देश के सुप्रसिद्ध हरफनमौला कलाकार किशोर कुमार की पुण्यतिथि पर दिए जाने वाले राष्ट्रीय किशोर कुमार अलंकरण को लेकर मध्यप्रदेश के खंडवा में तैयारियां की जा रही हैं। आगामी 13 और 14 अक्तूबर को खंडवा मिनी रूपहली नगरी के रूप में दिखाई देगा। यहां राष्ट्रीय स्तर के इस समारोह में सिनेमा जगत की कई हस्तियां जुटेंगी।
बता दें कि इस बार किशोर सम्मान प्रख्यात गीत लेखक प्रसून जोशी को दिया जा रहा है। वहीं, हेमंत कुमार आर्केस्ट्रा टीम भी खंडवा आ रही है। इसके साथ ही कुछ बड़े चेहरे भी खंडवा में किशोर कुमार की समाधि पर पुष्पांजलि अर्पित करेंगे। खंडवा वैसे तो मध्य तबके का शहर है, लेकिन बीते कई दशकों से इसकी ख्याती हर विधा में है। आजादी का आंदोलन अखबारों का निकलना, फिल्म इंडस्ट्री को अशोक कुमार जैसा पहला सुपरस्टार खंडवा से निकलना, राजनीति में मुख्यमंत्री जैसे ओहदे पर खंडवा से किसी व्यक्तित्व का पहुंचना। यह सब कुछ आसान नहीं है। इसका मुख्य श्रेय खंडवा से सीधी मुंबई और दिल्ली जैसी रेल लाइन को जाता है।
ये भी पढ़ें-
श्रीसन मेडिकल्स के मालिक एस रंगनाथन गिरफ्तार, अदालत में पेशी के बाद छिंदवाड़ा लाएगी पुलिस
बता दें कि किशोर सम्मान अलग-अलग विधाओं में श्रेष्ठ हस्तियों को दिया जाएगा। इसके लिए दीर्घ साधना और उपलब्धियों के आधार पर निर्देशक, अभिनेता, पट कथाकार और गीत लेखक का चयन क्रमश: किया जाता है। इस मौके पर संगीत निशा का आयोजन भी होता है। इसी के चलते प्रदेश के संस्कृति विभाग द्वारा जिला प्रशासन, खंडवा के सहयोग से दो दिवसीय राष्ट्रीय किशोर कुमार सम्मान का आयोजन 13-14 अक्तूबर को पुलिस ग्राउंड, खंडवा में किया जाएगा। दोनों दिनों की प्रस्तुतियां शाम 7 बजे से संयोजित की जाएंगी।
संचालक, संस्कृति एन.पी. नामदेव ने बताया कि पहले दिन 13 अक्तूबर को स्थानीय किशोर गायकों द्वारा सुगम संगीत की प्रस्तुतियां होंगी। इसी दिन इंदौर के अनिल शर्मा एवं बैंड श्रोताओं के लिए किशोर कुमार के यादगार नगमे पेश करेंगे। आयोजन के मुख्य समारोह 14 अक्टूबर को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव पहुंचेंगे। मुख्यमंत्री वर्ष-2024 के राष्ट्रीय किशोर कुमार सम्मान (गीत लेखन) से मुंबई के सुविख्यात गीतकार प्रसून जोशी को विभूषित करेंगे। इस दौरान मुंबई के हेमंत कुमार म्यूजिकल ग्रुप द्वारा किशोर कुमार के सदाबहार गीतों की प्रस्तुतियां दी जाएंगी। समारोह में संगीत के साधक एवं कलाप्रेमी श्रोताओं का प्रवेश नि:शुल्क रहेगा।
ये हस्तियां नवाजी गईं अब तक
- हृषिकेश मुखर्जी
- नसीरुद्दीन शाह
- गुलज़ार
- कैफी आज़मी
- बी.आर. चोपड़ा
- अमिताभ बच्चन
- गोविन्द निहलानी
- जावेद अख्तर
- श्याम बेनेगल
- शत्रुघ्न सिन्हा
- मनोज कुमार
- गुलशन बावरा
- यश चोपड़ा
- देव आनंद ,मुम्बई - अभिनय 2010-11
- सलीम खाँन, मुम्बई - पटकथा लेखन
- समीर, मुम्बई - गीतलेखन
- सई परांजपे, मुम्बई - निर्देशन
- दिलीप कुमार, मुम्बई - अभिनय
- राष्ट्रीय किशोर कुमार सम्मान वर्ष 2015 एवं 2016 क्रमश: पटकथा लेखन के लिए रूमी जाफरी तथा गीत लेखन के लिए योगेश को प्रदान किया गया था।
- 2019 के लिए पटकथाकार अशोक मिश्रा मुंबई, 2020 के लिए गीत लेखक अमिताभ भट्टाचार्य।
- 2021 के लिए निर्देशक विवेक रंजन अग्निहोत्री मुंबई को किशोर कुमार अलंकरण सम्मान से सम्मानित किया गया था।
- 2022 के लिए राष्ट्रीय किशोर कुमार सम्मान प्रसिद्ध अभिनेता धर्मेंद्र को दिया गया था।
- 2023 का किशोर सम्मान फिल्म निर्माता राजकुमार राजू हीरानी को दिया।