कांकेर जिले के अंतागढ़ में बीती रात एक मरीज को कोयलीबेड़ा स्वास्थ्य केंद्र से 108 एम्बुलेंस की मदद से अस्पताल रेफर किया गया। लेकिन 108 वाहन ही उस मरीज के लिए मुसीबत बन गई। जिसका कारण था कि एम्बुलेंस चालक शराब के नशे में धुत्त था। जिसकी वजह से एम्बुलेंस चलाने से ज्यादा बार बार वाहन को रोक रहा था। मरीज के परिजनों ने ड्राइवर की इस हरकत से परेशान होकर उसका वीडियो भी बनाया। वीडियो वायरल हो रहा है। फिलहाल मामले में अब तक किसी भी प्रकार से कोई कार्रवाई नहीं की गई है। अधिकारी मौन हैं।
जाकारी के मुताबिक, कोयलीबेड़ा स्वास्थ्य केंद्र से मरीज को 108 एम्बुलेंस के माध्यम से रेफर किया गया था। लेकिन ड्राइवर के नशे में होने के कारण चालक के द्वारा बार बार सड़क के बीच में एम्बुलेंस को रोकने का आरोप परिजनों के द्वारा लगाया गया। परिजनों का कहना है कि ड्राइवर जगह-जगह गाड़ी रोक रहा था, जिससे मरीज की हालत और गंभीर होती गई। परेशान परिजनों ने दूसरी गाड़ी से मरीज को ले जाने की पहल की, लेकिन एम्बुलेंस ड्राइवर नई गाड़ी को खराब बताकर रोकने की कोशिश करता रहा।
परिजनों का आरोप है कि ड्राइवर खुद नशे की हालत में था। कोयलीबेड़ा 108 एम्बुलेंस सेवा एक बार फिर सवालों के घेरे में है। मरीजों की जान से खिलवाड़ पर स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी देखी जा रही है। वहीं, देर रात किसी तरह से मरीज को अस्पताल तक तो पहुंचाया दिया गया है। लेकिन अब तक उस नशेड़ी वाहन चालक के खिलाफ किसी भी तरह से कोई कार्रवाई नहीं की गई है।