दमोह जिले के नोहटा थाना क्षेत्र के ग्राम रौंड में रविवार सुबह एक व्यक्ति की हत्या से इलाके में सनसनी फैल गई। घर के बाहर सो रहे चाचा पर कथित रूप से भतीजे ने हमला कर दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी।
मृतक की पहचान चन्नू रैकवार (54) पिता स्वर्गीय कंछेदीलाल रैकवार, निवासी रौंड के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, चन्नू रैकवार का अपने भतीजे रामजी रैकवार से लंबे समय से विवाद चल रहा था। इसी रंजिश के चलते रात में जब चन्नू घर के बाहर सो रहे थे, तभी आरोपी ने उन पर हमला कर दिया। आरोप है कि लोहे के सब्बल और पत्थर से वार कर उनकी हत्या की गई।
बेटी ने सुबह देखा खून से लथपथ शव
मृतक की बेटी सुषमा रैकवार ने बताया कि सुबह जब वह पिता को उठाने पहुंची, तो वे खून से लथपथ पड़े मिले। इसके बाद परिजन तत्काल उन्हें जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद मृत घोषित कर दिया।
पढ़ें: साइड नहीं मिलने पर बरातियों पर चढ़ाया ट्रैक्टर, दूल्हे ने कूदकर बचाई जान; आरोपी गिरफ्तार
112 और 108 सेवा पर उठे सवाल
परिजनों ने आरोप लगाया कि घटना के बाद 112 डायल और 108 एंबुलेंस सेवा को कई बार कॉल किया गया, लेकिन समय पर मदद नहीं पहुंची। उनका कहना है कि यदि समय रहते सहायता मिल जाती, तो संभवतः उनकी जान बचाई जा सकती थी।
आरोपी हिरासत में, जांच जारी
घटना की सूचना मिलते ही नोहटा थाना प्रभारी अभिषेक पटेल और चौकी प्रभारी मनीष यादव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।
पुलिस ने संदेही आरोपी रामजी रैकवार को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। थाना प्रभारी के अनुसार, मामला दर्ज कर हत्या के कारणों और पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है। जांच के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।