{"_id":"6a7586742d0b453d2c099a88","slug":"video-sirmaur-police-24-reserve-jawans-staff-shortage-nahan-2026-08-07","type":"video","status":"publish","title_hn":"Sirmaur: स्टाफ संकट के बीच बड़ी राहत, सिरमौर पुलिस को मिली 24 जवानों की रिजर्व टुकड़ी","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Sirmaur: स्टाफ संकट के बीच बड़ी राहत, सिरमौर पुलिस को मिली 24 जवानों की रिजर्व टुकड़ी
Ankesh Dogra
Updated Fri, 07 Aug 2026 12:47 PM IST
Link Copied
लंबे समय से स्टाफ संकट से जूझ रही सिरमौर पुलिस को आखिरकार बड़ी राहत मिली है। धौलाकुआं स्थित आईआरबीएन की छठी बटालियन से 24 जवानों की रिजर्व टुकड़ी जिला पुलिस को उपलब्ध करवाई गई है। रिजर्व बल मिलने से खासकर आदर्श केंद्रीय कारागार नाहन से कैदियों को अदालतों और अन्य स्थानों पर लाने-ले जाने के लिए गार्द उपलब्ध करवाने में पुलिस को राहत मिली है।
रिजर्व बल उपलब्ध नहीं होने के कारण अब तक कई मौकों पर कैदियों की गार्द के लिए थानों और पुलिस कार्यालयों से कर्मचारियों को ड्यूटी पर भेजना पड़ता था। इससे पहले ही कर्मचारियों की कमी से जूझ रहे थानों और चौकियों पर अतिरिक्त दबाव बढ़ जाता था। अब 24 जवानों की रिजर्व टुकड़ी मिलने से नियमित पुलिसिंग प्रभावित किए बिना सुरक्षा और गार्द संबंधी ड्यूटियों का बेहतर प्रबंधन किया जा सकेगा।
सिरमौर पुलिस के पास पहले दो रिजर्व टुकड़ियां उपलब्ध थीं, लेकिन कुछ वर्ष पहले इन्हें वापस ले लिया गया था। इसके बाद से जिले में रिजर्व बल की कमी लगातार महसूस की जा रही थी। कैदियों की गार्द के अलावा अन्य सुरक्षा संबंधी ड्यूटियों के लिए भी नियमित पुलिस बल पर निर्भरता बढ़ गई थी।
अमर उजाला ने 8 जुलाई के अंक में पुलिस विभाग में 105 रिक्त पद, बढ़ते कार्यभार और कैदियों की गार्द समेत अन्य व्यवस्थाओं में स्टाफ की कमी से आ रही दिक्कतों को प्रमुखता से उठाया था। अब रिजर्व टुकड़ी मिलने से इस समस्या के एक हिस्से का समाधान हुआ है।
हालांकि रिजर्व बल मिलने से पुलिस को राहत मिली है, लेकिन जिला पुलिस में स्वीकृत पदों के मुकाबले बड़ी संख्या में पद अभी भी रिक्त हैं। ऐसे में पुलिस थानों और चौकियों में स्टाफ की कमी की चुनौती पूरी तरह खत्म नहीं हुई है।
युवाओं ने सरकार से पुलिस विभाग में रिक्त पदों को जल्द भरने की मांग की है। उनका कहना है कि भर्ती होने से जहां पुलिस विभाग में स्टाफ की कमी दूर होगी, वहीं युवाओं को रोजगार के अवसर भी मिलेंगे। पर्याप्त पुलिस बल मिलने से जिले में कानून-व्यवस्था और पुलिसिंग व्यवस्था को और मजबूत किया जा सकेगा।
सिरमौर के पुलिस अधीक्षक एनएस नेगी ने बताया कि जिले को एक रिजर्व टुकड़ी उपलब्ध हुई है। इससे पुलिस कार्यों के संचालन में सुविधा मिलेगी। रिजर्व जवानों का इस्तेमाल आवश्यकता के अनुसार विभिन्न सुरक्षा और गार्द संबंधी ड्यूटियों में किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि पुलिस विभाग में रिक्त पदों को भरने का विषय उच्च स्तर पर विचाराधीन है और सरकार की ओर से भर्ती प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। नए जवान मिलने पर सिरमौर को भी पुलिस बल उपलब्ध होगा।
आदर्श केंद्रीय कारागार नाहन के जेल अधीक्षक भानू प्रकाश शर्मा ने बताया कि एक रिजर्व टुकड़ी मिलने से कैदियों को अदालतों और अन्य स्थानों पर लाने-ले जाने में काफी राहत मिली है। उन्होंने कहा कि यदि भविष्य में कुछ और जवान उपलब्ध होते हैं तो बीमारी या अन्य आपात स्थिति में कैदियों को अस्पताल ले जाने के दौरान गार्द उपलब्ध करवाने में भी काफी सुविधा होगी।
पहले: रिजर्व बल नहीं होने से थानों और कार्यालयों से कर्मचारियों को गार्द ड्यूटी में भेजना पड़ता था।
अब: 24 जवानों की रिजर्व टुकड़ी उपलब्ध हुई है।
स्रोत: आईआरबीएन छठी बटालियन, धौलाकुआं।
फायदा: कैदियों की गार्द और अन्य सुरक्षा ड्यूटियों में राहत।
बड़ी चुनौती: सिरमौर पुलिस में रिक्त पद अब भी बने हुए हैं।
एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें
अमर उजाला प्रीमियम वीडियो सिर्फ सब्सक्राइबर्स के लिए उपलब्ध है
प्रीमियम वीडियो
सभी विशेष आलेख
फ्री इ-पेपर
सब्सक्राइब करें
Next Article
Disclaimer
हम डाटा संग्रह टूल्स, जैसे की कुकीज के माध्यम से आपकी जानकारी एकत्र करते हैं ताकि आपको बेहतर और व्यक्तिगत अनुभव प्रदान कर सकें और लक्षित विज्ञापन पेश कर सकें। अगर आप साइन-अप करते हैं, तो हम आपका ईमेल पता, फोन नंबर और अन्य विवरण पूरी तरह सुरक्षित तरीके से स्टोर करते हैं। आप कुकीज नीति पृष्ठ से अपनी कुकीज हटा सकते है और रजिस्टर्ड यूजर अपने प्रोफाइल पेज से अपना व्यक्तिगत डाटा हटा या एक्सपोर्ट कर सकते हैं। हमारी Cookies Policy, Privacy Policy और Terms & Conditions के बारे में पढ़ें और अपनी सहमति देने के लिए Agree पर क्लिक करें।