Varanasi News: चार बदमाशों ने स्कूटी सवार से पांच लाख रुपये लूटे, भागने के दौरान बुलेट पलटी; तीन हिरासत में
Varanasi News: वाराणसी के चेतगंज क्षेत्र के तेलियाबाग में स्कूटी सवार अमित कुमार सर्राफ से चार बदमाशों ने पांच लाख रुपये लूट लिए। भागते समय बदमाशों की बुलेट बाइक पलट गई, जिसे पुलिस ने कब्जे में ले लिया। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर तीन संदिग्ध हिरासत में हैं। क्राइम ब्रांच समेत विशेष टीमें मामले की जांच कर रही हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
वाराणसी के चेतगंज थाना क्षेत्र के तेलियाबाग में स्कूटी सवार सोराकुआं चौक निवासी अमित कुमार सर्राफ से बुलेट समेत दो बाइक से आए चार बदमाशों ने पांच लाख रुपये लूट लिए। अमित ने पांच लाख रुपये कपड़े के झोले में स्कूटी के आगे रखे थे। घटना को अंजाम देने और भागने के दौरान बुलेट पलट गई। ऐसे में बदमाश एक ही बाइक से भाग निकले।
मौके पर पहुंची पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से घटना की जांच की। बुलेट को जब्त कर जांच के बाद तीन युवकों को हिरासत में लिया।
पुलिस को दी तहरीर में अमित कुमार ने बताया कि वह शनिवार की देर रात नदेसर से अपने दो मित्र विजय जायसवाल और अरुण सेठ से पांच लाख रुपये लेकर अपने मित्र विकास वर्मा के साथ चौक स्थित अपने घर लौट रहा था। इन पैसों से एक जमीन की रजिस्ट्री करानी थी।
रात 12 बजे वह तेलियाबाग स्थित एक रेस्टोरेंट के पास पहुंचा ही था कि वहां मौजूद तीन से चार युवकों ने उसे घेर लिया। स्कूटी के आगे झोले में रखे पांच लाख रुपये धमकाकर लूट लिए। गोली मारने की धमकी देते हुए बदमाश भाग निकले। इस दौरान शोर मचने पर भागते समय घटना में प्रयुक्त एक बुलेट छोड़कर एक ही बाइक पर तीन से चार बदमाश भाग निकले।
पुलिस ने की कार्रवाई
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस अधिकारियों ने पीड़ित को साथ लेकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ की। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी, जिससे बदमाशों की गतिविधियों से जुड़े महत्वपूर्ण सुराग मिल सकें।
पुलिस जांच के दौरान घटना में प्रयुक्त बुलेट मोटरसाइकिल बरामद कर ली गई। इसके आधार पर पुलिस ने तीन संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। लूटी गई रकम की बरामदगी और अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है।
थाना प्रभारी विजय कुमार शुक्ला ने बताया कि खुलासे के लिए एसीपी ने क्राइम ब्रांच समेत दो विशेष टीमें गठित की हैं। तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और हिरासत में लिए गए संदिग्धों से पूछताछ के आधार पर जल्द ही पूरे गिरोह का खुलासा होगा। पुलिस प्राथमिकी दर्ज कर मामले के सभी पहलुओं से जांच कर रही है।