जिले में माओवादियों के विरुद्ध चलाए जा रहे प्रभावी नक्सल विरोधी अभियानों के तहत थाना उसूर के ताड़पाला हिल्स एरिया में सुरक्षाबलों ने एक सघन अभियान चलाकर बड़ी सफलता हासिल की है। केरिपु 196वीं वाहिनी और कोबरा 204वीं बटालियन की संयुक्त टीम द्वारा की गई। इस कार्रवाई में माओवादियों द्वारा छिपाकर रखे गए विस्फोटक सामग्री, राशन और आईईडी बरामद किए गए हैं। सुरक्षाबलों की सतर्कता से एक बड़ी घटना को टालने में सफलता मिली है।
माओवादियों के ठिकानों से बड़ी मात्रा में सामग्री बरामद
अभियान के दौरान, सुरक्षाबलों ने दो अलग-अलग स्थानों पर जमीन के भीतर छिपाकर रखे गए विस्फोटकों और अन्य माओवादी सामग्री को बरामद किया। बरामद की गई सामग्री में शामिल हैं:
13 नग डेटोनेटर
11 किलोग्राम गन पाउडर
04 नग प्लास्टिक ड्रम
02 नग स्टील ड्रम
02 नग लोहे के ड्रम
माओवादी वर्दी, जूते, कैप, डोरी, यूएसबी केबल, सोलर प्लेट और अन्य माओवादी साहित्य।
एरिया डोमिनेशन (क्षेत्र में गश्त) और डिमाइनिंग (बारूदी सुरंगों को निष्क्रिय करना) कार्रवाई के दौरान, माओवादियों द्वारा जमीन में दबाकर रखे गए 13 नग बीयर बॉटल में प्रेशर स्विच सिस्टम से लगाए गए आईईडी और 01 नग डायरेक्शनल आईईडी (लोहे के पाइप में निर्मित) भी बरामद किए गए। कुल 14 आईईडी को सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए बम निरोधक दस्ते द्वारा मौके पर ही सुरक्षित रूप से निष्क्रिय कर दिया गया।
माओवादी स्मारक भी ध्वस्त
विस्फोटक सामग्री बरामद करने के साथ-साथ, सुरक्षाबलों ने टेकमेटला कुंजामपारा क्षेत्र में माओवादियों द्वारा निर्मित एक स्मारक को भी ध्वस्त कर दिया।
यह कार्रवाई क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और लोकतांत्रिक विश्वास की पुनर्स्थापना की दिशा में एक महत्वपूर्ण और निर्णायक कदम मानी जा रही है। सुरक्षाबलों की इस तत्परता और सूझबूझ ने न केवल संभावित जान-माल के नुकसान को रोका, बल्कि माओवादी गतिविधियों पर भी अंकुश लगाने में मदद की है।