सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Varanasi News ›   Varanasi News Today Convict in Teenager Abduction Sentenced to Seven Years Imposter Exam Candidate Arrested

Varanasi News Today: किशोरी के अपहरण के दोषी को सात साल की सजा, फर्जी परीक्षार्थी गिरफ्तार समेत अन्य खबरें

अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी। Published by: Pragati Chand Updated Wed, 01 Apr 2026 03:16 PM IST
विज्ञापन
सार

Varanasi News: किशोरी का अपहरण करने और उसके परिजनों को धमकाने के मामले में पीड़ित पक्ष ने मुख्य आरोपी समेत पांच लोगों के खिलाफ 16 अगस्त 2016 में फूलपुर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। अब मामले में आरोपी को सात साल की सजा हुई। 

Varanasi News Today Convict in Teenager Abduction Sentenced to Seven Years Imposter Exam Candidate Arrested
वाराणसी की प्रमुख खबरें। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार

विशेष न्यायाधीश (पॉक्सो एक्ट) नितिन पांडेय की अदालत ने किशोरी का अपहरण करने और उसके परिजनों को धमकाने के मामले में विकास पटेल निवासी ठठरा को दोषी पाया और सात साल की सजा सुनाई। विशेष लोक अभियोजक संतोष सिंह ने वादी का पक्ष रखा। इस मामले में पीड़ित पक्ष ने मुख्य आरोपी समेत पांच लोगों के खिलाफ 16 अगस्त 2016 में फूलपुर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। आरोप था कि विकास पटेल पीड़ित के घर से 20 जुलाई तड़के 4.30 बजे किशोरी को बहलाकर अपने साथ भगा ले गया। इसकी जानकारी होने पर जब पीड़ित परिवार आरोपी के घर पहुंचा तो आरोपी और उसके घर वालों ने मारपीट कर भगा दिया।

Trending Videos


स्नैपचैट के जरिये मिली घर से नाराज होकर गई किशोरी
भेलूपुर थाना क्षेत्र निवासी 16 वर्षीय किशोरी घर से नाराज होकर कहीं चली गई थी। पुलिस ने स्नैपचैट के जरिये किशोरी को चंद घंटों में बरामद कर परिजनों को सुपुर्द कर दिया। किशोरी के पिता ने पुलिस को सूचना दी कि उनकी बेटी सोमवार शाम घर से कहीं चली गई है। पुलिस टीम ने स्नैपचैट और इंस्टाग्राम के जरिये किशोरी की लोकेशन ट्रैक की और उसे बरामद कर लिया। पूछताछ में किशोरी ने बताया कि वह नाराज होकर सहेली के घर चली गई थी। पुलिस ने किशोरी को समझाकर परिजनों के सुपुर्द कर दिया।
विज्ञापन
विज्ञापन

  
यूपी बोर्ड इंटरमीडिएट परीक्षा में फर्जी परीक्षार्थी गिरफ्तार
इंटरमीडिएट भौतिक विज्ञान परीक्षा में दूसरे अभ्यर्थी के स्थान पर परीक्षा देने वाले आरोपी वैभव सिंह को सिंधोरा पुलिस ने मंगलवार को गिरफ्तार किया। यूपी बोर्ड इंटरमीडिएट की भौतिक विज्ञान परीक्षा में अभ्यर्थी के स्थान पर कूटरचित दस्तावेजों के माध्यम से वैभव सिंह परीक्षा में बैठा था। इस बीच वह पहली मंजिल के कक्ष से कूदकर भाग निकला था। गिरफ्तार आरोपी फत्तेपुर ताड़ी का निवासी है।

सिंधोरा थाना प्रभारी ज्ञानेंद्र त्रिपाठी ने बताया कि 6 मार्च को एसबी इंटर कॉलेज बूची स्थित परीक्षा केंद्र पर यूपी बोर्ड की भौतिक विज्ञान की परीक्षा थी। परीक्षा के दौरान कक्ष संख्या 8 में अभ्यर्थी के आधार कार्ड के फोटो में असंगति पाई गई। कक्ष निरीक्षक द्वारा आधार कार्ड के फोटो का मिलान करने पर अभ्यर्थी की पहचान सत्यापित नहीं हो सकी। इस दौरान कक्ष निरीक्षक द्वारा पूछताछ करने पर आरोपी कक्ष संख्या 8 के प्रथम तल से कूदकर मौके से भाग निकला था। तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की गई थी।

401 ग्राम हेरोइन के साथ आरोपी गिरफ्तार

एंटी नारकोटिक्स फोर्स वाराणसी व चौबेपुर पुलिस की टीम ने मंगलवार की शाम भंदहा कला गांव से नशीला पदार्थ (हेरोइन) के साथ आरोपी ऋषिकेश उर्फ ऋषु मिश्रा को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से 401 ग्राम हेरोइन बरामद की गई। गिरफ्तार आरोपी चौबेपुर थाना क्षेत्र के जयरामपुर मुनारी का निवासी है। एंटी नारकोटिक्स फोर्स वाराणसी के एसआई कुलदीप शर्मा ने बताया कि आरोपी ऋषिकेश उर्फ ऋषु मिश्रा को गिरफ्तार किया गया है। 

पत्नी की पिटाई में पति गिरफ्तार
पत्नी की पिटाई के आरोपी पति संजय सिंह को चेतगंज पुलिस ने मंगलवार को पिशाचमोचन से गिरफ्तार किया। चेतगंज इंस्पेक्टर विजय कुमार शुक्ला ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी पिशाचमोचन का निवासी है। पीड़िता ने तहरीर दी कि पति पिटाई करता है। पुलिस टीम ने समझाने का प्रयास किया तो आरोपी पति संजय सिंह उग्र हो गया और विवाद करने लगा। शांति भंग की आशंका में आरोपी को गिरफ्तार किया गया।  

किशोरी को अगवा करने का आरोपी गिरफ्तार
किशोरी को बहला फुसलाकर ले जाने के आरोपी देवेंद्र कुमार को चोलापुर पुलिस ने मंगलवार को मोहांव चौराहे से गिरफ्तार किया। चोलापुर थाना प्रभारी दीपक कुमार ने बताया कि 14 मार्च को पीड़ित ने प्राथमिकी दर्ज कराई। गिरफ्तार आरोपी गोला का निवासी है। 
 
डीसीपी आकाश पटेल को पुलिस आयुक्त ने दी विदाई
पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने डीसीपी अपराध व गोमती जोन आकाश पटेल को विदाई दी। कैंप कार्यालय में आकाश पटेल को महत्वपूर्ण योगदान के लिए सम्मानित किया। पुलिस आयुक्त ने कहा कि आकाश पटेल ने अपने सेवाकाल के दौरान कर्तव्यनिष्ठा, उत्कृष्ट नेतृत्व क्षमता एवं जनसेवा के प्रति समर्पण का अनुकरणीय उदाहरण प्रस्तुत किया है, उनकी सेवाएं सदैव प्रेरणास्रोत रहेंगी। विदाई समारोह में अपर पुलिस आयुक्त कानून-व्यवस्था एवं मुख्यालय शिवहरी मीणा, पुलिस उपायुक्त काशी जोन गौरव बंशवाल, पुलिस उपायुक्त वरुणा जोन प्रमोद कुमार आदि रहे। उधर, सहायक पुलिस आयुक्त सोमवीर सिंह सिरोही समेत तीन अधिकारियों व कर्मचारियों को सेवानिवृत्ति पर विदाई दी। एसीपी सोमवीर सिंह सिरोही, एसआई रामनिधि मिश्र व मुख्य आरक्षी चालक मंगला सिंह को उनके उत्कृष्ट सेवाकाल के लिए पुलिस आयुक्त ने कैंप कार्यालय में सम्मानित किया।

दहेज उत्पीड़न में प्राथमिकी दर्ज

टिसौरा मेहनगर आजमगढ़ निवासी ज्योति शुक्ला ने दहेज उत्पीड़न का आरोप लगाकर पति के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई। पुलिस को दी तहरीर में ज्योति शुक्ला ने बताया कि उसकी शादी 20 अप्रैल 2016 को खुशहालनगर बड़ालालपुर निवासी सौरभ कुमार पांडेय से हुई थी। शादी के बाद पति दहेज कम मिलने की बात कहकर मारपीट और प्रताड़ित करने लगा। थाना प्रभारी अजीत वर्मा ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है। 

किशोरी लापता, मां की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज
रोहनिया थाना क्षेत्र से किशोरी के लापता होने के मामले में पीड़िता की मां की तहरीर पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की। पुलिस को दी तहरीर में पीड़िता की मां ने बताया कि वह सोमवार को आधार कार्ड बनवाने के लिए घर से गई थी। परिजनों ने आस-पास और परिचितों व रिश्तेदारों के यहां काफी खोजबीन की, लेकिन पता नहीं चल सका। प्रभारी निरीक्षक राजू सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और नाबालिग की तलाश के लिए जांच शुरू कर दी गई है। 

इसे भी पढ़ें; Cough Syrup Case: मास्टरमाइंड शुभम जायसवाल के खिलाफ एफआईआर, भगोड़ा घोषित; रेड कॉर्नर नोटिस जारी

अस्सी क्षेत्र में वाहन टकराने पर मारपीट और पथराव
अस्सी क्षेत्र में वाहन टकराने की मामूली बात को लेकर मंगलवार की देर शाम दो पक्षों में मारपीट और पथराव हुआ। अस्सी घाट जाने वाले मार्ग पर हुई मारपीट के दौरान 5 मिनट तक अराजकता का माहौल रहा। एक वाहन और ई-रिक्शा में टक्कर के बाद विवाद बढ़ा। घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल है। मौके पर पहुंची भेलूपुर पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित किया। भेलूपुर इंस्पेक्टर सुधीर कुमार त्रिपाठी ने बताया कि दोनों पक्षों की पहचान कराई जा रही है। सीसीटीवी कैमरे और वाहन रजिस्ट्रेशन नंबर की पहचान कराई जा रही है।  

हाईटेंशन तार से निकली चिंगारी से दो बीघा गेहूं की फसल जली 

मिर्जामुराद क्षेत्र के हरपुर गांव में मंगलवार को दोपहर हाईटेंशन तार से निकली चिंगारी से खेत में आग लग गई। इसमें किसान सियाराम प्रसाद की करीब दो बीघा गेहूं की फसल जल गई। खेत के किनारे से 11000 वोल्टेज की लाइन गुजर रही है। स्पार्किंग के दौरान निकली चिंगारी सूखी फसल पर गिरने से आग फैल गई। ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, जिससे अन्य खेत बच गए। ग्रामीणों ने बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाया है। 
 
हाईटेंशन तार से टकराई मैजिक, गेहूं की फसल व गाड़ी जली
मिर्जामुराद क्षेत्र के करधना (भटुपुरवा) गांव में मंगलवार को 11 हजार वोल्ट के झूलते बिजली तार से टकराने पर मैजिक में आग लग गई और खेत से कटे गेहूं को लादकर ले जा रही गाड़ी में चिंगारी से आग भड़क उठी। चालक समेत तीन लोग कूदकर जान बचाई। ग्रामीणों की सूचना पर बिजली आपूर्ति बंद कराई गई। थाना प्रभारी प्रमोद पांडेय ने बताया कि जांच की जा रही है। 

ओटीपी पूछ खाते से 39,967 रुपये निकाला

मिर्जामुराद क्षेत्र के रखौना गांव निवासी सोनी सिंह साइबर ठगी का शिकार हो गईं। पीड़िता ने बताया कि मंगलवार शाम व्हाट्सएप वीडियो कॉल कर खुद को आंगनबाड़ी अधिकारी बताने वाले ठग ने डिलीवरी का पैसा आने की बात कहकर ओटीपी पूछ लिया। ओटीपी बताते ही महिला के खाते से दो बार में 39,967 रुपये कट गए। बाद में फोन बंद हो गया। थाना प्रभारी प्रमोद पाण्डेय ने बताया कि इस मामले में पीड़िता की तहरीर पर पुलिस मामले की जांच में जुटी है।  

रेस्टोरेंट में मारपीट, तोड़फोड़, युवती ने लगाया छेड़खानी का आरोप
पॉपुलर बाटी चोखा में रविवार रात रेस्टोरेंट कर्मियों और ग्राहकों में मारपीट हुई। आरोप है कि रेस्टोरेंट में तोड़फोड़ की गई। वहीं, ग्राहक के साथ आई महिला ने छेड़खानी का आरोप लगाया। दोनों पक्षों की तहरीर पर सिगरा पुलिस ने मारपीट समेत अन्य आरोपों में प्राथमिकी दर्ज की है।

लालपुर-पांडेयपुर निवासी युवती ने पुलिस को बताया कि 29 मार्च की रात वह अपने परिवार के साथ विंध्याचल दर्शन कर लौट रही थीं। सिगरा स्थित पापुलर बाटी चोखा रेस्टोरेंट में भोजन के लिए रुके। पीड़िता के अनुसार, जब उनकी बहन वॉशरूम गईं, तो वहां मौजूद एक अज्ञात व्यक्ति ने दरवाजा खटखटाया और अभद्र भाषा का प्रयोग किया। विरोध करने पर पिटाई की गई। भाई की सोने की चेन छीन ली गई। वहीं, रेस्टोरेंट के मैनेजर बृजेश कुमार वर्मा ने पुलिस को बताया कि चार लोगों ने रेस्टोरेंट में मौजूद ग्राहकों से विवाद किया और तोड़फोड़ की। सिगरा इंस्पेक्टर संजय कुमार मिश्रा ने बताया कि रेस्टोरेंट में लगे सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच की जा रही है। दोनों पक्षों की प्राथमिकी दर्ज की गई है। 
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

एप में पढ़ें

Followed