वाराणसी: यूपी बोर्ड परीक्षा के लिए 134 केंद्र तय, 89,577 परीक्षार्थी देंगे परीक्षा
यूपी बोर्ड परीक्षा 2027 के लिए वाराणसी में 134 केंद्र निर्धारित किए गए हैं। हाईस्कूल और इंटरमीडिएट के कुल 89,577 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे। केंद्रों पर 21 नवंबर तक ऑनलाइन आपत्तियां दर्ज कराई जा सकती हैं। अंतिम सूची 27 नवंबर को जारी होगी।
विस्तार
यूपी बोर्ड की वर्ष 2027 की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा के लिए वाराणसी में 134 परीक्षा केंद्र निर्धारित किए गए हैं। इन केंद्रों पर कुल 89,577 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे। जिला समिति से अनुमोदित परीक्षा केंद्रों की अनंतिम सूची सोमवार को बोर्ड की वेबसाइट पर अपलोड कर दी गई। पहले जारी प्रस्तावित सूची में 117 केंद्र शामिल थे। आपत्तियों के निस्तारण के बाद 17 नए केंद्र बढ़ाए गए हैं।
94 आपत्तियों का किया गया निस्तारण
बोर्ड की ओर से केंद्र आवंटन की पहली अनंतिम सूची जारी होने के बाद परीक्षा केंद्रों के निर्धारण पर दावे और आपत्तियां मांगी गई थीं। इस दौरान जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय को कुल 94 आपत्तियां प्राप्त हुई थीं। जिला समिति ने इनका परीक्षण कर निस्तारण किया। इसके बाद संशोधित सूची में 134 परीक्षा केंद्र निर्धारित किए गए।
21 नवंबर तक ऑनलाइन दर्ज करा सकते हैं आपत्ति
क्षेत्रीय बोर्ड कार्यालय के अपर सचिव भास्कर मिश्रा ने बताया कि प्रस्तावित सूची को लेकर किसी को आपत्ति है तो वह 21 नवंबर तक अपना प्रत्यावेदन दर्ज करा सकता है। आपत्तियां केवल परिषद के पोर्टल पर ऑनलाइन स्वीकार की जाएंगी। इसके साथ आपत्ति का उचित कारण और संबंधित साक्ष्य प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा।
27 नवंबर को जारी होगी अंतिम सूची
आपत्तियों के निस्तारण के बाद बोर्ड की ओर से 27 नवंबर को परीक्षा केंद्रों की अंतिम सूची जारी की जाएगी। इसके बाद वर्ष 2027 की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा के लिए केंद्रों का अंतिम निर्धारण हो जाएगा।
