छत्तीसगढ़ के पूर्व उप मुख्यमंत्री एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता टीएस सिंहदेव जांजगीर-चांपा जिले के दौरे पर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने अकलतरा और जांजगीर-चांपा विधानसभा क्षेत्रों में कांग्रेस नेताओं, कार्यकर्ताओं और पुराने सहयोगियों से मुलाकात की। उनके आगमन को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला और बड़ी संख्या में लोग उनसे मिलने पहुंचे।
दौरे के दौरान टीएस सिंहदेव ने विधायक, पूर्व विधायक, जिला अध्यक्ष और पूर्व जिला अध्यक्षों के निवास पर पहुंचकर संगठन और स्थानीय मुद्दों पर चर्चा की। जांजगीर में मीडिया से बातचीत करते हुए उन्होंने अपने दौरे को पूरी तरह व्यक्तिगत और संगठनात्मक मुलाकात बताया।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष पद की संभावनाओं को लेकर पूछे गए सवाल पर सिंहदेव ने कहा कि वर्तमान में संगठन चुनाव को लेकर कोई औपचारिक प्रक्रिया शुरू नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि मीडिया विभिन्न प्रकार की अटकलें लगा रहा है, लेकिन प्रदेश अध्यक्ष कौन बनेगा, इसका निर्णय कांग्रेस हाईकमान ही करता है।
राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए टीएस सिंहदेव ने कहा कि सरकार ने अपनी वास्तविक आय से अधिक का बजट प्रस्तुत किया है। इसका असर प्रदेश की मूलभूत सुविधाओं पर दिखाई दे रहा है। उन्होंने कहा कि एक ओर सरकार महतारी वंदन योजना के तहत महिलाओं को आर्थिक सहायता देने की बात करती है, वहीं दूसरी ओर लगातार बढ़ती महंगाई ने आम लोगों की कमर तोड़ दी है।
उन्होंने कहा कि यदि भाजपा खुद को जनता के बीच लोकप्रिय मानती है तो यह उसका आकलन है, लेकिन जनता वास्तविक परिस्थितियों को भली-भांति समझ रही है। उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए सिंहदेव ने कहा कि हर राजनीतिक दल अपने नेताओं और कार्यकर्ताओं का उपयोग संगठन को मजबूत करने के लिए करता है। यदि किसी को लगता है कि कांग्रेस उनका उपयोग कर रही है तो इसमें कोई असामान्य बात नहीं है। उन्होंने कहा कि जिस व्यक्ति की जिस पार्टी के प्रति निष्ठा होती है, वह उसी संगठन के लिए कार्य करता है। टीएस सिंहदेव के दौरे को लेकर जिले के कांग्रेस कार्यकर्ताओं में उत्साह देखा गया और इसे संगठनात्मक मजबूती की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।