दमोह जिले के तेंदुखेड़ा ब्लॉक की ग्राम पंचायत नन्हीं देवरी में भीषण जलसंकट की समस्या है। ग्रामीण दो किमी दूर से पानी ला रहे हैं। एसडीएम के साथ सभी अधिकारी शुक्रवार शाम गांव पहुंचे और एक जानचौपाल लगाई। इस दौरान तय हुआ कि तीन किमी दूर से निकलने वाली पाइप लाइन से गांव में पानी पहुंचाया जाएगा। बता दें गांव में पानी का कोई स्रोत नहीं है। हैंडपंप बंद हैं। इस समस्या को लेकर ग्रामीणों ने मंगलवार को तेंदुखेड़ा एसडीएम को लिखित ज्ञापन दिया था। दूसरे दिन गांव के लोग एक पेड़ के नीचे धरने पर बैठ गये थे।
ग्रामीणों ने बताया था कि उनके गांव में जितने भी हैडपंप लगे हैं सभी बंद हो चुके हैं। सतधरू योजना के कनेक्शन के लिए दो साल पहले रसीदें काटी गई थी, लेकिन आज तक गांव में पानी नहीं आया है। पूरा गांव भीषण गर्मी में पानी के लिए दो किलोमीटर दूर एक निजी कुएं से पानी लाकर पूर्ति कर रहा है।
इसलिए परेशान थे ग्रामीण
नेहा मरावी, गोकुल मरावी, हरिसिंह आदिवासी ने बताया कि उनके गांव में पानी का जल स्तर काफी नीचे चला गया है। हैंडपंप बंद पड़े हैं। एक कुआं हैं उससे पूरा गांव पानी लेने जाता है। पानी के अभाव में गांव के मवेशी प्यास में मर रहे हैं। पानी और सड़क की कमी के कारण गांव में कोई अपनी बेटी का रिश्ता लेकर नहीं आ रहा। हम लोगों को पानी की जरूरत है। इस समस्या के निराकरण के लिए तेंदुखेड़ा एसडीएम सभी विभागों के अधिकारियों को लेकर शुकवार को नन्हीं देवरी पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों के साथ जन चौपाल लगाकर पानी की समस्या को लेकर बात की। जिसमें तय हुआ एक सप्ताह में पानी गांव तक भेजा जाएगा। उसके लिए तीन किमी दूर से निकली लाइन से पाइप लाइन के माध्यम से गांव तक पानी पहुंचाया जाएगा।
ये भी पढ़ें- पहले विरोध, अब बढ़ावा... बाल सगाई कार्यक्रम में BJP जिलाध्यक्ष की तस्वीर पर हंगामा, जानें मामला
तालाब हो गया निरस्त
नन्हीं देवरी गांव के ग्रामीणों ने सबसे पहले गतीन साल पहले शुरू हुए तालाब के काम को पूरा करने की मांग की। एसडीएम ने जलसंसाधन विभाग के एसडीओ से तालाब को लेकर चर्चा की तो उन्होंने बताया कि जो तालाब का कार्य शुरू हुआ था वह निरस्त हो गया है, क्योंकि राजस्व भूमि कम है और वन भूमि ज्यादा है। इसलिए तालाब के कार्य को निरस्त कर दिया गया है। बाद में जल निगम के अधिकारियों ने कहा कि कालोनी तक तो पानी भेज रहे हैं। यदि मोटर की व्यवस्था हो जाए तो पानी नन्हीं देवरी भी आ सकता है। यह सुनकर दो लोगों ने अपनी खेती की मोटर देने का आश्वासन दिया। उसके बाद तेंदुखेड़ा एसडीएम ने जनपद सीईओ से पाइप लाइन के संबंध में बात की। सीईओ ने कहा पाइप लाइन की व्यवस्था हम करवा देंगे और पूरी योजना में एक सप्ताह के अंदर नन्हीं देवरी पानी आ जाएगा।
ये भी पढ़ें- दिग्विजय सिंह गद्दार हैं के पोस्टर लगे, कांग्रेस ने विरोध कर की FIR की मांग, तो कल सड़क पर उतरेगी
महिलाओं ने रोके वाहन
देवरी निजाम गांव के बाद कॉलोनी पड़ती है, जहां लगभग 24 परिवार रहते हैं। उन्होंने अधिकारियों के वाहन आते देखे तो महिलाओं ने उनको मुख्य मार्ग पर रोक लिया और कालोनी में पानी न होने की बात कही। तेंदुखेड़ा एसडीएम ने महिलाओं और ग्रामीणों से चर्चा की। उसी दौरान जल निगम के प्रबंधक ने कहा निजाम देवरी से पाइप डालकर कालोनी और नन्हीं देवरी में पानी पहुंचाया जा सकता है। यह सुनकर गांव के लोगों ने भी अधिकारियों से सहयोग की बात कही।
ये बोले अधिकारी
गांव के लोगों के सामने दो बड़ी समस्या है मार्ग और पानी। मार्ग को लेकर तेंदूखेड़ा जनपद सीईओ मनीष बागरी ने बताया कि मार्ग प्रधानमंत्री सड़क योजना में जुड़ गया है समय लगेगा। सड़क और पुल का निर्माण प्रधानमंत्री प्राधिकरण विभाग द्वारा होगा। वहीं तेंदुखेड़ा एसडीएम सौरभ गंधर्व ने कहा कि देवरी निजाम से कालोनी और नन्हीं देवरी तक पानी पहुंचाने में एक सप्ताह लग जाएगा। एक सप्ताह बाद कॉलोनी और नन्हीं देवरी में सतधरू योजना का पानी पाइपों के माध्यम से तत्कालीन समस्याएं को देखते हुए भेजा जाएगा।