकाल बढ़ाया गया है। वहीं राजा राम मोहन राय हॉस्टल का एडमिन वार्डेन डॉ. अमर नाथ पासवान को बनाया गया है।
59 को दिया विद्युत चालित चाक
उत्तर प्रदेश माटीकला बोर्ड और खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड द्वारा एक दिवसीय माटीकला टूलकिट योजना के तहत उपकरणों का वितरण किया गया। जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्या ने 59 लाभार्थियों को निःशुल्क विद्युत चालित चाक एवं पगमिल मशीन और 10 लाभार्थियों को निःशुल्क दोना मेकिंग मशीन का वितरण किया। साथ ही खादी ग्रामोद्योग प्रोत्साहन योजना के अंतर्गत अपने ग्राम पंचायत में खादी ग्रामोद्योग की अधिकाधिक इकाइयां स्थापित कराने पर प्रत्येक विकासखंड के 2-2 ग्राम प्रधानों को सम्मानित किया गया।
स्वरोजगार से बनें आत्मनिर्भर: रत्नेश
काशी विद्यापीठ विकास खंड के नरऊर ग्राम पंचायत में संचालित दो दिवसीय मुख्यमंत्री ग्राम स्वरोजगार खाद्य प्रसंस्करण योजना के प्रशिक्षण कार्यक्रम का समापन प्रमाण पत्र वितरण के साथ हुआ। इस अवसर पर पूर्व प्रभारी राजकीय फल संरक्षण केंद्र बीएचयू एवं जिला खाद्य प्रसंस्करण प्रभारी रत्नेश चंद्र अग्रवाल ने कहा कि प्रशिक्षण प्राप्त कर युवा स्वरोजगार अपनाएं और बेहतर उद्यमी बनकर दूसरों को भी रोजगार दें।
मेले में दिखा विद्यार्थियों का हुनर
जगतपुर पीजी कॉलेज में आयोजित स्वावलंबन मेले (मेगा फेस्ट) में विद्यार्थियों का हुनर देखने को मिला। इस दौरान लाइव स्केचिंग, फोटो बूथ और ऑन द स्पॉट टैटू बनाने वाला स्टाॅल आकर्षण का केंद्र रहा। फेस्ट का उद्घाटन प्राचार्य प्रो. अनिल प्रताप सिंह, प्रबंधक रामसागर सिंह, अध्यक्ष अनिरुद्ध नारायण सिंह ने किया। अतिथियों ने विद्यार्थियों के प्रतिभा की सराहना की।
प्रो. आरपी मौर्य, प्रो. दीपक को मिला अवाॅर्ड
आईएमएस बीएचयू के क्षेत्रीय नेत्र संस्थान के अध्यक्ष और जाने माने नेत्र चोट, कैंसर और ऑकुलोप्लास्टिक सर्जन प्रो. आरपी मौर्य और प्रो. दीपक मिश्रा को जयपुर में आयोजित सम्मेलन में बेहतर कार्यों के लिए अवाॅर्ड दिया गया। जयपुर कन्वेंशन सेंटर में 12 से 15 मार्च तक चलने वाले अखिल भारतीय नेत्र विज्ञान संगठन के 84वें वार्षिक सम्मेलन के दौरान प्रो. आरपी मौर्य को इंटरनेशनल ओप्थेलमिक हीरो ऑफ इंडिया अवाॅर्ड से नवाजा गया।
उपभोक्ताओं को मेसेज भेज रहा बिजली निगम
बिजली निगम की ओर से ऐसे उपभोक्ता जिनके स्मार्ट मीटर का बिल निगेटिव में चल रहा है। उनको मैसेज भेजकर जल्द से जल्द बिल जमा करने को कहा जा रहा है। ऐसा इसलिए कि पावर कार्पोरेशन की ओर से जारी नए निर्देश के अनुसार समय से बिल जमा न करने वालों की बिजली कट जा रही है। इसके बाद उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
अब पोल के सहारे होगी बिजली आपूर्ति
रोहनिया के गोसाईंपुर बाजार में अब बांस-बल्ली के सहारे अब बिजली आपूर्ति नहीं होगी। यहां बिजली निगम की ओर से पोल लगवाए जा रहे हैं। विधायक रोहनिया डॉ. सुनील पटेल ने गोंसाईपुर बाजार में विद्युतीकरण का प्रस्ताव शासन को भेजा था। उसे स्वीकृति मिल गई है। इधर बिजली निगम की ओर से पोल, जरूरी तार लगाने का काम शुरू कर दिया गया है।
बाजार में दुकानदारों को बिजली के लिए लोगों को 500 मीटर दूर से बांस-बल्लियों के सहारे तार लेकर आना पड़ता था। रोहनिया विधायक ने बताया कि ग्रामीणों ने गोसाईपुर बाजार के विद्युतीकरण की मांग की थी। इसका प्रस्ताव शासन को भेजा गया था। इसकी स्वीकृति और बजट पास होने के बाद काम शुरू हो गया है। इस पर डॉ. उदय प्रताप पटेल, फुलेंद्र प्रसाद पटेल, ग्राम प्रधान संतोष पटेल, कमलेश पटेल, रामचंद्र पटेल ने प्रसन्नता जताई।
पश्चिम बंगाल में बोल रहे थे प्रधानमंत्री, काशी के बंगाली समाज ने लाइव सुना
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को पश्चिम बंगाल में विभिन्न विकास परियोजनाओं के शिलान्यास व लोकार्पण किया। यहां भाषण दिया, उनके संबोधन को काशी में बंगाली टोला इंटर कॉलेज परिसर में बंगीय समाज ने सामूहिक रूप से लाइव प्रसारण के माध्यम से सुना। शुरुआत राष्ट्रभावना से ओत-प्रोत वंदे मातरम् गीत के साथ हुई। प्रधानमंत्री के संबोधन के बाद बंगाली समाज के वक्ताओं ने वहीं गोष्ठी में विचार विमर्श कर अपनी बात रखी।
बंगीय समाज के सचिव देवाशीष दास ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश तीव्र गति से विकास के मार्ग पर आगे बढ़ रहा है। इस मौके पर काशी में रह रहे बंगीय समाज के उन प्रतिष्ठित लोगों को सम्मानित किया गया, जिन्होंने समाजसेवा, शिक्षा, सांस्कृतिक संरक्षण और जनहित के कार्यों में उल्लेखनीय योगदान दिया है। इस दौरान कार्यक्रम संयोजक भाजयुमो काशी क्षेत्र के महामंत्री आशुतोष पॉल, स्थानीय पार्षद चंद्रनाथ मुखर्जी, संचालन अमित राय ने किया। धन्यवाद ज्ञापन पार्षद चंद्रनाथ मुखर्जी ने प्रस्तुत किया। इस मौके पर रामगोपाल वर्मा, विजय द्विवेदी, चल्लू यादव, अभिषेक मिश्रा रहे।
महानगर अध्यक्ष की शोकसभा में व्यापारियों ने दी श्रद्धांजलि
महानगर उद्योग व्यापार समिति के अध्यक्ष रहे प्रेम मिश्रा का शुक्रवार को हृदयाघात से निधन हो गया। शनिवार को केंद्रीय संयुक्त व्यापार मंडल वाराणसी की ओर से पिपलानी कटरा के लॉन में शोकसभा में उन्हें श्रद्धांजलि दी गई। व्यापारी नेता के निधन पर पूरे वाराणसी में शनिवार को 10 से दोपहर 1 बजे तक व्यापारिक प्रतिष्ठान बंद रखकर सामूहिक शोक व्यक्त किया गया।
महानगर उद्योग व्यापार समिति के संरक्षक आरके चौधरी और श्रीनारायण खेमका ने श्रद्धांजलि अर्पित कर कहा कि प्रेम मिश्रा ने व्यापारियों और उद्यमियों के हितों के लिए जो संघर्ष किया। महामंत्री अशोक जायसवाल और रजनीश कनौजिया ने कहा कि व्यापारिक समस्याओं के समाधान, संगठन की मजबूती और व्यापारी हितों की रक्षा के लिए उनका योगदान स्मरणीय रहेगा। अनुज डीडवानिया, पंकज अग्रवाल ने कहा कि उनका जीवन संघर्ष, सेवा और संगठन के प्रति समर्पण का उदाहरण था। अजय गुप्ता, राजन जायसवाल रहे। प्रेम कपूर, दीपक बजाज, अजय गुप्ता, सुरेश तुलस्यान, राहुल मेहता, सुजीत गुप्ता, सोमनाथ विश्वकर्मा माैजूद रहे।
दिव्य कला कौशल प्रदर्शनी का समापन, दिव्यांग बच्चों की प्रतिभा ने जीता दिल
दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग, उत्तर प्रदेश और श्री कामता प्रसाद सेवार्थ ट्रस्ट के सहयोग से आयोजित त्रि-दिवसीय दिव्य कला कौशल प्रदर्शनी का शनिवार को समापन हुआ। मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश सहकारी आवास संघ के चेयरमैन (दरजा प्राप्त राज्य मंत्री) राजेंद्र प्रसाद सिंह कुशवाहा और विशिष्ट अतिथि डॉ. सुदामा पटेल रहे।
प्रदर्शनी में मंडल की करीब 30 संस्थाओं ने दिव्यांगजनों के हस्तनिर्मित उत्पादों के स्टॉल लगाए। सांस्कृतिक कार्यक्रम में दिव्यांग बच्चों ने नृत्य और शिव तांडव श्लोक की प्रस्तुति दी, वहीं व्हीलचेयर दौड़ भी आयोजित हुई। बेस्ट सेलर स्टॉल में आईआईडी करौंदी प्रथम, चंद्रावती एजुकेशनल सोसाइटी द्वितीय और मणि मेमोरियल संस्था तृतीय स्थान पर रही। इस अवसर पर सोमनाथ मौर्य, उषा मौर्य, अंगद सिंह पटेल मौजूद रहे।
प्राथमिक विद्यालय मुर्दहां में मनाया वार्षिकोत्सव
विकास खंड हरहुआ के प्राथमिक विद्यालय मुर्दहां में वार्षिकोत्सव हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इसमें बच्चों ने विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। शुभारंभ ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि अमित उपाध्याय और खंड शिक्षा अधिकारी हरहुआ पंकज कुमार यादव ने किया। कार्यक्रम में शत प्रतिशत उपस्थिति होने पर बच्चों और उनके अभिभावकों को पुरस्कृत किया गया। इस दौरान छात्र-छात्राओं ने सरस्वती वंदना, स्वागत गीत और विभिन्न लोक नृत्यों के माध्यम से अपनी कला दिखाई। प्रधानाचार्य सुधा पाठक ने धन्यवाद ज्ञापन दिया।
कंपोजिट स्कूल रमईपट्टी में मनाया गया वार्षिकोत्सव
पिंडरा विकास खंड के कंपोजिट स्कूल रमईपट्टी में वार्षिकोत्सव धूमधाम से मनाया गया। मुख्य अतिथि एसएमसी अध्यक्ष जीउत राम एवं अतिथि राम केशव वर्मा रहे। अतिथियों ने छात्रों के प्रदर्शन की सराहना की। मुख्य अतिथि जीउत राम ने कहा कि विद्यालय का वार्षिक उत्सव विद्यार्थियों के लिए बहुत ही महत्वपूर्ण और आनंददायक कार्यक्रम होता है।
प्रधानाध्यापक क्षितिश कुमार दीक्षित ने कहा कि इस वर्ष राष्ट्रीय आय आधारित योग्यता परीक्षा में चार बालिकाएं, इंस्पायर अवाॅर्ड में दो बालक तथा राज्य स्तरीय योग प्रतियोगिता में 6 बालक एवं 6 बालिकाओं ने विद्यालय का मान बढ़ाया।
भाजपा के रंगोत्सव में सम्मानित हुए कार्यकर्ता और पदाधिकारी
भाजपा महानगर कमेटी की ओर से अंधरापुल के पास सिटी गार्डेन में शनिवार को रंगोत्सव कार्यक्रम का आयोजन किया गया। शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन और गणेश वंदना के साथ हुआ। कार्यक्रम में महानगर कार्यकर्ता, पदाधिकारी एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। पूर्व महानगर अध्यक्षों एवं वर्तमान मंडल अध्यक्षों को स्मृति चिह्न और अंगवस्त्रम् पहनाकर महानगर अध्यक्ष द्वारा सम्मानित किया गया। रंगोत्सव में कई सांस्कृतिक कार्यक्रम हुए।
गायक मासूम अली और उनकी टीम के होली गीत और चैती सुनकर श्रोता भावविभोर हो गए। इसके बाद कवि चकाचक ज्ञानपुरी और दमदार बनारसी ने अपने हास्य कविताओं से लोगों को खूब हंसाया। इसके बाद सभी अतिथियों और कार्यकर्ताओं के लिए सप्रेम स्वरुचि भोज की व्यवस्था भी की गई।
इसके पहले सभा स्थल पर प्रवेश करने वाले सभी लोगों को चंदन का टीका लगाया गया। महिलाओं की टीम द्वारा गुलाब की पंखुड़ियां बरसाई गई और लोगों पर इत्र का छिड़काव किया गया। कार्यक्रम में महानगर अध्यक्ष, पूर्व महानगर अध्यक्ष प्रेम प्रकाश कपूर, रामगोपाल मोहले और एमएलसी अश्वनी त्यागी को सम्मानित किया गया। इसके अलावा महानगर के सभी 13 मंडल अध्यक्षों का भी सम्मान हुआ।
होली मिलन में राधा-कृष्ण थीम पर रंगारग प्रस्तुति
महिला जायसवाल सभा काशी की ओर से शनिवार को महमूरगंज स्थित एक होटल में होली मिलन समारोह हुआ। कार्यक्रम में राधा-कृष्ण थीम पर सजीं महिलाओं ने रंगारंग परिधानों में नृत्य और गायन की प्रस्तुति दी।
सभा की अध्यक्ष रीता जायसवाल ने कहा कि होली का पर्व प्रेम और आपसी भाईचारे का प्रतीक है। भगवान कृष्ण ने भी समाज को यही संदेश दिया था। समारोह में संरक्षक सत्या जायसवाल, महामंत्री शिल्पी जायसवाल, अनुप्रिया गुप्ता, प्रियंका जायसवाल, ऋचा जायसवाल, सोनी, अनीता, सरिता, आशा, मंजू रहीं।
सखी पैड बैंक का होली मिलन समारोह
सखी पैड बैंक में शनिवार को बीएलडब्ल्यू स्थित एक होटल में होली मिलन समारोह उत्साह और रंगारंग कार्यक्रमों के साथ मनाया गया। संस्था की संस्थापक सुनीता भार्गव के नेतृत्व में सदस्यों ने गुलाल लगाकर एक-दूसरे को होली की शुभकामनाएं दीं। स्वागत कार्यक्रम संध्या तिवारी, विनीता श्रीवास्तव और उमा रस्तोगी ने किया। कार्यक्रम में नीरू मिश्रा, निशा प्रजापति, प्रतिभा सिंह, सीमा पांडे, हिंदू उपाध्याय और सुमन श्रीवास्तव ने होली गीतों की प्रस्तुति दी।
अमेरिका-ईरान के युद्ध की शांति के लिए काशी में हवन और अति महारुद्र यज्ञ
अमेरिका-ईरान सहित अन्य देशों में चल रहे युद्ध को रोककर शांति कायम करने की मांग हर धर्म के लोग कर रहे हैं। अलविदा जुमा में जहां नमाजियों ने शांति की दुआएं मांगीं, वहीं मंदिरों, मठों और आश्रमों में शांति के लिए हवन और अनुष्ठान शुरू हो गया है। काशी में दक्षिण भारत के भी साधु-संत, वैदिक विद्वान और श्रद्धालु इसे कर रहे हैं।
कल्वाकोलानु चितरंजन दास मेमोरियल सेवा संगठन, तेलंगाना की ओर से तीन दिवसीय शिवाय विष्णु रूपाय अनुष्ठान शनिवार को मुमुक्षु भवन, अस्सी घाट में शुरू हुआ। श्री श्रृंगेरी शारदा पीठम के दोनों जगद्गुरुओं के आशीष से शुरू अनुष्ठान में विश्व शांति और धर्म की रक्षा के लिए संकल्प लिया गया। पहले दिन विष्णु सहस्रनाम पाठ हुआ। ब्रह्मश्री कल्वाकोलानु रामचन्द्रमूर्ति एवं गुरुपत्नी जयलक्ष्मी रामचन्द्रमूर्ति के सानिध्य में सुबह गणपति हवन, प्रार्थना पाठ, मंडपाधना, दीक्षा, ऋत्विक वरुण पंच गव्य प्रासन, अग्नि स्थापना, गणपति के अंग हवन, रुद्र नवग्रह आदि और गायत्री हवन हुआ।
दोपहर बाद लक्ष्य बिल्वार्चना हुआ। रामचन्द्रमूर्ति ने विष्णु दर्शन पर प्रवचन किया। उन्होंने बताया कि दूसरे दिन सुबह एक लाख रुद्राक्ष पूजन, लहरी व ललिता सहस्रनाम पारायण होगा। गुरु विश्वेश्वर के दर्शन और प्रवचन होंगे।
मां दुर्गा का गुड़हल के फूलों से शृंगार, मानस पाठ
थानारामपुर स्थित मां दुर्गा का शनिवार को शृंगार हुआ। मां के दर्शन और पूजन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। मां दुर्गा के 13वें शृंगार पर सुबह वैदिक ब्राह्मणों ने पंचामृत स्नान कराकर आभूषण धारण करवाया। गुड़हल सहित अन्य फूलों से मोहक शृंगार किया गया। मंत्रोच्चार के साथ पूजन संपन्न हुआ। मंदिर परिसर को फूल-पत्तियों और रंग-बिरंगी विद्युत झालरों से सजाया गया। संगीतमय श्रीरामचरितमानस का पाठ हुआ। प्रसाद का वितरण भी किया गया। शृंगार में गुलाब प्रसाद, रामचंद्र गुप्ता, डॉ. मनोज, संजय गुप्ता, अजय, सुरजीत, विवेक, नितेश, रितेश आदि का सहयोग रहा।
श्रीकृष्ण-सुदामा की मित्रता प्रेम की मिसाल
जाल्हुपुर मधुकरपुर स्थित मां शीतला मंदिर के समीप चल रही सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा में शनिवार को कथावाचक आचार्य नरदेव गिरी ने श्रीकृष्ण-सुदामा की पावन मित्रता का प्रसंग सुनाया। उन्होंने कहा कि जीवन में सच्चा मित्र मिलना बड़े सौभाग्य की बात होती है। भगवान श्रीकृष्ण और सुदामा की मित्रता निस्वार्थ प्रेम, विश्वास और समर्पण की अद्भुत मिसाल है। सच्ची मित्रता में न स्वार्थ होता है और न ही ऊंच-नीच का भेदभाव। सच्चा मित्र वही होता है जो हर परिस्थिति में साथ निभाए। श्रीकृष्ण-सुदामा की मित्रता हमें प्रेम, विश्वास और त्याग का संदेश देती है। कथा में पूर्व ब्लॉक प्रमुख सुधीर सिंह पप्पू, पूर्व जिला पंचायत सदस्य पप्पू यादव, विनय यादव, सूबेदार यादव, रामाश्रय अकेला सहित अन्य श्रद्धालुओं ने भक्ति भाव से कथा का श्रवण किया।
दिव्य कला कौशल प्रदर्शनी का हुआ समापन
दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग की ओर से आयोजित तीन दिवसीय दिव्य कला कौशल प्रदर्शनी का शनिवार को समापन हो गया। मुख्य अतिथि, उत्तर प्रदेश सहकारी आवास संघ के चेयरमैन राजेंद्र प्रसाद सिंह कुशवाहा और विशिष्ट अतिथि, क्षेत्रीय मंत्री भाजपा डॉ. सुदामा पटेल ने प्रदर्शनी का अवलोकन किया और उत्कृष्ट कार्य करने वाले प्रतिभागियों की सराहना की। दिव्यांग बच्चों पंखुडी श्रीवास्तव, रंजीत निगम, हार्दिक मौर्या, सूरज वर्मा, निधि प्रजापति और तनु केशरी ने ग्रुप डांस प्रस्तुत किया, जबकि रंजीत निगम ने शिव तांडव श्लोक की प्रस्तुति दी।
धन धन मूरत कृष्ण मुरारी...
सुबह ए बनारस में शनिवार को दिव्यांशी द्विवेदी ने सुर साधना की। राग भैरव में विलंबित एकताल में निबद्ध बंदिश के बोल थे—लालन जागो...। द्रुत तीनताल में निबद्ध बंदिश के बोल थे, धन धन मूरत कृष्ण मुरारी...। भजन के बोल थे...जय जय जय गिरिराज किशोरी...। चैती-लिहले जनम रघुराई... से गायन को विराम दिया। तबले पर किसलय कुमार एवं संवादिनी पर डॉ. पंकज शर्मा ने संगत की। कलाकारों को प्रमाणपत्र डॉ. रत्नेश वर्मा ने दिया।
अतुल कायस्थ महासभा के बने वरिष्ठ उपाध्यक्ष
अखिल भारतीय कायस्थ महासभा के युवा संभाग को और अधिक सशक्त और क्रियाशील बनाने के लिए संगठन का विस्तार किया गया। युवा संभाग के राष्ट्रीय अध्यक्ष अभिनव श्रीवास्तव ने अतुल कुमार श्रीवास्तव को राष्ट्रीय वरिष्ठ उपाध्यक्ष मनोनीत किया। कार्यालय में आयोजित समारोह में अतुल कुमार श्रीवास्तव को नियुक्ति पत्र दिया। अभिनव श्रीवास्तव ने कहा कि अतुल के संगठन से जुड़ने और इस महत्वपूर्ण जिम्मेदारी को संभालने से कायस्थ समाज को मजबूती मिलेगी।
स्नेहा व संगीता ने कथक से किया विभोर
नमो घाट पर सांस्कृतिक संध्या में शनिवार को कोलकाता की स्नेहा शाह और संगीता विश्वास ने कथक से सभी को मुग्ध किया। उन्होंने तीन ताल के बाद होली पर आधारित ठुमरी की धुन पर भावनात्मक नृत्य प्रस्तुत किया। अंत में तराना और शिव वंदना पेश कर भगवान शिव की आराधना की। संयोजक अंशुमान महाराज और संचालन अनूप मिश्रा ने किया।