दमोह के देहात थाना क्षेत्र की जबलपुर नाका चौकी अंतर्गत भैरोबहर-राजनगर स्थित बुंदेला बाबा मंदिर के पास तालाब में बीती शाम एक युवती का शव तैरता मिला था। मंदिर परिसर में आयोजित भंडारे में पहुंचे लोगों ने तालाब में शव देखा, जिसके बाद तत्काल डायल-112 और पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही देहात थाना प्रभारी अमित गौतम, जबलपुर नाका चौकी प्रभारी प्रियंका पटेल, एसडीईआरएफ टीम और पुलिस बल मौके पर पहुंचा। टीम ने तालाब से शव बाहर निकलवाकर घटनास्थल का निरीक्षण किया। पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया।
पुलिस को घटनास्थल से युवती की स्कूटी, मोबाइल फोन, युवती की चप्पल और एक युवक की चप्पल भी बरामद हुई है। स्कूटी की डिग्गी में मिले पर्स और दस्तावेजों के आधार पर मृतका की पहचान सत्या पिता कैलाश निषाद (20 वर्ष), निवासी कटनी के रूप में हुई। पुलिस ने मृतका के परिजनों को सूचना दे दी है।
बताया गया कि घटना की जानकारी मिलने पर अनमोल मुड़ा नाम का युवक भी मौके पर पहुंचा। पुलिस उससे भी पूछताछ कर सकती है। घटनास्थल से मिले मोबाइल फोन और अन्य सामान की जांच की जा रही है, ताकि युवती के यहां पहुंचने और घटना से जुड़े तथ्यों का पता लगाया जा सके।
पुलिस के अनुसार, तालाब किनारे युवक और युवती दोनों की चप्पल मिलने से मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। ऐसे में हत्या, आत्महत्या और प्रेम प्रसंग सहित सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। हालांकि पुलिस ने अभी किसी निष्कर्ष पर पहुंचने से इनकार किया है।
रात होने के कारण पुलिस ने प्राथमिक कार्रवाई पूरी कर शव को कब्जे में ले लिया। मंगलवार सुबह पुलिस टीम दोबारा घटनास्थल पर पहुंचकर स्थल का बारीकी से निरीक्षण करेगी। मोबाइल की कॉल डिटेल, पोस्टमार्टम रिपोर्ट, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर युवती की मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा होने की उम्मीद है।
ये भी पढ़ें- MP Weather Today: मानसून की देरी से आधा सूखा जून, एमपी में 52% कम बारिश, 4 जिलों में लू, 30 में बारिश का अलर्ट
भंडारे में पहुंचे लोगों ने देखा शव
जानकारी के अनुसार, शहर के चैनपुरा क्षेत्र से कुछ लोग बुंदेला बाबा मंदिर में भंडारे के लिए पहुंचे थे। इसी दौरान आसपास घूमते समय उनकी नजर तालाब में तैरते शव पर पड़ी। शव दिखाई देते ही लोगों में हड़कंप मच गया और देखते ही देखते मौके पर भीड़ जमा हो गई।
वहीं, पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और तकनीकी साक्ष्यों के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि युवती की मौत तालाब में डूबने से हुई या इसके पीछे कोई अन्य कारण विभिन्न पहलुओं पर जांच शुरू कर दी है।