भारत में टेस्ला की पहली कार मॉडल वाई लॉन्च हो चुकी है। महीनों इंतजार के बाद टेस्ला ने भारत में अपनी पहली कार मॉडल वाई को लॉन्च कर दिया है। लॉन्चिंग के साथ ही कंपनी ने कार की बुकिंग भी शुरू कर दी है। मुंबई के बांद्रा कुर्ला कॉम्प्लेक्स के मेकर मैक्सिटी मॉल में टेस्ला मॉडल वाई को लॉन्च किया गया। इस कार के जरिए टेस्ला ने भारतीय बाजार में आधिकारिक तौर पर एंट्री ले ली है। ऐसे में आइए जानते हैं कि टेस्ला की कार कैसे बुक होगी, इसकी डिलीवरी किन शहरों में शुरू होगी और बुकिंग के बाद यह कार कब मिलेगी।
आपको बता दें कि भारत में टेस्ला मॉडल वाई को करीब 60 लाख रुपये की एक्स-शोरूम कीमत पर लॉन्च किया गया है। कीमत के मुताबिक यह कार मर्सिडीज और ऑडी के साथ-साथ किआ और बीवाईडी की प्रीमियम इलेक्ट्रिक कारों से मुकाबला करेगी। भारत में यह कार टाटा, महिंद्रा और ह्यूंदै जैसे अफोर्डेबल ईवी मेकर्स से मुकाबला नहीं करेगी। लेकिन, आने वाले समय में टेस्ला भारत में प्लांट लगाने पर भी विचार कर सकती है, जिससे कंपनी को कीमतें कम करने में सफलता मिलेगी।
टेस्ला की मॉडल वाई कार को बुक करने के लिए आपको इसकी भारतीय ऑफिशियल वेबसाइट पर जाना होगा। वहां Order Now ऑप्शन में आप तीन शहरों (दिल्ली, गुरुग्राम और मुंबई) का ऑप्शन दिखेगा। शहर को चुनने के बाद आपको कार के वेरिएंट के अनुसार कीमत की जानकारी दिखाई देगी। यहां पर आप कुछ जानकारियों को भरने के बाद बुकिंग अमाउंट का भुगतान कर कार की बुकिंग कर सकते हैं।
टेस्ला ने केवल मुंबई में डिलरशिप का उद्घाटन किया है। कंपनी शुरूआत में मार्केट को समझने का प्रयास कर रही है और ज्यादा शहरों में बुकिंग शुरू करने के बजाए कुछ चुनिंदा शहरों से ही बुकिंग एक्सेप्ट कर रही है। टेस्ला की ऑफिशियल इंडिया वेबसाइट के मुताबिक, कंपनी दिल्ली, गुरुग्राम और मुंबई से ही बुकिंग ले रही है। टेस्ला मॉडल वाई को बुक करने के लिए आपको 22,220 रुपये चुकाने होंगे।