यूपी कॉलेज: आगे के दो बेंच पर सिर्फ हॉस्टलर्स ही नहीं बैठेंगे, जबरन हटाया तो एंटी रैगिंग पोर्टल पर शिकायत
Varanasi News: यूपी कॉलेज में नोटिस जारी किया गया है। जिसमें कहा गया है कि आगे के दो बेंच पर सिर्फ हॉस्टलर्स ही नहीं बैठेंगे। यहां बैठे छात्रों को यदि जबरन हटाया तो एंटी रैगिंग पोर्टल पर शिकायत की जाएगी।
विस्तार
कक्षाओं में आगे के दो बेंच पर सिर्फ हॉस्टलर्स ही नहीं बैठेंगे। यदि किसी ने आगे बैठे छात्र को जबरन हटाकर पीछे किया तो ये दुर्व्यवहार है और उसके खिलाफ एंटी रैगिंग के तहत कार्रवाई हो सकती है। ये नियम उदय प्रताप कॉलेज का है। प्राचार्य की ओर से एक नोटिस जारी कर छात्रों को आगाह किया गया है कि यदि जबरन हटाकर कोई बैठा तो एंटी रैगिंग पोर्टल पर उसकी शिकायत होगी। कक्षाओं में आगे के दो बेंच पर एकाधिकार को खत्म करने वाली नोटिस काफी चर्चा में है। अभी तक 10-12वीं में ऐसी समस्या देखी गई थी।
यूपी कॉलेज की नोटिस
महाविद्यालय में अध्ययनरत छात्र और छात्राओं को सूचित किया जाता है कि यदि कोई आगे की दो बेंच पर किसी विद्यार्थी को बैठने से मना करता है या बैठते हैं या बैठने पर दुर्व्यवहार करता है या अकेले केवल हॉस्टल के ही छात्र आगे की दो बेंच पर बैठते हैं तो यह दुर्व्यवहार की श्रेणी में आएगा।
इसे भी पढ़ें; Cough Syrup Case: सिरप के अवैध कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, स्वप्निल केसरी की 3.5 करोड़ की संपत्तियां जब्त
कक्षा के सभी छात्र या छात्रा सामूहिक रूप से उसका विरोध करें। साथ ही बैठने से मना करने वाले विद्यार्थी की मोबाइल से फोटो खींच लें और फोटो के साथ कॉलेज प्रशासन को घटना की सूचना भेजते हुए एंटी रैगिंग पोर्टल पर भी इसकी शिकायत दर्ज कराएं। कक्षा में इस प्रकार के आचरण पर रोक लगाया जाना अत्यंत आवश्यक है। कॉलेज प्रशासन आम विद्यार्थियों के सहयोग से संकल्पित है। यदि इस प्रकार की कोई घटना होती है तो इसकी सूचना मुख्य नियंता के मोबाइल नंबर पर भी दें।
दो साल पहले तक सामने आते थे
यूपी कॉलेज में दो साल या उसके पहले ऐसे झगड़ों या दुर्व्यवहार के मामले सामने आते थे। अब तो सारे हॉस्टल भी बंद हो गए हैं। हॉस्टल का प्रभाव भी खत्म हो गया है। वहीं जो रह गए हैं वो ऐसा नहीं करते देखे जा रहे हैं। लेकिन सुरक्षा और एहतियातन ये कदम उठाए जाते हैं। एक और नोटिस जारी कर बताया गया है कि किसी बाहरी व्यक्ति या छात्र-छात्रा द्वारा मारपीट, दुर्व्यवहार आदि घटनाओं को अंजाम दिया जाता है तो तत्काल उसकी सूचना कॉलेज के अधिकारियों को दी जा सकती है। एंटी रैगिंग टोल फ्री नंबर 18001805522 पर भी शिकायत की जा सकती है।