पटना के पारस हॉस्पिटल में हुए हत्याकांड में बिहार पुलिस की टीम ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स ने कोलकाता में छापेमारी कर मुख्य शूटर तौसीफ खान उर्फ बादशाह, नीशू खान समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया है। चौंकाने वाली बात यह है कि पुलिस टीम ने कोलकाता के गेस्ट हाउस में छापेमारी के दौरान एक महिला को भी हिरासत में लिया है। चर्चा है कि इस की कार्रवाई के दौरान पुलिस और अपराधियों के बीच गोलीबारी भी हुई।
इसमें एक आरोपी भी घायल हुआ है। पुलिस ने कुछ अन्य संदिग्धों को भी हिरासत में लिया है। इन लोगों से भी पूछताछ चल रही है। इधर, बिहार पुलिस की टीम ने चार आरोपियों को पटना लाने से पहले मेडिकल जांच के लिए SSKM अस्पताल पहुंचाया। इसके बाद इन्हें आलिपोर कोर्ट में पेश किया। कोर्ट के आदेश के बाद चारों को रिमांड पर लेकर पुलिस टीम पटना आएगी। इस मामले पर पटना के एसएसपी कार्तिकेय शर्मा का बयान सामने आया है।
आपको बता दें कि पटना के पारस अस्पताल में आनंदापुर क्षेत्र में हुई फायरिंग मामले में गवाह कृष्ण घोष ने कहा कि शुक्रवार शाम 7:30 बजे, हमने एक शोर सुना, तो हम वहां गए और देखा कि पुलिस आ गई थी। एक अपराधी हथियार लेकर गेस्टहाउस में घुस गया था। इसलिए पुलिस ने उसे चारों तरफ से घेर लिया। मैंने कोई गोली चलने की आवाज नहीं सुनी।
वहीं एक और गवाह, मुनमुन ने कहा कि शुक्रवार देर शाम जब मैं ऑफिस से वापस आई, तो मैंने देखा कि एक आदमी एंबुलेंस में यहां आया और एक दूसरे आदमी को ले गया, जिसकी टांग पर चोट थी। मुझे नहीं पता वहां क्या हुआ? हम अब बहुत डर गए हैं क्योंकि हम अक्सर इस गली से ऑफिस जाते हैं और अपने बच्चों के साथ रहते हैं। इस घटना के कारण हम पूरी रात सो नहीं सके।