{"_id":"6a1ef7cee36dc78dfc062b4a","slug":"arrest-gorella-pendra-marwahi-news-c-1-1-noi1501-4352607-2026-06-02","type":"video","status":"publish","title_hn":"कोटमीकला हत्याकांड का खुलासा: जीपीएम में सर्राफा व्यापारी की हत्या कर लूटा था बैग, तीन आरोपी गिरफ्तार","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
कोटमीकला हत्याकांड का खुलासा: जीपीएम में सर्राफा व्यापारी की हत्या कर लूटा था बैग, तीन आरोपी गिरफ्तार
अमर उजाला नेटवर्क, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही Published by: अमर उजाला ब्यूरो Updated Tue, 02 Jun 2026 10:05 PM IST
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के बहुचर्चित कोटमीकला सर्राफा व्यापारी हत्याकांड का पुलिस ने पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक देशी कट्टा, दो जिंदा कारतूस, लूटे गए आभूषण और तीन मोबाइल फोन बरामद किए हैं। मामले का खुलासा मंगलवार को जीपीएम पुलिस अधीक्षक कार्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता के दौरान बिलासपुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक रामगोपाल गर्ग ने वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी में किया।
जानकारी के अनुसार, 26 मई 2026 को पेंड्रा थाना क्षेत्र के कोटमीकला साप्ताहिक हाट बाजार में सर्राफा व्यापारी प्रदीप सोनी की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। वारदात के बाद आरोपी सोना-चांदी से भरा बैग लेकर फरार हो गए थे। घटना से पूरे जिले में सनसनी फैल गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने विशेष जांच दल का गठन कर तकनीकी साक्ष्यों, साइबर विश्लेषण और मुखबिर तंत्र की सहायता से जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस को महत्वपूर्ण सुराग मिले, जिसके आधार पर मुख्य आरोपी खुशीराम साहू को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में उसने अपने भतीजे राजाराम साहू तथा झारखंड और बिहार के कुछ साथियों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। जांच में सामने आया कि आरोपी 23 मई को ही क्षेत्र में पहुंच गए थे और साप्ताहिक बाजारों में सर्राफा व्यापारियों की गतिविधियों पर नजर रख रहे थे। उन्होंने पहले से ही लूट की योजना बनाई थी।
पुलिस के अनुसार, 26 मई की शाम करीब सात बजे आरोपियों ने प्रदीप सोनी से सोना-चांदी से भरा बैग लूटने का प्रयास किया। व्यापारी द्वारा विरोध किए जाने पर आरोपियों ने छीना-झपटी के दौरान अवैध हथियार से गोली चला दी। गोली लगने से प्रदीप सोनी गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
वारदात के बाद आरोपी देवरीखुर्द क्षेत्र पहुंचे और लूटे गए आभूषणों का आपस में बंटवारा कर लिया। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर टेकरी क्षेत्र के बोदराटोला से घटना में प्रयुक्त देशी कट्टा, दो जिंदा कारतूस तथा लूटे गए आभूषणों का हिस्सा बरामद किया है। जांच में यह भी पता चला कि आरोपियों ने साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से आभूषणों की पैकिंग सामग्री और डिब्बों को जला दिया था।
पुलिस ने इस मामले में खुशीराम साहू, राजाराम साहू और गया प्रसाद रजक को गिरफ्तार किया है। वहीं, झारखंड निवासी अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस महानिरीक्षक रामगोपाल गर्ग ने बताया कि फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है और जल्द ही पूरे गिरोह को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इस कार्रवाई में जिला पुलिस, साइबर सेल, बिलासपुर विशेष दल तथा विभिन्न पुलिस इकाइयों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें
अमर उजाला प्रीमियम वीडियो सिर्फ सब्सक्राइबर्स के लिए उपलब्ध है
प्रीमियम वीडियो
सभी विशेष आलेख
फ्री इ-पेपर
सब्सक्राइब करें
Next Article
Disclaimer
हम डाटा संग्रह टूल्स, जैसे की कुकीज के माध्यम से आपकी जानकारी एकत्र करते हैं ताकि आपको बेहतर और व्यक्तिगत अनुभव प्रदान कर सकें और लक्षित विज्ञापन पेश कर सकें। अगर आप साइन-अप करते हैं, तो हम आपका ईमेल पता, फोन नंबर और अन्य विवरण पूरी तरह सुरक्षित तरीके से स्टोर करते हैं। आप कुकीज नीति पृष्ठ से अपनी कुकीज हटा सकते है और रजिस्टर्ड यूजर अपने प्रोफाइल पेज से अपना व्यक्तिगत डाटा हटा या एक्सपोर्ट कर सकते हैं। हमारी Cookies Policy, Privacy Policy और Terms & Conditions के बारे में पढ़ें और अपनी सहमति देने के लिए Agree पर क्लिक करें।