गुरुवार दोपहर सिविल लाइन थाना क्षेत्र की सेंट पॉलिटी स्कूल के पीछे कॉलोनी में एक कार में अचानक आग लग गई। वाहन धू-धूकर जलने लगा, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया।
आग की लपटें देखकर लोग मौके पर पहुंचे। उन्होंने आसपास खड़ी अन्य गाड़ियों को तुरंत वहां से हटाया, जिससे वे आग की चपेट में आने से बच गईं। स्थानीय लोगों ने तत्काल दमकल वाहन और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना और मानिकपुर चौकी पुलिस मौके पर पहुंच गई। कुछ देर बाद सीएसईबी के दमकल वाहन भी पहुंचे। तब तक कार का काफी हिस्सा जल चुका था, लेकिन दमकल ने आग पर काबू पा लिया। इस तरह एक बड़ी घटना होने से बच गई।
आग लगने का कारण
कॉलोनी निवासी हेमंत राठौर के घर उनके रिश्तेदार की गाड़ी पार्क थी। पास में कचरे के ढेर और झाड़ियों में लगाई गई आग धीरे-धीरे कार तक पहुंच गई। इसी कारण कार आग की चपेट में आ गई। आग किसने और किन परिस्थितियों में लगाई, यह अब तक स्पष्ट नहीं है। स्थानीय विजय कुमार ने दमकल और पुलिस को सूचना दी थी।