मध्यप्रदेश के खरगोन जिले के मंडलेश्वर स्थित उत्कृष्ट जनजातीय छात्रावास का एक वीडियो गुरुवार को जमकर सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिसमें हॉस्टल के कई छात्र मुर्गा बने हुए हैं, और उन्हें होस्टल अधीक्षक कड़वा सांवले चप्पलनुमा किसी चीज से मारते और डांटते हुए दिखाई दे रहे हैं। बताया जा रहा है कि यह वीडियो कई महीने पुराना है, हालांकि अधीक्षक सांवले अब भी वहीं पदस्थ थे। इधर, मामला सामने आते ही बच्चों को मुर्गा बनाकर मारपीट करने वाले इस हॉस्टल अधीक्षक को जनजातीय विभाग के सहायक आयुक्त ने निलंबित कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि हॉस्टल अधीक्षक कड़वा सांवले छात्रों के साथ मारपीट कर रहे हैं। यह वीडियो रात के समय का बना हुआ दिखाई दे रहा है, जिसमें हॉस्टल के बाहर कई छात्र लाइन में मुर्गा बने हुए हैं, जिन्हें किसी चप्पलनुमा चीज से होस्टल अधीक्षक सांवले पीठ पर मारते हुए दिखाई दे रहे हैं। वहीं, इस वीडियो में रिकॉर्ड हुई बातचीत से यह समझा जा सकता है कि छात्रों ने अपने कमरों के सामान और बिस्तर को ठीक से नहीं रखा था, जिसके कारण हॉस्टल अधीक्षक ने छात्रों को इस तरह की सजा दे रहे हैं।
छात्रों ने बताया कि अधीक्षक नशे में थे
इस पूरे मामले की जांच के लिए गुरुवार को हॉस्टल पहुंचे महात्मा गांधी बालक हायर सेकंडरी स्कूल के प्राचार्य जितेंद्र सोनी ने बताया कि वायरल हो रहा यह वीडियो करीब 1.11 मिनट का है, जो मार्च-अप्रैल 2023 का है। इसमें हॉस्टल के विद्यार्थियों की किसी शरारत के चलते छात्रावास अधीक्षक सांवले उन्हें मुर्गा बनाकर पीटते हुए दिखाई दे रहे हैं। इस मामले में विद्यार्थियों के भी बयान लिए गए, जिसमें उन्होंने बताया कि पिटाई के दौरान छात्रावास अधीक्षक शराब के नशे में थे और उस दौरान उन्होंने अपशब्द भी कहे थे। डेढ़ वर्ष पुराने इस वीडियो के अब इतने समय बाद वायरल होने के पीछे छात्रावास अधीक्षक सांवले की अपने किसी अधीनस्थ के साथ हुई खींचतान की बात भी सामने आई है।
निलंबित कर जांच की जा रही है
जनजातीय कार्य विभाग सहायक संचालक खरगोन के एबी गुप्ता ने बताया कि कल एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था, जो मंडलेश्वर बॉयज हॉस्टल का था और हॉस्टल अधीक्षक कड़वा सांवले से जुड़ा हुआ था, जिसका विभाग ने संज्ञान लिया है। इस मामले में हॉस्टल अधीक्षक कड़वा सांवले को तुरंत निलंबित कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि यह छात्रावास जनजातीय कार्य विभाग के अंतर्गत संचालित है, और जो वीडियो इस समय भी वायरल हो रहा है, उसी के तहत यह कार्रवाई की गई है।
सहायक संचालक गुप्ता के अनुसार, इस मामले में कड़वा सांवले के विरुद्ध विभागीय जांच भी जारी है। निलंबन अवधि में उनका मुख्यालय बीईओ कार्यालय सेगांव किया गया है। वहीं, मंडलेश्वर बीईओ बसंत वर्मा ने बताया कि इस मामले में महात्मा गांधी बालक हायर सेकंडरी स्कूल के प्राचार्य जितेंद्र सोनी को जांच कर प्रतिवेदन सौंपने के निर्देश दिए गए हैं।
सहायक संचालक ने मारपीट करने वाले हॉस्टल अधीक्षक को किया निलंबित- फोटो : credit