शहर में आवारा सूअरों के आतंक को लेकर मिली शिकायत के बाद नगर पालिका द्वारा की जा रही कार्रवाई के दौरान बुधवार को विवाद खड़ा हो गया। श्रीधाम कॉलोनी और मंगल होम्स क्षेत्र में सूअर पकड़ने पहुंची नगर पालिका की टीम पर सूअर पालकों ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया। इस दौरान टीम के दो युवकों के घायल होने की बात सामने आई है। हमलावरों ने वाहनों में भी तोड़फोड़ की और पकड़े गए सूअरों को छुड़ाकर ले गए। घटना के दौरान मौके पर पुलिस बल मौजूद था, बावजूद इसके पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं।
नगर पालिका ने शहर में आवारा सूअरों की बढ़ती समस्या को देखते हुए इंदौर से सूअर पकड़ने वाली टीम को बुलाया था। टीम पुलिस बल के साथ श्रीधाम कॉलोनी और मंगल होम्स क्षेत्र में कार्रवाई कर रही थी। बताया जा रहा है कि कुछ सूअर पालकों ने कार्रवाई का विरोध करते हुए टीम के सदस्यों से विवाद शुरू कर दिया। देखते ही देखते कुछ लोगों ने लाठी-डंडों और पत्थरों से हमला कर दिया। जिस वाहन में सूअर रखे गए थे, उस पर भी पत्थर बरसाए गए, जिससे वाहन क्षतिग्रस्त हो गया।
प्रारंभिक विवाद के दौरान पुलिस ने हस्तक्षेप कर कुछ लोगों को मौके से हटाया। इसी बीच कुछ महिलाएं हाथों में लाठियां लेकर मौके पर पहुंच गईं और सूअर पकड़ने वाली टीम का विरोध करते हुए हमला कर दिया। महिलाओं ने पिकअप वाहन का ताला तोड़ दिया और उसमें रखे सूअरों को बाहर निकालकर भगा दिया। हंगामे के चलते कॉलोनी में बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए और कुछ समय के लिए मौके पर जाम जैसी स्थिति बन गई।
ये भी पढ़ें: Guna News: नियुक्ति के नाम पर वसूली भारी पड़ी, राघौगढ़ के परियोजना अधिकारी संतोष अलावा निलंबित
इंदौर से टीम के साथ आए राहुल घावरें ने बताया कि नगर पालिका के ठेके के तहत टीम सूअर पकड़ने का काम कर रही थी। इसी दौरान करीब 20 महिला-पुरुष लाठी और पत्थर लेकर पहुंचे और टीम पर हमला कर दिया। राहुल के अनुसार हमले में उन्हें चोट आई है। उनका कहना था कि सूअर पालक सूअर नहीं पकड़ने देने की बात कह रहे थे, जबकि नगर पालिका की ओर से कार्रवाई पूरी करने के निर्देश थे।
घटना के दौरान पुलिस की मौजूदगी के बावजूद महिलाओं के विरोध और हंगामे को लेकर सवाल उठे। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों द्वारा महिला पुलिस बल बुलाने की मांग किए जाने की बात भी सामने आई लेकिन काफी देर तक महिला पुलिस मौके पर नहीं पहुंची। इस बीच महिलाएं सूअर छुड़ाकर वहां से चली गईं।
घटना के बाद नगर पालिका और इंदौर से आई टीम कोतवाली थाने पहुंची और मामले की शिकायत दर्ज कराई। एसडीओपी शालिनी परस्ते ने बताया कि सुबह से नगर पालिका की टीम द्वारा आवारा सूअरों को पकड़ने की कार्रवाई की जा रही थी। श्रीधाम कॉलोनी के पास कुछ लोगों ने टीम पर हमला किया और कुछ वाहनों में तोड़फोड़ की। नगर पालिका की ओर से शिकायत प्राप्त हुई है। शिकायत के आधार पर मामले में नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।