मध्यप्रदेश के खरगोन जिले के बड़वाह के ग्राम सुलगान में शराब माफियाओं को पकड़ने गए डिप्टी रेंजर पर हमला करने का बड़ा मामला सामने आया है। दरअसल यहां वन विभाग की टीम ने गुरुवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए सागौन की वन उपज एवं अवैध कच्ची शराब के साथ 4 गाड़ियां भी जब्त की हैं। इस कार्यवाही के दौरान शराब माफ़िया ने डिप्टी रेंजर अरविंद सिंह सेंगर पर हमला करने का प्रयास किया।
जानकारी के अनुसार आरोपी अवैध कटाई की हुई सागौन की लकड़ी के बीच, मोटरसाइकिल से अवैध शराब का भी परिवहन करके ले जा रहा था। इन दौरान वहां मौजूद वनकर्मी ने जब इसे देखा तो तुरंत ही आरोपी की बाइक के पीछे वन अमले की टीम ने अपना वाहन दौड़ा कर पीछा करना शुरू कर दिया। इस दौरान अज्ञात आरोपी ने डिप्टी रेंजर अरविंद सेंगर के पैर पर बाइक चढ़ा दी। हालांकि इस घटना में आरोपी की बाइक का संतुलन बिगड़ गया और उसकी बाइक असंतुलित होकर गिर गई। इसमें आरोपी मौका पाकर जंगलो की ओर भाग गया। वहीं वन विभाग की टीम ने बाइक के पास पहुंचकर तलाशी ली, तो उसे सागौन की लकड़ी के बीच प्लास्टिक के बोरे में छुपी पॉलीथिन में शराब भरी हुई मिली। इसे जब्त किया गया और टीम आरोपी को ढूंढने का प्रयास करते हुए जंगलों में उसकी तलाश में जुट गई। इधर घायल हुए वनकर्मी डिप्टी रेंजर को बड़वाह के शासकीय अस्पताल ले जाया गया, जहां उनके सीधे पैर में लगी चोट का उपचार जारी है।
मामले में बड़वाह वन मंडल के रेंजर धर्मेन्द्र राठौर ने बताया कि वन अमले का दल गठित कर रात्रि गश्त किया जा रहा था। इस दौरान तीन मोटरसाइकिलों को कक्ष क्रमांक 251 की ओर से आते देखकर नाकाबंदी कर रोका गया था। इसमें 4 व्यक्ति अंधेरे का फायदा उठाकर भाग गए। हालांकि एख व्यक्ति को मौके पर ही पकड़ लिया गया, जिसने अपना नाम सुनिल पिता गोरेलाल उम्र 21 साल निवासी टिटवापलास्या बताया है। पकड़े गये व्यक्ति ने उनके साथ वाले व्यक्तियों के नाम मुकेश पिता वेरसिंग, अजय पिता नरसिंग, सोहन और दिलीप सभी निवासी रावत पलास्या बताया है। मौके से दो पहिया वाहन एवं इमारती लकड़ी को जब्त कर वन अपराध प्रकरण दर्ज कर लिया गया है।