पांढुर्णा के शहर के व्यस्त तीन शेर चौक पर सोमवार शाम उस समय हड़कंप मच गया, जब एक युवक करीब 230 फीट ऊंचे बीएसएनएल (BSNL) टावर पर चढ़ गया। देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची, लेकिन देर रात तक और मंगलवार सुबह तक करीब 15 घंटे बीत जाने के बाद भी युवक टावर से नीचे नहीं उतरा। युवक टावर के ऊपरी हिस्से में गुमसुम बैठा रहा और किसी भी अपील का जवाब नहीं दिया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी अमित दानी के नेतृत्व में पुलिस ने पूरी रात मौके पर डेरा डाले रखा। प्रशासन की ओर से लगातार कोशिशें की जाती रहीं कि किसी तरह युवक को सुरक्षित नीचे उतारा जा सके, लेकिन सभी प्रयास बेअसर साबित हुए। युवक ने न तो किसी से बातचीत की और न ही अपनी कोई मांग सामने रखी।
तीन भाषाओं में समझाया, फिर भी नहीं पिघला युवक
युवक तक अपनी बात पहुंचाने के लिए पुलिस ने अलग-अलग तरीके अपनाए। लाउडस्पीकर के जरिए लगातार उसे नीचे उतरने की अपील की गई। थाना प्रभारी अमित दानी ने हिंदी और मराठी भाषा में युवक को समझाने का प्रयास किया। वहीं, यह संभावना देखते हुए कि युवक आदिवासी क्षेत्र का हो सकता है, एक स्थानीय आदिवासी व्यक्ति की मदद ली गई, जिसने गोंडी भाषा में भी उसे समझाया। इसके बावजूद युवक शांत बैठा रहा और उसने किसी भी अपील का कोई जवाब नहीं दिया।
बारिश और तेज हवा के बीच बढ़ी चिंता
सोमवार देर रात से मंगलवार तड़के तक क्षेत्र में बारिश होती रही। तेज हवा और फिसलन भरे मौसम के बीच 230 फीट की ऊंचाई पर बैठे युवक को देखकर पुलिस और प्रशासन की चिंता और बढ़ गई। बारिश के दौरान भी युवक टावर से नीचे नहीं उतरा। अधिकारी लगातार उसकी गतिविधियों पर नजर बनाए रहे, क्योंकि इतनी ऊंचाई पर जरा-सी चूक भी बड़ा हादसा साबित हो सकती थी।
रातभर चला रेस्क्यू का प्रयास
पुलिस ने पूरी रात टावर के नीचे मोर्चा संभाले रखा। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई। प्रशासन के अधिकारी भी लगातार मौके पर मौजूद रहे। हर संभव प्रयास किया गया कि युवक को बातचीत के जरिए सुरक्षित नीचे लाया जा सके, लेकिन वह लगातार चुपचाप बैठा रहा।
भीड़ जुटी, पुलिस ने बनाया सुरक्षा घेरा
घटना की खबर फैलते ही तीन शेर चौक पर बड़ी संख्या में लोग पहुंच गए। कई लोग पूरी रात घटनास्थल पर डटे रहे। पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित करने के लिए टावर के आसपास सुरक्षा घेरा बनाया और लोगों को सुरक्षित दूरी पर रहने की हिदायत दी। पुलिसकर्मी लगातार भीड़ को हटाते रहे, ताकि रेस्क्यू अभियान में किसी तरह की बाधा न आए।
ये भी पढ़ें- मैहर में बड़ा सड़क हादसा: ट्रक में पीछे से जा घुसी तेज रफ्तार एक्सयूवी कार, एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत
पहचान और वजह अब भी रहस्य
मंगलवार सुबह तक युवक की पहचान स्पष्ट नहीं हो सकी थी। पुलिस के अनुसार उसने अब तक कोई मांग नहीं रखी है और न ही टावर पर चढ़ने की वजह बताई है। अधिकारी मान रहे हैं कि युवक मानसिक तनाव में हो सकता है, हालांकि इसकी पुष्टि उसके सुरक्षित नीचे आने के बाद ही हो सकेगी।
पुलिस का कहना है कि फिलहाल पूरा फोकस युवक की जान बचाने पर है। उसे सुरक्षित नीचे उतारने के बाद ही उससे पूछताछ कर पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटाई जाएगी। समाचार लिखे जाने तक युवक टावर पर ही बैठा था और पुलिस व प्रशासन का रेस्क्यू अभियान लगातार जारी था।
युवक को उतारने का प्रयास करती पुलिस- फोटो : credit