मोकामा में रेलवे परिसर के एवेंडेड क्वार्टरों पर बुलडोजर चला दिया गया। यह कार्रवाई तब हुई जब एक दिन पहले ही वहां रहने वाले लोगों ने मोकामा के विधायक अनंत सिंह से मुलाकात कर अपनी समस्या बताई थी। लोगों का कहना है कि विधायक ने उन्हें भरोसा दिया था कि कोई व्यवस्था की जाएगी, लेकिन इसके बावजूद रेलवे प्रशासन ने तोड़फोड़ की कार्रवाई कर दी। जानकारी के अनुसार, डीआरएम विनोद कुमार के सख्त रुख के बाद यह कार्रवाई की गई। गुरुवार को भारी सुरक्षा के बीच क्वार्टरों को तोड़ने का काम शुरू हुआ।
पहले दिया गया था खाली करने का नोटिस
रेल प्रशासन ने 22 मार्च को सभी क्वार्टरों पर नोटिस चिपकाकर उन्हें खाली करने का आदेश दिया था। इसके बावजूद वहां रहने वाले लोगों ने क्वार्टर खाली नहीं किया। गुरुवार को जीआरपी और आरपीएफ की मौजूदगी में रेलवे प्रशासन ने क्वार्टरों को तोड़ना शुरू कर दिया। करीब 40 एवेंडेड क्वार्टरों पर बुलडोजर चलाया जा रहा है।
वर्षों से रह रहे थे परिवार
इन क्वार्टरों में रेलवे के रिटायर्ड चतुर्थ श्रेणी के कर्मचारियों के परिवार कई वर्षों से रह रहे थे। अब अचानक हुई इस कार्रवाई से लोगों में अफरातफरी का माहौल है। मोकामा स्टेशन को अमृत भारत स्टेशन योजना में शामिल किया गया है। इसी योजना के तहत यहां नए निर्माण कार्य किए जाएंगे, जिसके लिए क्वार्टरों को हटाया जा रहा है।
ये भी पढ़ें:
फर्जी बीएड अंकपत्र पर बनी शिक्षिका, निगरानी जांच में खुला बड़ा खेल, अब दर्ज हुआ केस
दानापुर मंडल प्रबंधक विनोद कुमार ने इसी सप्ताह इन क्वार्टरों का निरीक्षण किया था और उन्हें तुरंत तोड़ने का आदेश दिया था। क्वार्टर टूटने से सबसे ज्यादा परेशानी वहां रहने वाली महिलाओं और बच्चों को हो रही है। महिलाओं का कहना है कि उन्हें सिर्फ चार दिन पहले नोटिस मिला था और अब समझ नहीं आ रहा कि बच्चों के साथ वे कहां जाएं।