भिंड के मालनपुर थाना क्षेत्र के घिरोनी गांव में 50 वर्षीय करतार सिंह बघेल पर हुए जानलेवा हमले का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद कांग्रेस सड़क पर उतर आई।
बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने ग्रामीण जिला कांग्रेस अध्यक्ष रामशेष बघेल के नेतृत्व में पुलिस अधीक्षक कार्यालय का घेराव कर जोरदार प्रदर्शन किया और मुख्यमंत्री के नाम एसपी सूरज वर्मा को ज्ञापन सौंपते हुए आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी, पीड़ित परिवार की सुरक्षा तथा पूरे मामले की उच्च स्तरीय निष्पक्ष जांच की मांग की।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने पुलिस पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि पीड़ित करतार सिंह बघेल ने हमले से पहले ही अपनी जान को खतरा बताते हुए मालनपुर थाना पुलिस से शिकायत की थी और सुरक्षा की गुहार लगाई थी। इसके बावजूद पुलिस ने समय रहते कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया। कांग्रेस का कहना है कि यदि पुलिस शिकायत को गंभीरता से लेती तो इस खूनी वारदात को रोका जा सकता था।
ग्रामीण जिला कांग्रेस अध्यक्ष रामशेष बघेल ने आरोप लगाया कि यह हमला पूरी प्लानिंग के तहत किया गया। उन्होंने कहा कि दबंगों ने सिर्फ मारपीट ही नहीं की, बल्कि अपनी दबंगई दिखाने के लिए घटना का वीडियो भी बनाया और उसे सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। इससे आरोपियों के हौसले और कानून व्यवस्था की स्थिति पर गंभीर सवाल खड़े होते हैं।
ज्ञापन में कांग्रेस ने मांग की है कि पूरे मामले की किसी वरिष्ठ अधिकारी से निष्पक्ष जांच कराई जाए।यदि जांच में पुलिस की लापरवाही सामने आती है तो संबंधित अधिकारियों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाए।साथ ही पीड़ित परिवार को सुरक्षा, आर्थिक सहायता और घायल बुजुर्ग का बेहतर इलाज शासन के खर्च पर कराया जाए।
वहीं, एडिशनल एसपी प्रदीप पटेल ने बताया कि पुलिस अब तक तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है, जबकि अन्य फरार आरोपियों की तलाश के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सभी आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा और कांग्रेस द्वारा उठाए गए पुलिस की लापरवाही संबंधी बिंदुओं की भी निष्पक्ष जांच कराई जाएगी।दोषी होने और कार्यवाही की जाएगी।
दरअसल करतार सिंह बघेल रोज की तरह बाइक से दूध देने फैक्ट्री जा रहे थे। तभी आधा दर्जन से अधिक लोगों ने उन्हें रास्ते में रोक लिया और लाठी-डंडों से बेरहमी से हमला कर दिया।हमलावरों ने उन्हें तब तक पीटा जब तक वह गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर नहीं गिर गए। इस हमले में उनके हाथ-पैर सहित शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आईं और फ्रैक्चर हो गया। उनकी हालत गंभीर होने पर उन्हें ग्वालियर के बिरला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
परिजनों का आरोप है कि घटना के करीब 10 दिन पहले शातिर अपराधी मंगल सिंह गुर्जर ने रात करीब ढाई बजे पीड़ित की भैंस चोरी करने का प्रयास किया था। करतार सिंह ने उसे रंगे हाथ पकड़ लिया था, जिसके बाद आरोपी ने बदला लेने की धमकी दी थी। इसी डर के चलते पीड़ित ने मालनपुर थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई और सुरक्षा की मांग की थी, लेकिन पुलिस ने कोई ठोस कदम नहीं उठाया।
ये भी पढ़ें- Indore News: सैन्य सम्मान के साथ मेजर हमजा को किया सुपुर्द-ए-खाक, जनाजे में लगे देशभक्ति के नारे
मारपीट का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई और आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया। हालांकि, कांग्रेस का कहना है कि केवल एफआईआर दर्ज करना पर्याप्त नहीं है। जब तक सभी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होती और पीड़ित परिवार को न्याय नहीं मिलता, तब तक कांग्रेस उनके साथ मजबूती से खड़ी रहेगी।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि जल्द आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई नहीं हुई और पुलिस की भूमिका की निष्पक्ष जांच नहीं कराई गई, तो आंदोलन को जिलेभर में और उग्र किया जाएगा।