{"_id":"6a3681e44fc33ee66a095e4c","slug":"video-rewari-police-on-alert-for-neet-exam-tight-security-arrangements-at-12-centers-2026-06-20","type":"video","status":"publish","title_hn":"नीट परीक्षा के लिए रेवाड़ी पुलिस अलर्ट, 12 केंद्रों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
नीट परीक्षा के लिए रेवाड़ी पुलिस अलर्ट, 12 केंद्रों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम
संवाद न्यूज एजेंसी
रेवाड़ी। 21 जून को आयोजित होने वाली नीट परीक्षा के सफल, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण संचालन को लेकर रेवाड़ी पुलिस ने व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की है। पुलिस अधीक्षक हेमेंद्र कुमार मीणा के निर्देश पर जिले के सभी परीक्षा केंद्रों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। नकल रोकने और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन ने कई अहम कदम उठाए हैं।
शनिवार को जिला पुलिस लाइन में डीएसपी हेडक्वार्टर डॉ. रविंद्र सिंह ने परीक्षा ड्यूटी में तैनात पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की बैठक लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस दौरान डीएसपी संजीव बल्हारा भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने पुलिस कर्मियों को नकल माफिया, अफवाह फैलाने वाले तत्वों और परीक्षा में व्यवधान उत्पन्न करने वालों पर विशेष नजर रखने तथा ऐसे लोगों के खिलाफ तुरंत कानूनी कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
जिले में बनाए गए सभी 12 परीक्षा केंद्रों पर मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) की सख्ती से पालना करवाई जाएगी। परीक्षा शुरू होने से पहले प्रवेश द्वार, परीक्षा कक्ष, सीसीटीवी कैमरे और नियंत्रण कक्षों की जांच की जाएगी, ताकि किसी प्रकार की गड़बड़ी की संभावना न रहे।
पुलिस प्रशासन ने परीक्षा केंद्रों के आसपास धारा 163 लागू करने का निर्णय लिया है। इसके तहत किसी भी अनधिकृत व्यक्ति को केंद्र परिसर या उसके आसपास आने की अनुमति नहीं होगी। परीक्षा केंद्रों के 500 मीटर के दायरे में वाहनों की पार्किंग पर प्रतिबंध रहेगा, जबकि 200 मीटर के दायरे में केवल परीक्षार्थियों को ही प्रवेश दिया जाएगा। अभिभावकों और अन्य लोगों को इस क्षेत्र में जाने की अनुमति नहीं होगी।
परीक्षा के दौरान केंद्रों के आसपास स्थित फोटोस्टेट, फैक्स, जेरॉक्स मशीनों की दुकानें तथा कोचिंग सेंटर बंद रहेंगे। वहीं मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, बेल्ट, आभूषण, आग्नेय अस्त्र और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों को परीक्षा केंद्र में ले जाने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। परीक्षार्थियों को केवल वैध प्रवेश पत्र और पहचान पत्र के आधार पर ही प्रवेश मिलेगा।
यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने और सुरक्षा के मद्देनजर जिले में 12 विशेष पुलिस नाके भी स्थापित किए गए हैं। इन नाकों पर तैनात पुलिसकर्मी संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की गहन जांच करेंगे।
डीएसपी हेडक्वार्टर डॉ. रविंद्र सिंह ने कहा कि विद्यार्थियों की सुविधा और परीक्षा का शांतिपूर्ण संचालन पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सभी पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को जिम्मेदारी, सतर्कता और अनुशासन के साथ ड्यूटी निभाने के निर्देश दिए हैं। पुलिस ने आमजन और परीक्षार्थियों से भी शांति व्यवस्था बनाए रखने तथा किसी भी प्रकार की अफवाहों से दूर रहने की अपील की है।
एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें
अमर उजाला प्रीमियम वीडियो सिर्फ सब्सक्राइबर्स के लिए उपलब्ध है
प्रीमियम वीडियो
सभी विशेष आलेख
फ्री इ-पेपर
सब्सक्राइब करें
Next Article
Disclaimer
हम डाटा संग्रह टूल्स, जैसे की कुकीज के माध्यम से आपकी जानकारी एकत्र करते हैं ताकि आपको बेहतर और व्यक्तिगत अनुभव प्रदान कर सकें और लक्षित विज्ञापन पेश कर सकें। अगर आप साइन-अप करते हैं, तो हम आपका ईमेल पता, फोन नंबर और अन्य विवरण पूरी तरह सुरक्षित तरीके से स्टोर करते हैं। आप कुकीज नीति पृष्ठ से अपनी कुकीज हटा सकते है और रजिस्टर्ड यूजर अपने प्रोफाइल पेज से अपना व्यक्तिगत डाटा हटा या एक्सपोर्ट कर सकते हैं। हमारी Cookies Policy, Privacy Policy और Terms & Conditions के बारे में पढ़ें और अपनी सहमति देने के लिए Agree पर क्लिक करें।