दमोह जिले में हो रही लगातार बारिश को देख कलेक्टर ने गुरुवार को सभी स्कूल-कॉलेज की छुट्टियां कर दी हैं। ब्यारमा नदी से तेंदूखेड़ा ब्लॉक में आई बाढ़ से जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हो गया है। यहां करीब आधा दर्जन गांवों के लोगों के पास पेट भरने के लिए खाद्य सामग्री भी नहीं बची है। कलेक्टर सुधीर कुमार कोचर ने बुधवार को बाढ़ प्रभावित गांव का निरीक्षण किया। इसके बाद उन्होंने लोगों से मदद की अपील की और कहा कि बाढ़ से कई गांव प्रभावित हो गए हैं। लोगों के पास खाने-पीने और सोने के लिए भी कोई सामग्री नहीं बची है। इसलिए आमजन इस मुसीबत की घड़ी में इन लोगों की मदद जरूर करें।
बता दें कि ब्यारमा नदी में आई बाढ़ के कारण तेंदूखेड़ा ब्लॉक के करीब 18 गांव पानी से घिर गए थे। इसके अलावा हटा, पटेरा से भी यह नदी होकर गुजरती है। यहां भी कई लोग प्रभावित हैं, लेकिन सबसे ज्यादा नुकसान तेंदूखेड़ा क्षेत्र में ही हुआ है। यहां प्रशासन ने करीब 300 लोगों का रेस्क्यू ऑपरेशन कर उन्हें सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया है। वहीं, बुधवार को तीन गर्भवती महिलाओं का रेस्क्यू कर उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया।
ये गांव हुए प्रभावित
तेंदूखेड़ा के सबसे ज्यादा प्रभावित गांव जहां सामग्री की जरूरत है, उनमें सर्रा, खमतरा, झमरा, तारादेही, कोसमदा, बिसनाखेड़ी, बब्बटोला, पिपरा, भैसा गांव शामिल हैं।
ये भी पढ़ें:
'साईं बाबा की मूर्ति कुएं में डाल दो,फोटो जला दो': महामंडलेश्वर बोले- हम फकीर की पूजा क्यों करें?
जरूरत की सामग्री
ग्रामीणों के घर में रखा पूरा अनाज और गृहस्थी का सामान पानी में खराब हो गया है। इसलिए प्रशासन ने कहा है कि जो लोग मदद करना चाहते हैं, वे गेहूं या आटा, चावल, शक्कर, तेल, मसाले, पहनने के कपड़े, चादर/रजाई, पढ़ाई की किताबें, नमक, शुद्ध पीने का पानी दे सकते हैं।
ये भी पढ़ें:
'मैं जा रही हूं', जिस पर लगाए उत्पीड़न के आरोप, वो HC का जज बना तो महिला जज ने दिया इस्तीफा; भावुक कर देगा
लोग कठिन स्थिति से गुजर रहे
कलेक्टर सुधीर कोचर ने कहा कि मैंने तेंदूखेड़ा क्षेत्र के अनेक गांवों का दौरा किया। वाकई बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों के लोग बहुत कठिन स्थिति से गुजर रहे हैं। उनके घर में रखा सारा अनाज गीला हो गया है और उससे बदबू भी आने लगी है। अनेक परिवारों का सारा सामान और कपड़े गीले हो गए हैं। कुछ ने तो यहाँ तक बताया कि बच्चों ने दिन भर से गीले कपड़े इसीलिए पहन रखे हैं क्योंकि घर में और कोई कपड़ा ही नहीं बचा है। इसलिए लोगों के सहयोग की आवश्यकता है। मुझे पूरा विश्वास है कि दमोह के हमारे संकट के साथी इस संकट में भी जनता का साथ निभाएंगे। जो भी सामाजिक संगठन तेंदूखेड़ा में बाढ़ प्रभावित क्षेत्र के लिए सामग्री देना चाहते हैं, वे सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक जनसुनवाई सभाकक्ष, कलेक्ट्रेट दमोह में सामग्री प्रदान कर सकते हैं।