मध्य प्रदेश के बुरहानपुर जिले के एक धार्मिक स्थल में तोड़फोड़ का वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। वीडियो में एक युवक कैमरा पकड़े हुए है, जबकि दूसरा युवक धर्मस्थल को अवैध कब्जा बताते हुए पत्थर से तोड़फोड़ कर रहा है। हालांकि, इस दौरान उस युवक का मुंह ढका रहता है। वहीं, दूसरा युवक इस घटना को बेखौफ होकर मोबाइल कैमरे से रिकॉर्ड करता है। मामला सामने आने के बाद बुरहानपुर और खंडवा जिलों में इसे लेकर जमकर विरोध देखा गया, जिसके बाद आरोपियों की खोजबीन शुरू की गई और खंडवा के मोघट थाना क्षेत्र के रहने वाले दो लोगों को इस मामले में गिरफ्तार किया गया। साथ ही उनका मोबाइल और बाइक जब्त कर, दोनों को जेल भेज दिया गया।
इधर, गुरुवार को खंडवा से मुस्लिम समाज का एक प्रतिनिधिमंडल उस मजार पर पहुंचा और उसे व्यवस्थित कर वहां चादर एवं फातिहा का इंतजाम किया गया।
दरअसल, बुरहानपुर जिले के निंबोला थाना अंतर्गत आने वाले नेपा फाटे के समीप स्थित एक प्राचीन धर्मस्थल का वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। इस वीडियो में रास्ते से गुजर रहे दो युवक उस धर्मस्थल में रुककर इसे एक समाज का अवैध कब्जा बता रहे हैं। इसके बाद उनमें से एक युवक कैमरे से रिकॉर्ड करता है, जबकि दूसरा युवक एक बड़े पत्थर से वहां तोड़फोड़ कर उस स्थल को नुकसान पहुंचाता है।
इस वीडियो के सामने आते ही निमाड़ के बुरहानपुर और खंडवा जिलों के मुस्लिम समाज में जमकर आक्रोश देखा गया था, जिसके बाद से ही पुलिस पर दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर दबाव था। इधर, इनमें से एक आरोपी प्रभाकर शिंदे ने सोशल मीडिया पर इसका वीडियो वायरल कर दिया, जिसके बाद निंबोला पुलिस ने दो आरोपियों की पहचान की गई।
खंडवा नायब काज़ी की सदारत में पहुंचा प्रतिनिधिमंडल
मामला सामने आने के बाद खंडवा में भी इसका जमकर विरोध देखने को मिला था। खंडवा नायब शहर काज़ी सैयद अशफाक अली की सदारत में मुस्लिम समाज का एक प्रतिनिधिमंडल गुरुवार को उस दरगाह पर पहुंचा था, जहां उन्होंने पहले दरगाह को पवित्र करवाया। इसके बाद क्षतिग्रस्त किए गए हिस्से की भी मरम्मत करवाते हुए वहां पर चादर चढ़ाकर फातिहा पढ़ा। इस दौरान निंबोला थाना प्रभारी द्वारा की गई त्वरित कार्रवाई की भी प्रतिनिधिमंडल द्वारा सराहना की गई।
दो आरोपियों को किया गया गिरफ्तार
वहीं, निंबोला थाना प्रभारी राहुल कांबले ने बताया कि 3 फरवरी को खकनार में किसी रिश्तेदार के यहां दसवें में शामिल होने गए दो लोगों ने वापस लौटते समय नशे की हालत में इंदौर-इच्छापुर हाईवे स्थित नेपा फाटे के पास 100 मीटर की दूरी पर बने एक धार्मिक स्थल में पत्थर से तोड़फोड़ की थी। इस मामले में आरोपियों पर बीएनएस की धारा 299, 223, 3(5) बीएनएस और धारा 295 ए के तहत धार्मिक भावनाएं आहत करने का केस दर्ज किया गया था। इसके बाद निंबोला पुलिस ने खंडवा के थाना मोघट अंतर्गत सिंघाड़ तलाई क्षेत्र से आरोपी प्रभाकर शिंदे (40) और विजय हटकर (32) को गिरफ्तार किया है। आरोपियों से पूछताछ के बाद उन्हें जेल भेज दिया गया है।