UP: 13 साल साथ रहने के बाद युवक ने की दूसरी शादी, भोपाल से बेटी संग आई महिला ने गांव में डाला डेरा; पति भागा
Azamgarh News: उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले में यह मामला काफी चर्चा का विषय बना हुआ है। महिला के भाई ने बताया कि पुलिस कार्रवाई करने के लिए पैसे मांग रही है। इसके बाद आरोपी युवक भी परिवार के साथ घर में ताला लगाकर कहीं भाग गया है।
विस्तार
UP News: आजमगढ़ जिले के कप्तानगंज थाना क्षेत्र के मठगोविंद गांव में एक युवक द्वारा पहली पत्नी के रहते दूसरी शादी करने का मामला सामने आने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। जानकारी मिलते ही पहली पत्नी भोपाल से अपनी 12 वर्षीय बेटी के साथ गांव पहुंच गई और न्याय की गुहार लगाते हुए युवक के घर के बाहर डेरा डाल दिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मठगोविंद गांव निवासी जितेंद्र कनौजिया रोजी-रोटी के सिलसिले में गुजरात में रहकर काम करता था। इसी दौरान उसकी मुलाकात भोपाल की रहने वाली एक विधवा महिला से हुई। दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और बाद में उन्होंने मंदिर में विवाह कर लिया। बताया जा रहा है कि दोनों करीब 12 से 13 वर्षों तक पति-पत्नी की तरह साथ रहे और उनके एक बेटी भी है।
आरोप है कि बीते मई माह में जितेंद्र अपने गांव लौट आया और यहां आकर उसने दूसरी युवती से शादी कर ली। इस बात की जानकारी जब भोपाल में रह रही महिला को हुई तो वह परेशान हो उठी। उसने कई बार जितेंद्र से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। अंततः वह अपनी बेटी को लेकर सीधे मठगोविंद गांव पहुंच गई।
घर में ताला लगाकर परिजन फरार
गांव पहुंचने पर पीड़िता ने ग्रामीणों को पूरी घटना बताई, लेकिन आरोप है कि युवक के परिजनों ने उसे घर में घुसने नहीं दिया और वहां से भगाने का प्रयास किया। जब वह नहीं मानी तो परिजन घर में ताला लगाकर फरार हो गए। तब से महिला बेटी के साथ वहीं डटी हुई है।
पीड़िता ने डायल 112 और स्थानीय थाना कप्तानगंज में शिकायत दर्ज कराई है। महिला का कहना है कि उसके पास मौजूद सभी पैसे खत्म हो चुके हैं और अब वह बेटी के साथ भुखमरी की स्थिति में पहुंच गई है। उसने प्रशासन से न्याय और आर्थिक मदद की मांग की है।
इस संबंध में थाना प्रभारी जय प्रकाश ने बताया कि मामला उनके संज्ञान में है। प्रथम दृष्टया यह वैवाहिक विवाद प्रतीत हो रहा है, जो न्यायालय से जुड़ा विषय है। उन्होंने कहा कि शिकायत के आधार पर विधिक प्रक्रिया के तहत आगे की कार्रवाई की जाएगी।