सारण जिले के इसुआपुर थाना क्षेत्र से सामने आए एक वायरल वीडियो ने राज्य की शराबबंदी व्यवस्था और पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे वीडियो में पुलिस टीम थाने में तैनात एक चौकीदार के घर से कथित तौर पर शराब बरामद करती दिखाई दे रही है। हालांकि, वीडियो सामने आने के बाद पूरे इलाके में इसकी चर्चा तेज हो गई है।
जानकारी के अनुसार, गुप्त सूचना के आधार पर इसुआपुर थाना पुलिस ने थाने में तैनात चौकीदार अमर नाथ कुमार के घर छापेमारी की। तलाशी के दौरान वहां से शराब बरामद होने का दावा किया गया। इसी कार्रवाई का वीडियो किसी ने बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया, जिसके बाद पुलिस महकमे में हलचल मच गई। स्थानीय लोग भी वीडियो को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं कर रहे हैं और शराबबंदी कानून के प्रभावी क्रियान्वयन पर सवाल उठा रहे हैं।
मामले की गंभीरता को देखते हुए सारण के वरीय पुलिस अधीक्षक विनीत कुमार ने तत्काल संज्ञान लिया। उनके निर्देश पर आरोपी चौकीदार अमर नाथ कुमार को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। इस संबंध में दारोगा हीरा कुमार पासवान के लिखित आवेदन पर स्थानीय थाने में बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।
ये भी पढ़ें- Bankipur Vidhan Sabha: भाजपा प्रत्याशी के पास न घर, न गाड़ी; जानिए कहां तक पढ़े-लिखे हैं, संपत्ति कितनी है?
पुलिस बरामद शराब के स्रोत और उससे जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि कानून सभी के लिए समान है और शराबबंदी कानून का उल्लंघन करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा, चाहे वह पुलिस विभाग से ही क्यों न जुड़ा हो। इसके साथ ही वायरल वीडियो की तकनीकी जांच भी कराई जा रही है, ताकि उसकी सत्यता और उसे सार्वजनिक किए जाने की परिस्थितियों का पता लगाया जा सके। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई के साथ-साथ विभागीय कार्रवाई भी की जाएगी।