Varanasi Ropeway Fare: रोप-वे सफर के लिए किराया निर्धारित, न्यूनतम 10 और अधिकतम होगा 50 रुपये
Varanasi News: वाराणसी रोप-वे का किराया तय हो गया है। शासन से निर्धारित किराया दर न्यूनतम 10 और अधिकतम 50 रुपये होगा। वाराणसी कैंट से गोदौलिया चौक तक की पूरी यात्रा का किराया 50 रुपये तय किया गया है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
उत्तर प्रदेश शासन ने वाराणसी रोप-वे परियोजना के लिए किराया दरों की अधिसूचना जारी कर दी है। यह कदम शहर में सार्वजनिक परिवहन को आधुनिक और सुगम बनाने की दिशा में उठाया गया है। अधिसूचना के अनुसार, यात्रियों के लिए किफायती किराया निर्धारित किया गया है। वाराणसी कैंट, विद्यापीठ, रथयात्रा और गोदौलिया चौक स्टेशनों के बीच यात्रा के लिए न्यूनतम किराया 10 रुपये तथा अधिकतम किराया 50 रुपये होगा।
वाराणसी कैंट से गोदौलिया चौक तक की पूरी यात्रा का किराया 50 रुपये तय किया गया है। वहीं, विद्यापीठ से रथयात्रा तक की यात्रा के लिए केवल 10 रुपये का शुल्क लगेगा। स्थानीय नागरिकों और नियमित यात्रियों को 'काशी स्मार्ट पास' पर 20 फीसदी की विशेष छूट मिलेगी। इस छूट के साथ कैंट से गोदौलिया चौक तक की यात्रा 40 रुपये में होगी। विद्यापीठ से रथयात्रा तक की यात्रा 8 रुपये में उपलब्ध होगी। निर्धारित किराया दरों में प्रत्येक वर्ष 1 अप्रैल से 5 फीसदी की वृद्धि की जाएगी। इसे 5 रुपये के निकटतम गुणांक तक पूर्णांकित किया जाएगा।
इसे भी पढ़ें; ओबरा में टला बड़ा हादसा: घाट घूमने पहुंचे 11 लोग, बांध से पानी छोड़े जाने पर फंसे, दो घंटे अटकी रहीं सांसें
यात्रियों के लिए अतिरिक्त सुविधाएं
वाराणसी कैंट रोप-वे स्टेशन पर क्लॉक रूम की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी। टिकट धारकों के लिए शुरुआती दो घंटे तक सामान रखने की सुविधा निशुल्क होगी। इसके बाद 15 किलोग्राम तक के सामान के लिए 50 रुपये प्रति घंटा शुल्क निर्धारित है। विशेष पर्यटक और समूह यात्राओं के लिए प्रीमियम गोंडोला सेवा का भी प्रावधान है। प्रीमियम गोंडोला का किराया 2000 रुपये प्रति यात्रा निर्धारित किया गया है। किसी संस्था या समूह द्वारा अग्रिम आरक्षण कराने पर प्रति गोंडोला प्रति यात्रा 1200 रुपये का शुल्क देय होगा।
यह परियोजना देश की पहली शहरी सार्वजनिक परिवहन रोप-वे परियोजना है। यह कैंट रेलवे स्टेशन से गोदौलिया तक लगभग 3.75 किलोमीटर लंबे मार्ग पर संचालित होगी। रोप-वे के संचालन से कैंट से गोदौलिया तक की यात्रा का समय काफी कम हो जाएगा। सड़क मार्ग से लगने वाले 30 से 45 मिनट की तुलना में यह यात्रा मात्र 15 से 16 मिनट में पूरी होगी। इससे शहर के प्रमुख मार्गों पर यातायात का दबाव कम होगा। साथ ही, प्रदूषण नियंत्रण में भी महत्वपूर्ण योगदान मिलेगा।
परियोजना के अंतर्गत वाराणसी कैंट, विद्यापीठ, रथयात्रा और गोदौलिया में आधुनिक स्टेशन विकसित किए गए हैं। इन स्टेशनों पर दिव्यांगजन, वरिष्ठ नागरिकों और महिलाओं की सुविधा का विशेष ध्यान रखा गया है। लिफ्ट, एस्केलेटर, सीसीटीवी निगरानी, अग्नि सुरक्षा व्यवस्था और डिजिटल टिकटिंग जैसी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। यह परियोजना विश्वनाथ धाम, दशाश्वमेध घाट, गोदौलिया, रेलवे स्टेशन और शहर के प्रमुख पर्यटन व व्यापारिक क्षेत्रों को जोड़ेगी। इससे प्रतिदिन हजारों यात्रियों और पर्यटकों को सुगम आवागमन का विकल्प मिलेगा।