सोनभद्र: दो अंतरराज्यीय गांजा तस्करों पर 20-20 हजार इनाम, नवंबर में दर्ज हुआ था मामला; प्रकरण में 7 हैं नामजद
गैंगस्टर एक्ट में फरार दो अंतरराज्यीय गांजा तस्करों पर पुलिस ने 20-20 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है। ओडिशा से प्रयागराज तक गांजा तस्करी करने वाले गैंग के खिलाफ नवंबर में मुकदमा दर्ज हुआ था। प्रकरण में सात आरोपी नामजद हैं। एक आरोपी की अग्रिम जमानत अर्जी खारिज हो चुकी है, जबकि अभी तक केवल एक को राहत मिली है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
ओडिशा से गांजा लाकर प्रयागराज जोन में तस्करी करने वाले अंतरराज्यीय गैंग के लीडर धीरेंद्र तिवारी सहित दो की गिरफ्तारी पर 20-20 हजार का इनाम घोषित किया गया है। नवंबर 2025 में दर्ज किए गए मामले में लंबी फरारी को देखते हुए एसपी अभिषेक वर्मा ने शुक्रवार को इसकी घोषणा की है। इनाम घोषित आरोपियों में एक ने जिले की अदालत में अग्रिम जमानत अर्जी भी दाखिल कर रखी थी, जिसे पिछले दिनों न्यायालय ने खारिज कर दिया।
ओडिशा से प्रयागराज तक गांजा तस्करी करने वाले इस गिरोह के सदस्य 42 किलो गांजा के साथ पिछले वर्ष चोपन थाने में पकड़े गए थे। विवेचना के दौरान सामने आई जानकारियों के आधार पर तत्कालीन प्रभारी निरीक्षक कुमुद शेखर सिंह ने 18 नवंबर 2025 को चोपन थाने में गैंगस्टर एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कराई थी।
इसमें गैंग लीडर बताए जा रहे धीरेंद्र तिवारी उर्फ राजेश के साथ गैंग के सदस्य आयुष पांडेय उर्फ नितिन, आकाश शुक्ला, बृजेश कुमार, विवेक तिवारी उर्फ सम्राट, कान्हा त्रिपाठी, संयम बागची उर्फ बप्पी को आरोपी बनाया गया था।
इसमें आकाश और नितिन ने जिले की अदालत में अग्रिम जमानत की अर्जी लगाई थी, जिसे न्यायालय ने पिछले दिनों खारिज कर दिया। आकाश को गत 11 अगस्त को हाईकोर्ट से राहत मिल गई लेकिन नितिन सहित अन्य आरोपियों को कोई राहत अभी नहीं मिल पाई है। आकाश ने प्राथमिकी को भी चुनौती दी थी जिसे हाईकोर्ट ने खारिज कर दिया।
लंबी फरारी को देखते हुए घोषित किया गया इनाम : एसपी
पुलिस कप्तान अभिषेक वर्मा ने बताया कि गैंगस्टर एक्ट में वांछित चल रहे सीधी (मध्य प्रदेश) जिले के कमर्जी थाना क्षेत्र के सलैया निवासी धीरेंद्र तिवारी उर्फ राजेश तिवारी, और प्रयागराज जिले के नवाबगंज थाना क्षेत्र के बनाई का पुरा-जुड़ापुर जीर बरी भोज निवासी आयुष पांडेय उर्फ नितिन लंबे समय से फरार चल रहे हैं।
पुलिस की तरफ से उनकी गिरफ्तारी के लगातार प्रयास जारी हैं। जल्द गिरफ्तारी हो इसके लिए दोनों पर 20-20 हजार का इनाम घोषित किया गया है। किसी भी व्यक्ति को उपरोक्त आरोपियों के संबंध में कोई विश्वसनीय सूचना प्राप्त होती है, तो वह निकटतम थाना या सोनभद्र पुलिस को तत्काल अवगत करा सकता है। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।