भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने दरभंगा स्थित अपने आवास पर आयोजित प्रेस वार्ता में कांग्रेस पार्टी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कांग्रेस पर भगवान श्रीराम के नाम से परहेज करने और वर्षों से मुस्लिम तुष्टिकरण की राजनीति करने का आरोप लगाया।
संजय सरावगी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी ऐतिहासिक रूप से भगवान श्रीराम के नाम से कतराती रही है और आज भी राम का नाम लेने में उसकी जुबान चिपकती है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने न सिर्फ अयोध्या में श्रीराम मंदिर निर्माण का विरोध किया, बल्कि ‘विकसित भारत’ जैसे अभियानों का भी विरोध किया है, क्योंकि इन अभियानों में भगवान श्रीराम का नाम जुड़ा हुआ है। उन्होंने कहा कि ‘विकसित भारत’ के जी-राम-जी (संक्षिप्त रूप) में भी भगवान श्रीराम का नाम निहित है, इसी कारण कांग्रेस इस बिल और अभियान का विरोध कर रही है।
बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए उन्हें “फर्जी सनातनी” बताया। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी सनातन संस्कृति की बातें तो करते हैं, लेकिन उनका व्यवहार इस्लामिक तुष्टिकरण की राजनीति से प्रेरित दिखाई देता है। संजय सरावगी ने कहा, 'इस्लाम के नाम पर कांग्रेस की जुबान आसानी से चलती है, लेकिन भगवान श्रीराम का नाम लेने में इन्हें लज्जा और संकोच महसूस होता है।'
उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस ‘विकसित भारत’ अभियान का विरोध इसलिए कर रही है, क्योंकि इसके संक्षिप्त रूप में भी भगवान श्रीराम का नाम शामिल है। उनके अनुसार यह विरोध कांग्रेस की उसी मानसिकता को उजागर करता है, जो सनातन परंपराओं और आस्था के विरुद्ध रही है।
संजय सरावगी ने कहा कि भगवान श्रीराम भारत की आत्मा हैं और देश की जनता अब भली-भांति समझ चुकी है कि कौन राम के साथ है और कौन राम के विरोध में। उन्होंने तंज कसते हुए कहा, “आज देश की जनता कांग्रेस के लिए ‘राम नाम सत्य’ कर रही है।” उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस और उसके नेताओं ने अतीत में भगवान श्रीराम के अस्तित्व पर भी सवाल उठाए और अयोध्या में राम मंदिर निर्माण का खुलकर विरोध किया। इसी कारण देश के सनातनी समाज ने कांग्रेस को राजनीतिक रूप से नकार दिया है।
ये भी पढ़ें:
चाची के निधन के बाद मंदिर में हुई भतीजी की शादी, फिर हुआ अंतिम संस्कार
बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष के इस बयान के बाद दरभंगा समेत पूरे प्रदेश की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। हालांकि, कांग्रेस की ओर से अभी तक इस बयान पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है, लेकिन आने वाले दिनों में इस मुद्दे पर सियासी बयानबाजी और तेज होने की संभावना जताई जा रही है।
'लोकल से ग्लोबल बन रहा बिहार का सुपरफूड मखाना'
दिल्ली में गणतंत्र दिवस समारोह के अवसर पर रक्षा मंत्रालय की ओर से आयोजित भारत पर्व 2026 में बिहार की झांकी के लिए मखाना के चयन पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने प्रसन्नता व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि मिथिलांचल के पारंपरिक पोखरों से निकलकर मखाना आज दुनिया की थाली तक पहुंच चुका है और यह आत्मनिर्भर बिहार की सशक्त पहचान बन गया है।
उन्होंने कहा कि रक्षा मंत्रालय द्वारा गणतंत्र दिवस पर आयोजित भारत पर्व में बिहार की झांकी ने राज्य की सांस्कृतिक विरासत और आर्थिक सामर्थ्य को प्रभावशाली तरीके से प्रस्तुत किया है। भारत पर्व के तहत देश की सांस्कृतिक, आर्थिक और सामाजिक विविधताओं को झांकियों, हस्तशिल्प, खानपान और परंपराओं के माध्यम से प्रदर्शित किया जाएगा।
संजय सरावगी ने बताया कि जीआई टैग मिलने के बाद मखाना को वैश्विक पहचान मिली है। महिला सहभागिता की मजबूत भूमिका और किसानों के अथक परिश्रम ने मखाना को एक अंतरराष्ट्रीय सुपरफूड के रूप में स्थापित किया है। उन्होंने कहा कि यह झांकी न केवल बिहार की प्रगति को दर्शाएगी, बल्कि भारत की वैश्विक पहचान को भी और अधिक सुदृढ़ करेगी।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि बिहार की झांकी यह संदेश देती है कि परंपरा, कड़ी मेहनत और नवाचार के संगम से स्थानीय आजीविका को वैश्विक पहचान दी जा सकती है। यह झांकी हमारी विरासत और उद्यमिता का प्रतीक है। उन्होंने आगे कहा कि यह प्रस्तुति ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ की भावना को भी दर्शाती है, जहां सही नीति और नियत के साथ स्थानीय उत्पादों को नवाचार के जरिए विश्व स्तर पर पहचान दिलाई जा सकती है।