बालोद के लौह नगरी दल्लीराजहरा से एक बेहद हैरान करने वाला और शर्मनाक मामला सामने आया है, जहां चोरों ने आस्था के प्रमुख केंद्र मुख्य राम मंदिर को अपना निशाना बनाया। मंदिर परिसर में बेहद शातिर तरीके से दाखिल हुईं दो अज्ञात महिला चोरों ने दिनदहाड़े चोरी की इस वारदात को अंजाम दिया और वहां रखे कीमती बर्तन व पूजन सामग्री लेकर फरार हो गईं। यह पूरी घटना मंदिर परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। इस घटना के बाद से स्थानीय सनातनियों और श्रद्धालुओं में गहरा रोष व्याप्त है।
श्रद्धालु बनकर घुसीं, पलक झपकते ही किया हाथ साफ
मिली जानकारी के अनुसार, दोनों अज्ञात महिलाएं बेहद सामान्य तरीके से, आम श्रद्धालुओं की तरह मंदिर परिसर के भीतर दाखिल हुईं ताकि किसी को कोई शक न हो। जैसे ही मंदिर के मुख्य हिस्से में सन्नाटा हुआ और मौका पाकर उन्होंने मंदिर के भीतर रखे पीतल व अन्य धातुओं के कीमती बर्तन और पूजा-अर्चना की सामग्री को एक जगह समेटा। शातिर महिलाएं पलक झपकते ही सामान पार कर बड़ी आसानी से वहाँ से रफूचक्कर हो गईं।
सीसीटीवी फुटेज खंगालने पर उड़े होश
दुपहर के समय जब मंदिर प्रबंधन और पुजारी को मंदिर के भीतर से कुछ विशेष सामग्रियां और कीमती बर्तन गायब होने का अहसास हुआ, तो तत्काल इसकी सूचना मंदिर समिति को दी गई। संदेह होने पर जब परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले गए, तो प्रबंधन के होश उड़ गए। फुटेज में साफ तौर पर दो संदिग्ध महिलाएं मंदिर के भीतर रखी पवित्र पूजन सामग्री और बर्तनों पर हाथ साफ करती हुई दिखाई दे रही हैं।
पुजारी की लिखित शिकायत पर पुलिस ने दर्ज किया मामला
घटना के तुरंत बाद मंदिर के पुजारी ने दल्लीराजहरा थाने पहुँचकर मामले की लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुजारी की रिपोर्ट और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर दल्लीराजहरा पुलिस ने अज्ञात महिला चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज को अपने कब्जे में ले लिया है और बारीकी से उसकी पड़ताल की जा रही है। हुलिए और संदिग्ध गतिविधियों के आधार पर आरोपियों को ट्रैक करने के लिए पुलिस ने अपनी टीमें सक्रिय कर दी हैं।
क्या कहते हैं अधिकारी
राम मंदिर के पुजारी की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है और पुलिस जांच में जुट गई है। सीसीटीवी फुटेज में संदिग्ध महिलाएं और उनकी हरकतें स्पष्ट रूप से दिखाई दे रही हैं। फुटेज के आधार पर हुलिए की शिनाख्त की जा रही है। जल्द ही दोनों महिला आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
-विकास पाटले, CSP, राजहरा