मध्यप्रदेश के खंडवा जिले की मांधाता थाना पुलिस ने चोरी के अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए कुल 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किया गया 1 लाख रुपये से अधिक का माल और नकदी भी बरामद की है। अंतरराज्यीय संगठित गिरोह के इन चोरों में से कुछ इतने शातिर हैं कि उनके खिलाफ पहले ही अलग-अलग राज्यों में अपराध दर्ज पाए गए हैं। यह शातिर चोर तीर्थनगरी ओंकारेश्वर में श्रद्धालुओं के नर्मदा घाटों पर स्नान के दौरान या भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में चोरी की वारदातों को अंजाम देकर फरार हो जाते थे। शिकायतें मिलने के बाद पुलिस ने दो अलग-अलग चोरी के मामलों में कार्रवाई करते हुए कुल 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
नर्मदा स्नान के दौरान परिवार का सामान चोरी
ओंकारेश्वर में रविवार को एक परिवार दर्शन और नर्मदा स्नान के लिए आया था। इस दौरान सुबह करीब 7 बजे परिवार ने ब्रह्मपुरी घाट पर स्नान के दौरान अपने कपड़े और सामान उतारकर रखा था। लेकिन स्नान के बाद लौटने पर प्लास्टिक की पन्नी में रखा सामान, 49 हजार रुपये नकद सहित डेढ़ वर्षीय बच्ची के हाथ में पहना सोने का ब्रेसलेट गायब मिला। पुलिस ने जब इस मामले की तफ्तीश शुरू की तो देर रात जानकारी मिली कि घाटों और बाजारों में चोरी करने वाले गिरोह के कुछ सदस्य नए बस स्टैंड स्थित शौचालय के पास खड़े हैं। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर छह लोगों को पकड़ा। उनसे पूछताछ के बाद चार अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया गया।
उज्जैन और महाराष्ट्र के रहने वाले हैं आरोपी
पकड़े गए छह आरोपी उज्जैन के रहने वाले हैं, जबकि अन्य चार महाराष्ट्र के निवासी हैं। इनमें दो महिलाएं भी शामिल हैं। आरोपियों ने चोरी की वारदात स्वीकार की। पुलिस ने उनके कब्जे से 39 हजार रुपये नकद और सोने के मोतियों वाले दो ब्रेसलेट समेत कुल करीब 90 हजार रुपये का सामान बरामद किया है। गिरफ्तार आरोपियों में चंदू, उसका पुत्र शक्ति, पत्नी दुर्गाबाई, अशोक, सीनू, अमर, मुरली, विजय, शिवकुमार और लक्ष्मीबाई शामिल हैं। पुलिस ने इनमें से चार आरोपियों के कब्जे से पूर्व में एक अन्य श्रद्धालु जनार्दन के साथ इसी तरह स्नान के बाद हुई चोरी के मामले का करीब 12 हजार रुपये का सामान भी बरामद किया है।
ये पढ़ें-
भोपाल में पुलिस को ही अगवा कर ले गए बदमाश: हाथ-पैर बांधकर रातभर पीटा, खबर दबाने के लिए अधिकारियों ने दी कसम
कई राज्यों में दर्ज हैं चोरी के मामले
जांच में आरोपी अमर के खिलाफ लखनऊ में चोरी के तीन अपराध दर्ज होना पाया गया है। वहीं, मुरली, चंदू और शक्ति के खिलाफ दमन और दीव में चोरी का एक-एक अपराध दर्ज होना सामने आया है। सभी आरोपियों को न्यायालय पुनासा में पेश किया गया, जहां से उन्हें जिला जेल खंडवा भेज दिया गया।