सुपौल जिले में मंगलवार की सुबह आयकर विभाग की अचानक कार्रवाई से हड़कंप मच गया। विभाग की टीम ने पनोरमा ग्रुप के सीएमडी संजीव मिश्रा से जुड़े कई ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की। सबसे प्रमुख कार्रवाई छातापुर थाना क्षेत्र स्थित पनोरमा ग्रुप के पनोरमा पब्लिक स्कूल परिसर में देखी गई, जहां कई गाड़ियों से पहुंची टीम ने परिसर को घेरकर दस्तावेजों की जांच शुरू कर दी।
सूत्रों के अनुसार, सुबह-सुबह हुई इस कार्रवाई से स्थानीय स्तर पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। इस दौरान मीडिया को स्कूल परिसर और आसपास के इलाके से दूर रखा गया। अधिकारी पूरी तरह गोपनीयता बरतते हुए जांच में जुटे रहे और किसी भी तरह की आधिकारिक जानकारी साझा नहीं की गई।
जानें पूरा मामला
बताया जा रहा है कि संजीव मिश्रा सुपौल क्षेत्र के बड़े कारोबारी हैं और शिक्षा क्षेत्र में भी उनकी मजबूत पकड़ मानी जाती है। पनोरमा ग्रुप के तहत उनके कई स्कूल संचालित हैं। इसके अलावा, वह बीते करीब एक दशक से कोसी-सीमांचल के इलाके में बिल्डर के तौर पर काम कर रहे हैं। मूल रूप से छातापुर थाना क्षेत्र के रामपुर निवासी संजीव का कारोबार सुपौल के अलावा अररिया, पूर्णिया, किशनगंज, सहरसा, भागलपुर, मुजफ्फरपुर और पटना तक फैला हुआ है। हालांकि, छापेमारी का कारण और जांच का दायरा अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। पनोरमा ग्रुप का मूल कामकाज पूर्णिया से संचालित होता है। वहीं चर्चा है कि पूर्णिया में भी पनोरमा ग्रुप से जुड़े कई ठिकानों पर रेड की गई, लेकिन यह सूचना अभी अपुष्ट है।
ये भी पढ़ें- Rohini Acharya: 'महिलाओं के प्रति मानसिक-वैचारिक कुंठा से ग्रस्त हैं नीतीश', विधानसभा में CM की किस बात पर भड़कीं रोहिणी?
मामले को लेकर सुपौल के पुलिस अधीक्षक और त्रिवेणीगंज के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी से संपर्क किया गया, लेकिन दोनों अधिकारियों ने इस कार्रवाई की पुष्टि नहीं की। प्रशासनिक चुप्पी के बीच सुपौल और आसपास के इलाकों में यह कार्रवाई चर्चा का विषय बनी हुई है। फिलहाल आयकर विभाग की टीम पनोरमा पब्लिक स्कूल परिसर में दस्तावेजों और वित्तीय रिकॉर्ड की जांच में जुटी हुई है। छापेमारी कितनी देर तक चलेगी और इसके क्या नतीजे सामने आएंगे, इस पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।
करजाइन में भी आयकर की रेड
इधर, आयकर विभाग की एक अन्य टीम सुपौल जिले के करजाइन बाजार स्थित बसंत राइस मिल पर भी छापेमारी के लिए पहुंची। टीम राइस मिल के मालिक बसंत साह के घर भी जांच में जुटी है। अधिकारी फिलहाल किसी भी जानकारी को साझा करने से बच रहे हैं और जांच पूरी होने के बाद ही विवरण देने का संकेत दिया है।